तब्बू: ‘दृश्यम 2’ को लेकर अभिनेत्री को था कैसा डर? ट्रेलर लॉन्च इवेंट में किया जिक्र; बोलीं- ‘कोविड में सबने…’
Tabu On Drishyam 2: फिल्म ‘दृश्यम 3’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट का आयोजन गोवा में बुधवार को हुआ। इस मौके पर एक्ट्रेस तब्बू ने फिल्म ‘दृश्यम 2’ से जुड़ा एक किस्सा साझा किया।
विस्तार
फिल्म ‘दृश्यम 3’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट पर अभिनेत्री तब्बू ने फिल्म ‘दृश्यम 2’ की रिलीज के समय को याद किया। उन्होंने बताया कि मोहनलाल के मलयालम वर्जन के लॉन्च होने के बाद लोगों ने इस फिल्म को लेकर कई तरह के सवाल किए। जानें क्या बोलीं तब्बू...
तब्बू को क्या थी फिक्र ?
फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में तब्बू ने कहा, ‘जब दूसरा पार्ट रिलीज होने वाला था, वो महामारी के बाद का वक्त था। वहीं कोविड के दौर में मलयालम वर्जन पहले ही रिलीज हो चुका था। उस समय कई लोग और मेरे कुछ दोस्तें ने मुझसे कहा कि यह फिल्म तो पहले ही आ गई है, अब इसे कौन देखने जाएगा?
यह मेरे लिए सच में बहुत चिंता की बात थी। मुझे भी लगा था कि शायद कोई देखने नहीं जाएगा। मैं भी बस इंतजार कर रही थी और देखना चाहती थी कि क्या होता है?'
फिल्म को लेकर उलझन में थीं एक्ट्रेस
आगे तब्बू ने बताया कि उन्हें भी काफी वक्त तक लगता रहा कि कोई भी फिल्म देखने नहीं जाएगा। एक्ट्रेस ने कहा, ‘मुझे सच में लग रहा था कि शायद कोई दूसरा पार्ट देखने नहीं जाएगा। मैं भी उस वक्त बहुत उलझन में थी, क्योंकि महामारी के तुरंत बाद का समय था और हमें भी नहीं पता था कि चीजें किस तरफ जाएंगी। उस दौरान सिनेमा के भविष्य को लेकर हर जगह चर्चा हो रही थी और काफी अनिश्चितता थी। तो मुझे भी लगता था कि शायद लोग ये फिल्म देखने नहीं जाएंगे, क्योंकि महामारी के दौरान सबने मलयालम वर्जन देख लिया है।'
फिल्म ‘दृश्यम 2’ हिट रही
तब्बू ने फिल्म ‘दृश्यम 2’ के बारे में आगे कहा, ‘इस सबके बावजूद दूसरा पार्ट खूब सफल रहा। अब जब लोग पूछते हैं कि हमने मलयालम फिल्म देखी है तो हिंदी वाली देखें या नहीं?...तो मैं कहती हूं, अच्छा, देख लो, कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि हमारी फिल्म एकदम अलग है और मैं इसे अलविदा नहीं कह रही हूं। जब तक कुमार जी और अभिषेक मुझे कागज पर लिखकर नहीं देते कि ये फिल्म कभी नहीं बनेगी, तब तक मैं विश्वास नहीं करूंगी कि ये फिल्म कभी नहीं बनेगी। क्या पता, कभी कुमार जी का फोन आ जाए। पहले भी अभिषेक ने एक शानदार तोड़ निकाला है इसके लिए ये अंजाम है।'
कब रिलीज होगी 'दृश्यम 3'?
- 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
- फिल्म को दशहरा और दिवाली के आसपास मिलने वाली लंबी छुट्टियों का भी फायदा मिल सकता है।
- फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है।
- गोवा में हाल ही में फिल्म का ट्रेलर लॉन्च इवेंट आयोजित किया गया था।
- इसमें अजय देवगन समेत तब्बू, श्रिया सरन और रजत कपूर भी मौजूद रहे।