आकिब नबी का कहर!: ओपनिंग स्पेल में कीवियों को दिए तीन झटके; फैंस ने पडिक्कल का नाम 'देवदत्त अश्विन' क्यों रखा?
आकिब नबी ने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले अनाधिकारिक टेस्ट के आखिरी दिन शुरुआती स्पेल में तीन विकेट लेकर मेजबान टीम को झकझोर दिया। देवदत्त पडिक्कल ने 199 रन बनाने के बाद गेंद से भी दो विकेट लिए और सोशल मीडिया पर 'देवदत्त अश्विन' के नाम से चर्चा में आए। खराब रोशनी के कारण न्यूजीलैंड ए की पारी 187/9 पर रुक गई और मुकाबला ड्रॉ रहा।
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले अनाधिकारिक टेस्ट के आखिरी दिन अपनी गेंदबाजी से कहर बरपाया। उन्होंने शुरुआती स्पेल में तीन विकेट लेकर मेजबान टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। हालांकि, ध्रुव जुरेल की कप्तानी वाली भारत ए टीम जीत से चूक गई और खराब रोशनी के कारण मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। इस बीच, दूसरी पारी में 199 रन बनाने वाले देवदत्त पडिक्कल ने गेंद से भी कमाल दिखाया। उन्होंने दो विकेट लिए, जिसके बाद सोशल मीडिया पर एक फैन ने उन्हें 'देवदत्त अश्विन' कह दिया।
भारत ए ने पहली पारी में महज 113 रन बनाए थे, लेकिन टीम ने शानदार वापसी करते हुए न्यूजीलैंड ए के सामने 313 रन का लक्ष्य रखा। आखिरी दिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान टीम को आकिब नबी ने शुरुआती ओवरों में ही बैकफुट पर धकेल दिया। नबी ने कप्तान रीस मारियू और मैथ्यू बॉयल को बोल्ड किया, जबकि टिम रॉबिन्सन को शून्य पर एलबीडब्ल्यू आउट किया। पांचवें ओवर तक न्यूजीलैंड ए का स्कोर तीन विकेट पर 13 रन हो गया था। नबी ने गेंद से पहले बल्लेबाजी में भी योगदान दिया था और 38 रन बनाए थे।
Auqib nabi destroys the nzA's top order in his opening spell 🔥.... Although he is not in the test squad 🤦 #INDAVSNZA https://t.co/MgshY4Y2ki
— Vaibhav Dhakad (@Vaibhavdhakad18) October 26, 2026
Auqib Nabi is bowling really well in NZ. I feel his name will be added to main squad soon. https://t.co/mCjA8BUccH
— Harshit (@I_am_Harshit_17) October 26, 2026
भारत ए के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल तीसरे दिन दोहरे शतक के करीब पहुंचकर 199 रन पर आउट हो गए थे। उन्होंने 248 गेंदों में 24 चौके और तीन छक्के लगाए। हालांकि, उनका प्रदर्शन यहीं नहीं रुका। पडिक्कल ने गेंदबाजी करते हुए फ्रेजर शीट और जैक गिब्सन को आउट किया। उन्होंने पांच ओवर में 11 रन देकर दो विकेट लिए। पडिक्कल के इस ऑलराउंड प्रदर्शन ने सोशल मीडिया पर भी ध्यान खींचा। एक फैन ने उनकी तारीफ करते हुए लिखा, 'दुनिया अभी देवदत्त अश्विन के लिए तैयार नहीं है।' बल्लेबाजी के साथ गेंद से योगदान देने के कारण उन्हें यह मजेदार नाम दिया गया।
World is not ready for devdutt Ashwin 😭😭 https://t.co/fIB3qWtTLR
— Santoshvk18 (@269signofff) October 27, 2026
शुरुआती झटकों के बाद कर्टिस हीफी और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने चौथे विकेट के लिए 78 रन की साझेदारी कर न्यूजीलैंड ए की पारी को संभालने की कोशिश की। फॉक्सक्रॉफ्ट ने 67 गेंदों में 42 रन बनाए। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी ने इस साझेदारी को तोड़कर भारत को जरूरी सफलता दिलाई।
हीफी अंत तक डटे रहे और 187 गेंदों में 12 चौकों की मदद से नाबाद 90 रन बनाए। भारत ए ने न्यूजीलैंड ए को 170 रन पर नौ विकेट तक पहुंचा दिया था, लेकिन आखिरी विकेट नहीं निकाल सका। हीफी और आखिरी बल्लेबाज जेडन लेनॉक्स ने करीब 10 ओवर तक भारतीय गेंदबाजों को सफलता से दूर रखा। इसके बाद 65वें ओवर के अंत में खराब रोशनी के कारण खेल रोक दिया गया। उस समय न्यूजीलैंड ए का स्कोर 187 रन पर नौ विकेट था और भारत को जीत के लिए सिर्फ एक विकेट चाहिए था।
मुकाबले में भारत ए की शुरुआत बेहद खराब रही थी। टीम पहली पारी में 113 रन पर सिमट गई थी। न्यूजीलैंड ए ने जवाब में 317 रन बनाकर 204 रन की बढ़त हासिल की। इसके बाद भारत ए ने दूसरी पारी में 516 रन बनाकर मैच का रुख बदल दिया और मेजबान टीम के सामने 313 रन का लक्ष्य रखा।
दूसरी पारी में पडिक्कल के 199 रन के अलावा साई सुदर्शन ने 91 और यश राठौड़ ने 66 रन बनाए। वॉशिंगटन सुंदर ने भी 52 रन का योगदान दिया। सुंदर ने चौथे दिन अपने पिछले दिन के स्कोर में सिर्फ एक रन जोड़ा और 52 रन पर आउट हुए। वहीं, आकाश दीप ने 17 गेंदों में नाबाद 25 रन बनाए, जिसमें तीन छक्के और एक चौका शामिल था।
अब दूसरे मुकाबले पर नजरें
भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच तीन मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार से क्राइस्टचर्च के हेग्ले ओवल में खेला जाएगा। पहले मैच में जीत के बेहद करीब पहुंचकर चूकने के बाद भारत ए की कोशिश अगले मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन करने की होगी।