उत्तराखंड: पुलिस में महिला आरक्षियों के पद 526 से बढ़कर होंगे 2000, मुख्यमंत्री धामी ने प्रस्ताव को दी मंजूरी
उत्तराखंड पुलिस में महिला आरक्षियों के लिए सेवा के अवसर बढ़ाने की दिशा में सरकार ने कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों की संख्या बढ़ाकर 2000 करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इससे मौजूदा संख्या में 1474 पदों की वृद्धि का रास्ता साफ होगा।
विस्तार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों की संख्या 526 से बढ़ाकर 2000 करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके तहत 1474 अतिरिक्त पदों को अन्य संवर्गों और शाखाओं के स्वीकृत पदों से समायोजित करने का प्रस्ताव है।
इस फैसले का उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों को सेवा में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और उनके लिए पदोन्नति का रास्ता तैयार करना है। सरकार के अनुसार, इस बदलाव से कुल स्वीकृत पदों की संख्या नहीं बढ़ेगी और न ही कोई अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा।
कार्मिक विभाग ने इस प्रस्ताव पर कुछ शर्तों के साथ सहमति दी है। इनमें वर्तमान में कार्यरत 1210 अधिसंख्य महिला आरक्षियों का समायोजन करना और उनके भविष्य में पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने के लिए उच्चतर पदों के पुनर्गठन का अलग प्रस्ताव देना शामिल है।
ये भी पढे़ं...रेखा आर्य: मंत्री का रोते हुए वीडियो वायरल होने के बाद समर्थन में उतरे ये एक्टर, पीएम मोदी से कार्रवाई की अपील
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। महिला पुलिसकर्मियों को बेहतर सेवा अवसर देने के साथ उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।