हिमाचल: डीपीएस डगशाई में रैगिंग का मामला, नौवीं के छात्र के साथ मारपीट के आरोप; पांच सीनियर पर केस दर्ज
सोलन के डीपीएस डगशाई में नौवीं कक्षा के छात्र से रैगिंग और मारपीट के आरोप में पांच वरिष्ठ छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार पांच सितंबर को छात्र को हॉस्टल के कमरे से जबरन खींचकर पीटा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में डगशाई पब्लिक स्कूल में रैगिंग और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पांच सीनियर छात्रों ने हॉस्टल के कमरे से नौवीं कक्षा के एक छात्र को जबरन घसीटकर बाहर निकाला और उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांचों छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना पांच सितंबर की है। पीड़ित छात्र और आरोपी पंजाब के बताए जा रहे हैं। तलविंदर मानेस समेत अन्य अभिभावकों की ओर से पुलिस को दी गई संयुक्त शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी सीनियर छात्र पिछले करीब चार महीने से जूनियर छात्रों को रैगिंग, डराने -धमकाने के साथ गाली-गलौज कर रहे थे।
अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ आरोपी छात्र अपने पास हथियार भी रखते हैं, इससे जूनियर छात्रों में भय और मानसिक तनाव का माहौल है। शिकायत के बाद धर्मपुर थाना पुलिस ने रविवार को मामला दर्ज कर लिया। एसपी सोलन टीएसडी वर्मा ने बताया कि आरोपी छात्रों के खिलाफ हिमाचल प्रदेश शैक्षणिक संस्थान रैगिंग पर प्रतिबंध अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित छात्र के परिजन और अन्य अभिभावक बड़ी संख्या में स्कूल परिसर पहुंचे। उन्होंने स्कूल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों और प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। अभिभावकों ने आरोप लगाया कि हॉस्टल में जूनियर छात्रों के साथ लंबे समय से रैगिंग और मनमानी की जा रही थी, लेकिन प्रबंधन ने प्रभावी कदम नहीं उठाए। परिजनों ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि हॉस्टल में चल रहीं गतिविधियों की जानकारी होने के बावजूद समय रहते कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि नए प्रिंसिपल के आने के बाद से स्कूल और हॉस्टल का माहौल खराब हुआ है और इस तरह की घटनाएं बढ़ी हैं। अभिभावकों ने चेतावनी दी कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और प्रबंधन की जवाबदेही तय होने तक वे चुप नहीं बैठेंगे।