{"_id":"6b09dbfbfbc9cf81ce052abb","slug":"ground-report-when-will-those-responsible-wake-up-and-when-will-park-security-be-improved-2026-11-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"ग्राउंड रिपोर्ट दिल्ली: कब जागेंगे जिम्मेदार, पार्कों की सुरक्षा में कब होगा सुधार; पड़ताल में फिर खुली पोल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ग्राउंड रिपोर्ट दिल्ली: कब जागेंगे जिम्मेदार, पार्कों की सुरक्षा में कब होगा सुधार; पड़ताल में फिर खुली पोल
Sat, 28 Nov 2026 06:03 AM IST
दुष्यंत शर्मा
सचिन कुमार, नई दिल्ली
सचिन कुमार, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sat, 28 Nov 2026 06:03 AM IST
शुक्रवार रात दिल्ली के अलग-अलग इलाकों के पार्कों की पड़ताल में कई जगह चौंकाने वाली स्थिति सामने आई।
विज्ञापन
किशोरी को चाकू दिखाकर इसी पार्क में किया गया था दुष्कर्म।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
इस्माइल खां पार्क में पांच दिन पहले 10 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना ने राजधानी के पार्कों की सुरक्षा व्यवस्था की पोल एक बार फिर से खोल दी है। गश्त और चौकसी पर सवाल खड़े हुए तो पुलिस ने पार्क के पास राउंड लगाने शुरू कर दिए, ताकि मामला शांत हो जाए। ऐसी वारदात करीब तीन महीने पहले आस्था कुंज पार्क में किशोरी के साथ हुई थी। तब भी पुलिस ने गश्त बढ़ाई और चौकसी दिखाई, लेकिन अब फिर उस पार्क के हालात जस के तस हैं। बच्चों और महिलाओं के लिए सुरक्षित माने जाने वाले पार्कों में ही सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी हैं।
विज्ञापन
शुक्रवार रात दिल्ली के अलग-अलग इलाकों के पार्कों की पड़ताल में कई जगह चौंकाने वाली स्थिति सामने आई। कहीं सुरक्षाकर्मी की तैनाती केवल कागजों तक सीमित मिली, तो कहीं बड़े पार्क की जिम्मेदारी एक ही कर्मचारी के भरोसे थी। कई पार्कों में नियमित गश्त का अभाव दिखा, जबकि कुछ जगह शाम ढलते ही अंधेरा छा गया। आरके पुरम से द्वारका, पटेल नगर, राजेंद्र नगर और ब्रह्मपुरी तक सुरक्षा व्यवस्था में खामियां नजर आईं।
विज्ञापन
एक सुरक्षाकर्मी के भरोसे पूरा पार्क, कैसे होगी निगरानी
स्थान: द्वारका सेक्टर-11 और आईआईटी गेट
समय: रात आठ बजे
द्वारका सेक्टर-11 और आईआईटी गेट के पास स्थित पार्कों में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी महज एक सुरक्षाकर्मी के पास है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पार्क का क्षेत्रफल काफी बड़ा है। ऐसे में एक कर्मचारी के लिए पूरे परिसर पर नजर रखना संभव नहीं है। पार्क के किसी एक हिस्से में सुरक्षाकर्मी की मौजूदगी के दौरान दूसरे हिस्से में निगरानी नहीं हो पाती। लोगों ने कहा कि पार्कों में बच्चों और महिलाओं की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ाने के साथ नियमित गश्त भी जरूरी है।
विज्ञापन
कागज में सुरक्षाकर्मी तैनात, हकीकत में पार्क के अंदर अंधेरा
स्थान: आरके पुरम सेक्टर-3
समय: रात नौ बजे
आरके पुरम सेक्टर-3 स्थित डीडीए पार्क में सुरक्षा के इंतजाम बदहाल मिले। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां सुरक्षाकर्मी की तैनाती तो दिखाई जाती है, लेकिन वह नियमित रूप से पार्क में नजर नहीं आते। दूसरी ओर, रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से पार्क के कई हिस्सों में शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। स्थानीय निवासी अरुण ने बताया कि पार्क में बच्चे और महिलाएं भी आते हैं। ऐसे में सुरक्षाकर्मी की नियमित मौजूदगी और पर्याप्त रोशनी बेहद जरूरी है। इनकी कमी से लोगों को असुरक्षा महसूस होती है।
शाम ढलते ही अंधेरे में डूब जाते हैं पार्क
स्थान: नादिया पार्क और ब्रह्मपुरी
समय: रात 10 बजे
नादिया पार्क और ब्रह्मपुरी के पार्कों में सुरक्षा की सबसे बड़ी समस्या रोशनी का अभाव है। कहीं लाइटें पर्याप्त नहीं हैं तो कहीं लंबे समय से खराब पड़ी हैं। रात होते ही पार्क के अंदर बने रास्तों और कोनों में अंधेरा छा जाता है। ब्रह्मपुरी निवासी पीयूष के मुताबिक, अंधेरे के कारण पार्क के कई हिस्सों में देख पाना मुश्किल हो जाता है। इससे शाम के समय टहलने आने वाले लोगों को परेशानी होती है। अंधेरे में किसी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखना भी आसान नहीं है।
पार्क खुले, लेकिन सुरक्षा के लिए कोई सुरक्षाकर्मी नहीं
स्थान: राजेंद्र नगर और पटेल नगर
समय: रात 11 बजे
राजेंद्र नगर और पटेल नगर के पार्कों में सुरक्षा के लिए सुरक्षाकर्मियों की तैनाती नहीं मिली। सुबह से शाम तक यहां बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग आते-जाते हैं, लेकिन उनकी सुरक्षा और निगरानी के लिए कोई कर्मचारी मौजूद नहीं है। ऐसे में पार्कों में लोगों की आवाजाही के बावजूद सुरक्षा की जिम्मेदारी किसी के पास नहीं दिखती। स्थानीय स्तर पर निगरानी की इस कमी से पार्कों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
घटना के बाद भी आस्था कुंज पार्क में नहीं बदले हालात
आस्था कुंज पार्क में पहले हुई घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ाने की जरूरत उठी थी। इसके बावजूद यहां हालात में कोई खास बदलाव नहीं दिखा है। पार्क में सुरक्षा और निगरानी को लेकर सवाल अब भी बने हुए हैं। लगातार सामने आ रही ऐसी खामियां बताती हैं कि घटनाओं के बाद सुरक्षा सुधारने की मांग तो उठती है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थायी इंतजाम नहीं हो पाते।
पार्कों में पुलिस नियमित गश्त कर रही है। पार्कों में सीसीटीवी कैमरे और लाइटें लगाई जा रही हैं। साथ ही, दिल्ली पुलिस लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही है। इस्माइल खां पार्क की घटना में भी लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया था।
- आकांक्षा यादव, डीसीपी, उत्तर-पश्चिमी जिला दिल्ली पुलिस
