दिल्ली में चार मंजिला इमारत ढही: आठ लोगों को निकाला गया, पांच के दबे होने की आशंका, बचाव कार्य जारी
दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार को एक चार मंजिला इमारत गिर गई। यह हादसा सीमापुरी मछली बाजार में हुआ है। दिल्ली पुलिस, फायर सर्विस और सिविल डिफेंस की टीमें राहत और बचाव के कार्यों में जुटी हैं।
विस्तार
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार को चार मंजिला इमारत ढह गई, जिसके मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इमारत का मलबा आसपास के दो-तीन मकानों के कुछ हिस्सों पर भी गिरा है। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) को इमारत गिरने की सूचना दोपहर करीब साढ़े तीन बजे मिली, जिसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दिल्ली पुलिस, नगर निगम के अधिकारी और नागरिक सुरक्षा कर्मी भी घटनास्थल पर पहुंचे और तलाश एवं बचाव अभियान शुरू किया। एक तीन साल के बच्चे समेत सात घायलों को निकालकर अस्पताल भेजा गया है।
Delhi: A five-storey building collapsed in Seemapuri, with several people reportedly trapped under the debris. Ambulances have taken the injured to Rajiv Gandhi Hospital for treatment. https://t.co/16s9cVWkW1
— IANS (@ians_india) October 7, 2026विज्ञापन
शाहदरा के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि कुछ लोगों को बचाकर अस्पताल भेजा गया है, जबकि दो-तीन लोगों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका है। उन्होंने कहा, “यह 225 वर्ग फुट क्षेत्र में बनी चार मंजिला इमारत है। कुछ लोगों को बचाकर अस्पताल भेजा गया है, लेकिन हमें आशंका है कि दो-तीन लोग अभी भी मलबे में फंसे हैं। बचाव अभियान जारी है।”
एक स्थानीय निवासी ने बताया कि आसपास के लोगों ने चार-पांच लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जबकि बचाव कार्य जारी था। स्थानीय निवासी ने कहा, “पुलिस करीब आधे घंटे बाद आई। एक बच्चा अभी भी फंसा हुआ है और कुछ लोगों को स्थानीय लोगों ने निकालकर अस्पताल भेजा है। मैंने खुद सीपीआर दी। दो-तीन लोगों को अस्पताल भेजा गया है।”
स्थानीय लोगों ने दावा किया कि मंगलवार रात उत्तराखंड में आए भूकंप के कारण दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में महसूस किए गए झटकों के बाद इमारत में दरारें आ गई थीं। हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि इमारत गिरने का वास्तविक कारण जांच के बाद ही पता चलेगा।
दिल्ली यातायात पुलिस ने परामर्श जारी कर लोगों से सीमापुरी इलाके में जाने से बचने को कहा है। सीमापुरी गोल चक्कर, डीएलएफ भोपुरा और आसपास की सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ है।
पुलिस ने लोगों से घटनास्थल के पास रुकने, वाहन खड़े करने या भीड़ जमा करने से बचने की अपील की है। उसने कहा कि रास्ते खुले रखने से एंबुलेंस और बचाव वाहनों को तेजी से आने-जाने में मदद मिलेगी।