दिल्ली: डूसू चुनाव प्रचार के दौरान छात्रों के दो गुटों में झड़प, एक छात्र के सिर पर चोट; एनएसयूआई पर लगा आरोप
दिल्ली विश्वविद्यालय के लॉ सेंटर के बाहर चुनाव प्रचार के दौरान हमले का आरोप लगा है। एबीवीपी ने इस हमले के लिए एनएसयूआई को जिम्मेदार ठहराया है।
विस्तार
दिल्ली विश्वविद्यालय के लॉ सेंटर एक के बाहर चुनाव प्रचार के दौरान एक हमले का आरोप सामने आया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने इस घटना के लिए नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) पर हमला करने का आरोप लगाया है। एबीवीपी ने दावा किया है कि एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने उनके सदस्यों को निशाना बनाया।
एबीवीपी के अनुसार, एनएसयूआई को विद्यार्थियों का अपेक्षित समर्थन नहीं मिल रहा है। इसी कारण वे परिसर में हिंसा का सहारा ले रहे हैं। एबीवीपी ने आरोप लगाया कि एनएसयूआई जानबूझकर विश्वविद्यालय के शांतिपूर्ण माहौल को खराब कर रही है। उनका उद्देश्य एबीवीपी के कार्यकर्ताओं को डराना और धमकाना है।
दिल्ली: नॉर्थ डीसीपी निहारिका भट्ट ने दिल्ली यूनिवर्सिटी में चुनावी माहौल के बीच छात्र नेता विशेष यादव के कार्यकर्ताओ द्वारा ABVP के छात्रों के साथ मारपीट करने के मामले पर कहा, "आज शाम को डीयू के नॉर्थ कैंपस में छात्रों के बीच में लड़ाई-झगड़ा हो गया था, जिसमें दो छात्रों को… pic.twitter.com/KprnUAmh2M
— IANS Hindi (@IANSKhabar) September 16, 2026
पुलिस तैनात, निकाला जाएगा फ्लैग मार्च
नॉर्थ डीसीपी निहारिका भट्ट ने बताया कि आज शाम दिल्ली विश्वविद्यालय के उत्तरी परिसर में छात्र नेता विशेष यादव के समर्थक एबीवीपी छात्रों के साथ भिड़ गए। दो छात्र मामूली रूप से घायल हो गए। स्थिति अब नियंत्रण में है। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में तैनाती सुनिश्चित की है और फ्लैग मार्च भी किया जा रहा है। स्थिति नियंत्रण में है।