सिंटा विवाद: राकेश बेदी ने जाहिर किया दुख, बोले- अपनी जेब से पैसे लगाए हैं; पूनम-पद्मिनी को लेकर कही ये बात
Rakesh Bedi On Cintaa Controversy: सिंटा में चल रहे विवाद में पिछले महिने से ही आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी बीच अभिनेता राकेश बेदी ने भी इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
विस्तार
बीते दिनों फिल्म और टीवी कलाकारों की संस्था सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) के बीच एक विवाद चल चल रहा है। इस पर अभिनेता राकेश बेदी ने अपनी निराशा व्यक्त की है।
सिंटा विवाद पर क्या बोले राकेश बेदी?
‘धुरंधर’ फेम एक्टर राकेश बेदी ने सिंटा विवाद पर अपनी राय रखी है। एएनआई से हुई बातचीत में उन्होंने कहा,‘ जो हो रहा है वह बहुत दुखद है, ऐसा नहीं होना चाहिए। देखिए, कितने सारे कलाकार मैं खुद की बात कर रहा हूं। समय निकालते हैं और अपना बहुत कुछ देते हैं। हम अपना बहुत समय समर्पित करते हैं। हम ऐसा क्यों करते हैं? हमारी तरफ से, यह कलाकारों के लिए एक तरह का सामाजिक कार्य है। और मैं सिर्फ अपनी बात नहीं कर रहा हूं, हर कोई जो अपना समय देता है, आगे आता है और योगदान देता है।'
राकेश ने कहा सिंटा ने काम किया है
अपनी बातचीत में राकेश बेदी ने कहा, ‘पूनम जी और पद्मिनी जी ने बहुत काम किया है, ऐसा नहीं है कि काम नहीं हुआ है। हमने राज कपूर जी के लिए वो शो किया था और पहली बार मैं ये बात कह रहा हूं, मैंने पहले कभी ऐसा नहीं कहा। मैंने उस शो के लिए अपनी जेब से भी पैसे दिए थे। मैंने अपनी जेब से कलाकारों के फायदे के लिए पैसे दिए थे। ऐसा नहीं है कि हम कुछ नहीं कर रहे हैं या अच्छे काम करने की हमारी नीयत नहीं है।'
एक्टर ने कहा मामला सुलझ जाएगा
सिंटा विवाद के सुलझने को लेकर राकेश बेदी ने कहा, ‘देखिए, मामला सुलझ जाएगा। यह कोई ऐसी बात नहीं है जो अनिश्चित काल तक खिंचती रहे, जिससे झगड़ा हमेशा चलता रहे और सिंटा ठप्प हो जाए। यह चलता रहेगा।समझौता जरूर होगा। सिंटा को छोड़ दें तो, मेरे सभी कलाकारों के साथ बहुत अच्छे संबंध हैं और हमेशा ऐसे ही रहेंगे। हर किसी का अपना दृष्टिकोण और नजरिया होता है। हो सकता है कि अभी हमारा नजरिया एक जैसा न हो, लेकिन शायद भविष्य में हो जाए। कौन जानता है आगे क्या होगा।'
क्या है सिंटा विवाद?
-
यह विवाद अगस्त में शुरू हुआ, जब सिंटा की कार्यकारी समिति के 11 सदस्यों, जिनमें 8 निर्वाचित सदस्य ने मिलकर इस्तीफा दे दिया।
-
उन्होंने एसोसिएशन के कामकाज और लीडरशिप द्वारा कथित तौर पर एकतरफा फैसले लेने को लेकर चिंता जताई थी।
-
उपासना सिंह और अन्य असंतुष्ट सदस्यों ने पूनम ढिल्लों और पद्मिनी कोल्हापुरे पर तरीके से काम नहीं करने का आरोप लगाया।
-
हालांकि, दोनों पदाधिकारियों ने इन आरोपों से इनकार किया है।