2027 कावासाकी निंजा H2 का आधिकारिक डेब्यू: 209 HP पावर-ब्रेम्बो हाइप्योर ब्रेक्स के साथ हुई वापसी, क्या बदला?
कावासाकी ने आखिरकार अपनी नई फ्लैगशिप बाइक 2027 कावासाकी निंजा एच2 को आधिकारिक तौर पर पेश कर दिया है। यूरो 5 प्लसे उत्सर्जन मानकों को पूरा करने के लिए इसके 998cc सुपरचार्ज्ड इंजन में भारी बदलाव किए गए हैं। आइए जानते हैं इस बाइक के बारे में विस्तार से...
विस्तार
कावासाकी ने अपनी मशहूर बाइक निंजा एच2 के 2027 मॉडल से पर्दा उठा दिया है। कंपनी ने इसे आधिकारिक तौर पर यूके में पेश किया है। सितंबर भर चले टीजर कैंपेन के बाद बाइक का नया मॉडल सामने आया है।
नई निंजा एच2 में कंपनी ने इंजन से लेकर ब्रेकिंग और इंस्ट्रूमेंटेशन तक कई बदलाव किए हैं। हालांकि इसकी पीक पावर पुराने मॉडल के मुकाबले कम हो गई है। नई बाइक 209 हॉर्सपावर पैदा करती है, जबकि पिछली एच2की पावर 228 हॉर्सपावर थी।
पावर में यह कमी यूरोपीय बाजार के यूरो 5 प्लस उत्सर्जन नियमों के अनुरूप बाइक को दोबारा यूरोप में बिक्री के लिए लाने की दिशा में अहम बदलाव है। निंता एच2 साल 2020 में इन उत्सर्जन नियमों के कारण यूके के बाजार से हट गई थी।
क्या हुए बड़े बदलाव?
- 2027 निंजा H2 में वही 998cc सुपरचार्ज्ड इनलाइन-फोर इंजन दिया गया है, लेकिन इसके अंदर काफी बदलाव किए गए हैं। कावासाकी ने इसमें रिडिजाइन्ड इम्पेलर, नया इनटेक सिस्टम, नए पिस्टन, नया सिलेंडर हेड, नया क्रैंकशाफ्ट और नए कैमशाफ्ट दिए हैं।
- इन बदलावों का असर सिर्फ पीक पावर पर नहीं बल्कि इंजन के टॉर्क डिलीवरी पर भी पड़ा है। कंपनी का कहना है कि नई बाइक में पीक पावर कम होने के बावजूद लो-टू-मिड-रेंज टॉर्क को मजबूत किया गया है। नई निंजा एच2 का आउटपुट 209 हॉर्सपावर और 135 न्यूटन-मीटर है।
पुरानी एच2 से कितनी अलग पावर?
- पिछली निंजा एच2 में 228 हॉर्सपावर मिलती थी। नई बाइक में यह आंकड़ा घटकर 209 हॉर्सपावर रह गया है। यानी नई एच2 करीब 19 हॉर्सपावर कम है। हालांकि कावासाकी का फोकस केवल पीक पावर पर नहीं है। कंपनी ने इंजन को इस तरह अपडेट किया है कि रोजमर्रा और कम से मध्यम आरपीएम रेंज में टॉर्क डिलीवरी बेहतर हो।
- पहले ऐसी अटकलें थीं कि नई निंजा एच2 में जेड एच2 वाला करीब 197 हॉर्सपावर का इंजन इस्तेमाल किया जा सकता है। ऐसे में 209 हॉर्सपावर का आंकड़ा Z H2 और पुराने एच2 के बीच बैठता है।
अन्य बदलाव क्या हैं?
- नई एच2 में एग्जॉस्ट सिस्टम में भी बदलाव हुआ है। पुराने मॉडल का ट्विन-एग्जिट एग्जॉस्ट अब नहीं दिया गया है। इसकी जगह H2 SX और Z H2 के साथ साझा किया गया सिंगल-एग्जिट एग्जॉस्ट यूनिट लगाया गया है।
- यह बदलाव इस बात की ओर भी इशारा करता है कि कावासाकी अपने सुपरचार्ज्ड मॉडल्स में प्रोडक्शन को कुछ हद तक सरल कर रही है, बजाय इसके कि Ninja H2 को मैकेनिकल तौर पर पूरी तरह अलग रखा जाए।
ब्रेम्बो हाइप्योर ब्रेक्स से हुआ अपग्रेड
- निंजा एच2 के ब्रेकिंग सिस्टम में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब इसमें आगे की तरफ ब्रेम्बो हाइप्योर फोर-पिस्टन कैलिपर्स दिए गए हैं। ये पुराने मॉडल में इस्तेमाल होने वाले ब्रेम्बो स्टाइलमा कैलिपर्स की जगह लेते हैं।
- बाइक का कर्ब वेट 238 किलोग्राम ही रखा गया है। यानी इतने बदलावों के बावजूद वजन के मामले में नई H2 और पुराने मॉडल के बीच कोई बदलाव नहीं हुआ है।
नया इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और राइडर एड्स
2027 निंजा एच2 में इंस्ट्रूमेंटेशन को भी अपडेट किया गया है। नया इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दो सलेक्टेबल डिस्प्ले लेआउट ऑफर करता है। यह कावासाकी की रेडियोलॉजी एप से भी कनेक्ट हो सकता है। राइडर की मदद के लिए बाइक में कई इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम दिए गए हैं, जिनमें लॉन्च कंट्रोल, कॉर्नरिंग मैनेजमेंट,कावासाकी कशिफ्टर, ओहलिन्स इलेक्ट्रॉनिक स्टीयरिंग डैम्पर शामिल हैं।
H2 के साथ H2R और नया H2 Carbon भी
बात दें कि कावासाकी ने सिर्फ स्टैंडर्ड निंजा H2 को ही वापस नहीं लाया है। कंपनी ट्रैक-ओनली निंजा H2R को भी वापस ला रही है। इसके अलावा नया निंजा H2 कार्बन वेरिएंट भी पेश किया गया है। इसमें खास तौर पर कार्बन-फाइबर अपर काउलिंग दी गई है, जो इसे स्टैंडर्ड H2 से अलग बनाती है।
कितनी है कीमत?
फिलहाल 2027 निंजा H2 की कीमत की जानकारी यूके बाजार के लिए सामने आई है। वहां पर निंजा H2 की कीमत 28,600 यूरो, करीब 31.48 लाख रुपये और निंजा H2 कार्बन 31,350 यूरो, करीब 34.51 लाख रुपये है। मौजूदा एक्सचेंज रेट के हिसाब से इनकी कीमत भारतीय मुद्रा में करीब 37-40 लाख रुपये के आसपास बैठती है। ध्यान रहे कि ये सीधे भारत की एक्स-शोरूम कीमतें नहीं हैं। भारत में आयात, टैक्स और अन्य शुल्क लागू होने पर कीमत अलग हो सकती है।
क्या भारत आएगी नई निंजा एच2?
- निंजा एच2 भारत में पिछले कुछ समय से बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं है। फिलहाल कावासाकी ने अपडेटेड 2027 निंजा एच2 को भारत में लॉन्च करने या लाने को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
- इसलिए अभी यह कहना संभव नहीं है कि नई एच2 भारतीय बाजार में आएगी या नहीं। यूरोप में इसकी बिक्री शुरू होने के बाद कावासाकी के अगले कदम पर नजर रहेगी।
- फिलहाल 2027 निंजा H2 का सबसे बड़ा बदलाव यही है कि कंपनी ने इसकी पीक पावर कम करने के बावजूद इंजन की लो-टू-मिड-रेंज टॉर्क डिलीवरी, ब्रेकिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स को अपडेट किया है। अब यह देखना होगा कि यूरोपीय बाजार में वापसी के बाद यह सुपरचार्ज्ड फ्लैगशिप बाइक कैसी प्रतिक्रिया हासिल करती है।