दलेर मेहंदी: 'मैं गायकी छोड़ दूंगा', भाई के बचाव में उतरे मीका; आरोप लगाने वालों को लताड़ते हुए कही ये बात
Daler Mehndi: सिंगर दलेर मेहंदी इन दिनों उत्तराखंड में एक स्टेज शो को लेकर चर्चा में हैं। शो के दौरान उनके ठीक से गाना न गाने पर नाराजगी जताते हुए नरेंद्रनगर के विधायक सुबोध उनियाल मंच पर पहुंच गए थे। उन्होंने दलेर मेहंदी पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाया था।
विस्तार
मीका सिंह ने किया भाई का बचाव
मीका सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर इस पूरे मामले पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, 'मैंने खबर देखी। आप लोगों ने यह बात फैला दी कि दलेर मेहंदी शराब पीकर गा रहे थे और उनसे गाया नहीं जा रहा था। सबसे पहले मैं आप सभी से पूछना चाहता हूं कि वह पिछले 30 साल से सुपरस्टार हैं। क्या आपने कभी उनके हाथ में शराब का गिलास देखा है? क्या आपने उनकी बर्थडे पार्टी में शराब बहते हुए देखी है? नहीं, आपने ऐसा नहीं देखा। जब आपने देखा ही नहीं, तो आप कैसे कह सकते हैं कि उनसे खड़ा भी नहीं हुआ जा रहा था?'
मीका ने आगे कहा कि कई बार कलाकार किसी के कहने पर शो करने के लिए हां कर देते हैं। इसके बाद तबीयत चाहे कितनी भी खराब क्यों न हो, वे अपना वादा निभाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए कहा कि अगर उन्हें 104 डिग्री बुखार भी हो और दो दिन बाद उनका शो हो, तो पहले से वादा करने के कारण वह शो करने जरूर जाएंगे। फिर चाहे शो का बजट बड़ा हो या छोटा। मीका के मुताबिक, दलेर मेहंदी ने भी शायद ऐसा ही किया होगा।
मीका सिंह ने बताया कि हाल ही में दलेर मेहंदी की एक बड़ी सर्जरी हुई है। ऐसे में स्टेज शो के दौरान उनकी तबीयत पूरी तरह ठीक नहीं रही होगी। उन्होंने कहा, 'हाल ही में उनका बहुत बड़ा ऑपरेशन हुआ है। वहां पे बहुत कमाल के मंत्री थे, स्टेज पर आये और झाड़ दिया 'आपसे गया नहीं जा रहा, मत गाओ, हमसे पैसे के लिए'... मान लिया, सही बोले। पर ये मत बोलो शराब पीकर गा रहे हैं।'
ये भी पढ़ें- दलेर मेहंदी: धार्मिक आयोजन में शराब पीकर पहुंचे गायक? मंत्री ने फटकारा, कहा- आप बोल नहीं पा रहे गाएंगे क्या
मीका सिंह ने दलेर मेहंदी पर शराब पीकर गाने के आरोपों को गलत बताते हुए चुनौती भी दी। उन्होंने कहा, 'मैं चैलेंज करता हूं, अगर एक बंदा बोल दे 'हमने दलेर को शराब पीते हुए देखा है', तो मैं गाना ही छोड़ दूंगा।'
देखें वायरल वीडियो-