मौसम अपडेट: दिल्ली एनसीआर में आज फिर बरसे बदरा, झमाझम बारिश से मौसम हुआ खुशनुमा, कई इलाकों में जाम और जलभराव
दिल्ली एनसीआर में शनिवार सुबह कई इलाकों में बारिश देखने को मिली। नोएडा समेत एनसीआर में बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया। कई इलाकों में जाम की स्थिति पैदा हो गई। सुबह को हुई बारिश के चलते ऑफिस जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
विस्तार
दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार के बाद शनिवार सुबह भी झमाझम बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया। नोएडा सहित एनसीआर के कई इलाकों में हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जन्माष्टमी पर शुक्रवार को हुई बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई। बारिश के कारण कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव की समस्या भी उत्पन्न हुई, जिससे वाहन चालकों को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दिल्ली में बारिश से भारी जलभराव
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में आज सुबह हुई भारी बारिश के बाद संगम विहार, सैनिक फार्म, बसंत गांव के पास भारी जलजमाव हो गया है। उधर, भारी बारिश के कारण गीता कॉलोनी की सड़कें जलमग्न हो गईं।
#WATCH | Delhi: Streets waterlogged in Geeta Colony as heavy rainfall lashes the city. pic.twitter.com/zISuzFKipl
— ANI (@ANI) September 5, 2026
जलभराव के कारण यात्रियों को एयरसाइड जाने से भी रोकना पड़ा। करीब 40 मिनट तक यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। फोरकोर्ट से बाहर निकलने वाले यात्रियों को पानी के बीच से गुजरना पड़ा। कई यात्रियों के जूते तक पानी में भीग गए। एयरपोर्ट परिसर में जलभराव के कारण यात्रियों की परेशानी बढ़ती गई और दूसरी ओर उड़ानों के संचालन पर भी इसका असर पड़ता रहा।
नोएडा में भी जलभराव से परेशान हुए लोग
शहर में शुक्रवार दोपहर बाद हुई बारिश से कई जगहों पर जलभराव हुआ। रास्तों पर हुए जलभराव की वजह से राहगीरों को आवागमन में परेशानी हुई। रुक-रुक कर हुई बारिश से प्रमुख सड़कें जरूर प्रभावित नहीं हुईं। गांव को जोड़ने वाली सड़कें व अंदर की सड़कें जहां पर जलनिकासी की पुख्ता व्यवस्था नहीं है वहां पर पानी भरा। सेक्टर-73 सर्फाबाद में यदु पब्लिक स्कूल के सामने से जाने वाली सड़क पर इंडोर स्टेडियम के सामने जलभराव हुआ। यहां पर देर शाम तक पानी भरा रहा। इसी तरह सेक्टर-49 बरौला में भी कुछ जगहों पर भी जलभराव व कीचड़ की समस्या आई। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर सेक्टर-148 अंडरपास में भी कुछ देर के लिए जलभराव हुआ। इसी तरह सेक्टर-62 में खोड़ा और नोएडा के बीच की सड़क पर भी पानी भरने से कुछ देर के लिए वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ।