दिल्ली एसआईआर की ड्राफ्ट लिस्ट जारी: 47.7 लाख नाम बाहर, आपका नाम है या नहीं ऐसे करें चेक; 30 सितंबर तक मौका
दिल्ली में एसआईआर ड्राफ्ट रोल जारी हो गया है। करीब 47.7 लाख मतदाताओं के नाम इसमें नहीं दिखेंगे। अगर आपका नाम भी सूची में नहीं है तो 30 सितंबर तक दावा कर सकते हैं। जानें ड्राफ्ट में नाम कैसे चेक करें और किन दस्तावेजों की जरूरत पड़ सकती है।
विस्तार
राजधानी दिल्ली में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के तहत ड्राफ्ट रोल सोमवार, 31 अगस्त 2026 को जारी कर दिया गया है। दिल्ली के 13 जिलों में पिछले करीब दो महीनों से एसआईआर की प्रक्रिया चल रही थी। एसआईआर ड्राफ्ट लिस्ट में अपना नाम देखने के लिए मतदाताओं को मुख्य निर्वाचन अधिकारी, दिल्ली (CEO Delhi) की वेबसाइट पर जाना होगा।
यहां एसआईआर ड्राफ्ट रोल से संबंधित पेज पर जाकर जिला, विधानसभा और भाषा का चयन करना होगा। इसके बाद कैप्चा भरकर ड्राफ्ट रोल की पीडीएफ में अपना नाम चेक किया जा सकता है।
निर्वाचन अधिकारियों की जांच में जिन मतदाताओं का विवरण वर्ष 2002 की एसआईआर सूची से मेल नहीं खाएगा, उनसे अतिरिक्त जानकारी या दस्तावेज मांगे जा सकते हैं। नाम, पारिवारिक संबंध या उम्र से जुड़े रिकॉर्ड में असामान्य अंतर मिलने पर भी संबंधित मतदाता से स्पष्टीकरण लिया जा सकता है।
डोर-टू-डोर प्रक्रिया के दौरान जिन लोगों तक एन्युमरेशन फॉर्म नहीं पहुंच पाया या जो किसी कारण से फॉर्म जमा नहीं कर सके, उनके लिए भी रास्ता खुला रहेगा। ऐसे मतदाता फॉर्म-6 के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने का दावा कर सकते हैं। यह प्रक्रिया ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध होगी। ऑनलाइन आवेदन के लिए फॉर्म-6 और संबंधित घोषणा को भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर अपलोड किया जा सकेगा। ऑफलाइन आवेदन की सुविधा भी बूथ स्तर पर उपलब्ध रहेगी। मतदाता अपने संबंधित मतदान केंद्र पर फॉर्म और दस्तावेज जमा कर सकेंगे। जिन लोगों को जांच के बाद नोटिस जारी होगा, वे भी इसी प्रक्रिया के तहत अपने पक्ष में दस्तावेज जमा कर सकेंगे।
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि "एसआईआर के तहत दिल्ली की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट आ गई है। 1.5 करोड़ में से 47 लाख वोटर के नाम नहीं हैं। भारत सरकार नाहक ही जनसंख्या को लेकर परेशान हो रही है। एसआईआर के ज़रिए चुनाव आयोग हमारे देश की जनसंख्या 140 करोड़ से घटाकर 50 करोड़ कर देगा।"
SIR के तहत दिल्ली की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट आ गई है। 1.5 करोड़ में से 47 लाख वोटर के नाम नहीं हैं।
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) August 31, 2026
भारत सरकार नाहक ही जनसंख्या को लेकर परेशान हो रही है। SIR के ज़रिए चुनाव आयोग हमारे देश की जनसंख्या 140 करोड़ से घटाकर 50 करोड़ कर देगा।