करियर: क्या बीच में छूट गई है आपके कॉलेज की पढ़ाई? ऑनलाइन डिग्री से दोबारा शुरू करें पढ़ाई, जानिए कैसे
अगर किसी कारण से आपकी कॉलेज की पढ़ाई बीच में छूट गई है, तो चिंता करने की जरूरत नहीं है। ऑनलाइन डिग्री कोर्स के जरिए आप अपनी पढ़ाई दोबारा शुरू कर सकते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
किसी भी छात्र के लिए कॉलेज की पढ़ाई बीच में छूट जाने के बाद दोबारा शिक्षा शुरू करना आसान फैसला नहीं होता। कई छात्र आर्थिक परेशानी, नौकरी करने की जरूरत, दूसरे शहर या देश में जाने, चुना हुआ कोर्स पसंद न आने या पढ़ाई और काम के बीच संतुलन न बन पाने की वजह से कॉलेज छोड़ देते हैं। ऐसे में उनके सामने यह सवाल रहता है कि अब कौन-सी ऑनलाइन डिग्री उनके लिए सही रहेगी और किस पाठ्यक्रम के जरिये भविष्य में बेहतर कॅरिअर बनाया जा सकता है। हालांकि, किसी भी पाठ्यक्रम में दाखिला लेने से पहले कुछ महत्वपूर्ण बातों की जांच करना भी जरूरी है।
पहले तय करें अपना लक्ष्य
ऑनलाइन डिग्री चुनने से पहले यह तय करें कि भविष्य में आप किस क्षेत्र में काम करना चाहते हैं। अगर आपकी रुचि वित्त और कारोबार में है, तो फाइनेंशियल मॉडलिंग और परफॉर्मेंस मार्केटिंग अच्छे विकल्प हो सकते हैं। रचनात्मक क्षेत्र में रुचि रखने वाले छात्र वीडियो एडिटिंग और ऑडियो निर्माण एवं पॉडकास्टिंग सीख सकते हैं। वहीं, तकनीकी क्षेत्र में कॅरिअर बनाने की इच्छा रखने वाले छात्र पाइथन प्रोग्रामिंग, बिना कोड वाली वेबसाइट निर्माण और रोबोटिक प्रोसेस ऑटोमेशन (आरपीए) जैसे पाठ्यक्रमों पर विचार कर सकते हैं। हालांकि, केवल इसलिए कोई पाठ्यक्रम न चुनें, क्योंकि उसमें दाखिला आसान है या उसकी फीस कम है।
संस्थान की मान्यता जरूर जांचें
ऑनलाइन डिग्री चुनते समय विश्वविद्यालय की मान्यता सबसे महत्वपूर्ण पहलुओं में से एक है। दाखिला लेने से पहले यह जांचें कि संबंधित विश्वविद्यालय और ऑनलाइन कार्यक्रम को मौजूदा शैक्षणिक सत्र के लिए जरूरी मान्यता प्राप्त है या नहीं। मान्यता प्राप्त संस्थान से प्राप्त डिग्री आगे नौकरी या उच्च शिक्षा के दौरान अधिक उपयोगी हो सकती है।
पाठ्यक्रम और विषयों को समझें
सिर्फ डिग्री का नाम देखकर दाखिला न लें। पाठ्यक्रम में कौन-कौन से विषय पढ़ाए जाएंगे, इसकी पूरी जानकारी लें। यह देखें कि पढ़ाई में व्यावहारिक प्रशिक्षण, परियोजनाएं, उद्योग से जुड़े विषय और जरूरी तकनीकी कौशल शामिल हैं या नहीं।
पढ़ाई का तरीका देखें
ऑनलाइन डिग्री का सबसे बड़ा फायदा यह है कि छात्र अपनी सुविधा के अनुसार पढ़ाई कर सकते हैं। हालांकि, हर विश्वविद्यालय की फीस और पढ़ाने का तरीका अलग-अलग हो सकता है। इसलिए दाखिला लेने से पहले कुल फीस और अध्ययन सामग्री की उपलब्धता से जुड़ी जानकारी जरूर हासिल कर लें।
क्या पुराने कॉलेज के क्रेडिट काम आ सकते हैं?
अगर आपने पहले कॉलेज में कुछ सेमेस्टर पूरे किए हैं, तो नए विश्वविद्यालय से क्रेडिट ट्रांसफर की जानकारी जरूर लें। कुछ मामलों में पहले पूरी की गई पढ़ाई के क्रेडिट स्वीकार किए जा सकते हैं। इससे आपको कुछ विषय दोबारा पढ़ने की जरूरत नहीं पड़ सकती और डिग्री पूरी करने में समय भी बच सकता है। कोर्स चुनते समय यह भी समझें कि डिग्री पूरी करने के बाद आपके पास कौन-कौन से कॅरिअर विकल्प होंगे। साथ ही यह जांचें कि इस डिग्री के बाद आप आगे मास्टर डिग्री, पेशेवर पाठ्यक्रम या अन्य उच्च शिक्षा के लिए पात्र होंगे या नहीं।
कमेंट
कमेंट X