फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   today news updates crime karnataka bihar politics pm modi

न्यूज डायरी: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मिलीं भाजपा की महिला सांसद; मणिपुर में व्यक्ति का कटा हुआ सिर बरामद

Thu, 15 Oct 2026 11:31 AM IST
नितिन गौतम अमर उजाला ब्यूरो
अमर उजाला ब्यूरो Published by: नितिन गौतम Updated Thu, 15 Oct 2026 11:31 AM IST
विज्ञापन
today news updates crime karnataka bihar politics pm modi
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala

भाजपा की महिला सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल संसद पहुंचा, जहां वह लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात करेगा। यह मुलाकात कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजाम से जुड़े जेएनयू में कथित यौन उत्पीड़न मामले को लेकर की जानी है। मामले में अकोइजाम पर आरोप लगाए गए हैं।

विज्ञापन


मणिपुर मेंव्यक्ति का कटा हुआ सिर बरामद, उग्रवादी हमले में हुई थी हत्या
मणिपुर के कांगपोकपी जिले के मकुई अशांग गांव में उग्रवादी हमले में मारे गए अजिनबोउ रिंगकामाई का कटा हुआ सिर बरामद कर लिया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि बुधवार देर रात सीआरपीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम को घटनास्थल के पास एक सुनसान इलाके में सिर मिला। रिंगकामाई की 10 अक्तूबर को बंदूकधारियों ने हत्या कर दी थी। उनका सिर गायब था और शव को 11 अक्तूबर को अस्पताल लाया गया था। नागा संगठन ने अंतिम संस्कार के लिए सिर खोजने की मांग करते हुए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था।
विज्ञापन


कर्नाटक में महिला ने बच्चों के साथ की आत्महत्या
कर्नाटक के बेल्लारी शहर में एक महिला (29) ने अपने दो छोटे बच्चों के साथ नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना सोमवार को मिलरपेट में एक नहर के पास घटी। महिला लतीफा सिमरन का शव मिल गया जबकि बच्चों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। आशंका है कि बच्चे डूब गए हैं। पुलिस को घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

इंसानियत शर्मसार: डीजल के पैसे नहीं दिए तो बेहोश बच्ची को एंबुलेंस से उतारा

डीजल के पैसे नहीं दिए तो मरीज को एंबुलेंस से उतारा
महाराष्ट्र के बीड जिले में डीजल के पैसे नहीं होने पर 11 वर्षीय बेहोश बच्ची को सरकारी एंबुलेंस से उतार दिया गया। इसके बाद मजदूर पिता को अपनी बेटी को कंधे पर उठाकर निजी क्लीनिक तक पैदल ही जाना पड़ा। घटना का वीडियो वायरल होने और लोगों में आक्रोश के बाद प्रशासन ने दिंदरुड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीलेश धकने को पद से हटा दिया है। उनके खिलाफ निलंबन समेत कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की गई है। घटना 29 सितंबर को माजलगांव तहसील के दिंदरुड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में हुई। पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची जिला परिषद स्कूल में बेहोश हो गई थी। स्कूल प्रशासन उसे तत्काल स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा। वहां डॉक्टर ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र में रेफर करने की सलाह दी।

बच्ची के पिता और परिजन जब उसे लेकर एंबुलेंस में बैठे, तो कर्मचारियों ने डीजल के लिए पैसे मांगे। परिवार ने असमर्थता जताई, लेकिन प्रारंभिक जांच के मुताबिक, उन्हें एंबुलेंस से उतरने को कह दिया गया। बच्ची के पिता दिहाड़ी मजदूर हैं। पत्नी की मृत्यु के बाद वह अपने चार बच्चों का पालन-पोषण कर रहे हैं। वायरल वीडियो में वह अपनी बेहोश बेटी को कंधे पर उठाकर पैदल जाते दिखाई दे रहे हैं।

बच्चों की दवा बताकर बेच रहा था जानवरों का टॉनिक 
सूरत के गोपीपुरा इलाके में पुलिस और खाद्य एवं औषधि नियंत्रण प्रशासन की टीम ने मंगलवार को शांतीनाथ मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर संचालक मोहम्मद साजिद इब्राहिम मुल्ला (51) को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी जानवरों के लिए बने ‘Himalaya Liv.52 Protec Liquid Veterinary Feed Supplement’ को बड़े डिब्बों से निकालकर 60 और 100 मिलीलीटर की छोटी बोतलों में भरता था। इसके बाद उन पर बच्चों के लिए इस्तेमाल होने वाले ‘Himalaya Liv.52 Drops’ के नकली लेबल लगाकर बेचता था। आरोप है कि वह इस उत्पाद को दोगुनी कीमत पर बेच रहा था।

पुलिस ने जब्त किया सामान, लोगों से की सतर्क रहने की अपील
सूरत के डीसीपी राजदीपसिंह नकुम के अनुसार, कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 31,195 रुपये कीमत का सामान और अन्य सामग्री जब्त की। अथवा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 123, 125, 336 और 278 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी ने यह उत्पाद खरीदा है और उसके इस्तेमाल के बाद तबीयत बिगड़ी है, तो तुरंत जरूरी चिकित्सा सहायता लें। साथ ही, लोगों को सलाह दी गई है कि मेडिकल स्टोर से दवा खरीदने के बाद उसकी गुणवत्ता और असलियत की पुष्टि अपने डॉक्टर से करें और दवाओं का इस्तेमाल केवल डॉक्टर के निर्देश के अनुसार ही करें।

दिल्ली में NSUI कार्यकर्ता से कथित मारपीट, केरल पुलिस ने दर्ज की जीरो FIR
केरल पुलिस ने गुरुवार को NSUI कार्यकर्ता अथिरा विजयन के साथ दिल्ली में कथित मारपीट के मामले में जीरो FIR दर्ज की। यह मामला 13 अक्टूबर को दिल्ली के कनॉट प्लेस में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के खिलाफ NSUI के विरोध प्रदर्शन के दौरान का है। अथिरा की शिकायत पर तिरुवनंतपुरम के म्यूजियम पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई। शिकायत के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों को बस से कनॉट प्लेस ले जाया गया, जहां उन्हें कथित तौर पर जबरन सड़क पर उतारा गया। अथिरा ने आरोप लगाया कि उनके कपड़े फाड़ने की कोशिश की गई, चेहरे पर मारा गया, हाथ पीछे की ओर मोड़े गए और पेट के निचले हिस्से में लात मारी गई। शिकायत में यह भी आरोप है कि उनका फोन छीनने की कोशिश हुई और शॉल से गला कसकर जान से मारने की धमकी दी गई। इससे उनकी गर्दन पर चोट आई और उन्हें अस्पताल में इलाज कराना पड़ा।

दिल्ली पुलिस को सौंपी जाएगी जांच, FIR में किसी का नाम नहीं
पुलिस के मुताबिक, FIR में महिला की गरिमा भंग करने के इरादे से हमला करने, कपड़े उतारने की कोशिश, चोट पहुंचाने, गलत तरीके से रोकने, गाली-गलौज और आपराधिक धमकी देने से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं लगाई गई हैं। हालांकि, FIR में किसी पुलिसकर्मी या अन्य व्यक्ति को आरोपी के रूप में नामजद नहीं किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जीरो FIR देश के किसी भी पुलिस स्टेशन में दर्ज की जा सकती है, भले ही घटना कहीं और हुई हो। अब मामले की जांच दिल्ली के संबंधित पुलिस स्टेशन को सौंप दी जाएगी। अथिरा ने पहले आरोप लगाया था कि दिल्ली पुलिस ने उनकी शिकायत के बावजूद मामला दर्ज नहीं किया। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब केरल में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के राज्य में लोक निर्माण विभाग के सचिव रहने के दौरान हुए KSTP सड़क परियोजना से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और इससे संबंधित एक मलेशियाई ठेकेदार की 2006 में हुई मौत के मामले में भी सतर्कता जांच शुरू की गई है।

पति ने पत्नी और चार साल के बेटे की हत्या के बाद की खुदकुशी 
केरलम के त्रिशूर जिले के वलप्पाड में गुरुवार देर रात एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और चार साल के बेटे की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुदकुशी करने की भी कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान 24 वर्षीय विस्मया और उसके बेटे दक्षिण के रूप में हुई है। यह घटना रात करीब 12:30 बजे वलप्पाड बीच के पास विस्मया के घर में हुई। FIR के अनुसार, आरोपी विजेश (44) को शक था कि उसकी पत्नी का किसी दूसरे व्यक्ति से संबंध है। इसी शक और रंजिश के चलते उसने कथित तौर पर दोनों की हत्या कर दी। वारदात के बाद विजेश ने अपने शरीर पर चोट पहुंचाकर जान देने की कोशिश की। उसे पहले अस्पताल ले जाया गया और बाद में त्रिशूर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, विजेश पेशे से ट्रक चालक है और सप्ताह में एक या दो बार पत्नी से मिलने आता था। दोनों की शादी सात साल पहले हुई थी। वलप्पाड पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

ओडिशा में 8 साल बाद छात्र संघ चुनाव, कड़ी सुरक्षा के बीच 359 संस्थानों में मतदान
ओडिशा के सरकारी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच छात्र संघ चुनाव के लिए मतदान शुरू हुआ। वोटिंग सुबह 8 बजे से शुरू होकर दोपहर 2 बजे तक चलेगी। इसके बाद मतगणना होगी और नतीजे घोषित किए जाएंगे। राज्य के 346 कॉलेजों और 13 विश्वविद्यालयों में हो रहे इन चुनावों में कुल 6,891 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें कॉलेजों में विभिन्न पदों के लिए 6,530 से ज्यादा और विश्वविद्यालयों की छात्र परिषदों के लिए 358 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। खास बात यह है कि ओडिशा में आठ साल के लंबे अंतराल के बाद छात्र संघ चुनाव कराए जा रहे हैं। इससे पहले कोरोना महामारी समेत कई कारणों से चुनाव टाल दिए गए थे। भुवनेश्वर की उत्कल यूनिवर्सिटी और आरडी महिला विश्वविद्यालय समेत कई शिक्षण संस्थानों में वोट डालने के लिए छात्रों की भीड़ जुटी। आरडी महिला विश्वविद्यालय में बीजू छात्र जनता दल (BCJD) के समर्थकों ने छात्राओं का स्वागत लाल गुलाब और भगवान जगन्नाथ का प्रसाद देकर किया, जिस पर दूसरे छात्र संगठनों ने आपत्ति जताई। BCJD अध्यक्ष इप्सिता साहू ने कहा कि उनका मकसद छात्रों को अपनी अंतरात्मा के अनुसार मतदान करने के लिए प्रोत्साहित करना है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कॉलेजों और मतदान केंद्रों पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। उत्कल विश्वविद्यालय में पहचान पत्रों की जांच के बाद छात्रों को परिसर में प्रवेश दिया गया। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, कॉलेजों के 1,597 प्रतिनिधि और विश्वविद्यालयों के 42 प्रतिनिधि निर्विरोध चुने जा चुके हैं।

तमिलनाडु में जनगणना के लिए 1.6 लाख से अधिक कर्मियों की तैनाती
तमिलनाडु में जनगणना 2027 के तहत आबादी की गणना के लिए 1.6 लाख से अधिक कर्मियों की तैनाती की जाएगी। राज्य के सभी 38 जिलों में होने वाले इस अभियान में 25 नगर निगमों, 651 कस्बों और 15,437 गांवों को शामिल किया जाएगा। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, करीब 1.43 लाख गणना ब्लॉकों में इस कार्य के लिए 1,41,083 गणनाकर्मियों और 20,467 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। राजस्व प्रशासन आयुक्त, जिला कलेक्टरों और नगर आयुक्तों ने निर्देश दिया है कि राज्य का कोई भी घर या व्यक्ति जनगणना से छूटने न पाए। दूरदराज के गांवों, बस्तियों, झुग्गी क्षेत्रों, ऊंची इमारतों, नए आवासीय परिसरों और तेजी से विकसित हो रहे शहरी इलाकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

डिजिटल निगरानी और स्व-गणना की भी सुविधा
जनगणना प्रक्रिया को सटीक और व्यवस्थित बनाने के लिए गणनाकर्मियों और पर्यवेक्षकों को निर्धारित प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। आंकड़े जुटाने और निगरानी के लिए डिजिटल एप्लिकेशन तथा मॉनिटरिंग सिस्टम का इस्तेमाल होगा, जबकि क्षेत्रीय सत्यापन के जरिए छूटे हुए घरों और जानकारियों की पहचान की जाएगी। अभियान को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए राजस्व, शिक्षा, पुलिस, स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभागों के साथ स्थानीय निकाय समन्वय करेंगे। इसके अलावा, परिवारों को निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा भी मिलेगी। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, स्व-गणना की तारीखों की घोषणा जनवरी 2027 में की जाएगी।

तमिलनाडु में जनकल्याण कार्यों में देरी के खिलाफ डीएमके का प्रदर्शन
तमिलनाडु में डीएमके कार्यकर्ताओं ने टीवीके सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार गंभीर मानसूनी जोखिमों से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाने में लापरवाही बरत रही है। साथ ही, उन्होंने जनकल्याण से जुड़े कार्यों के ठप पड़े होने पर भी नाराजगी जताई और सरकार से इन मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की।

कल्याणी स्टेडियम के कायाकल्प के लिए 10 करोड़ देगी बंगाल सरकार
पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में स्थित कल्याणी स्टेडियम की बदहाली दूर करने और खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने 10 करोड़ रुपये देने का फैसला किया है। भाजपा विधायक अनुपम विश्वास ने बुधवार रात पत्रकारों को बताया कि मुख्यमंत्री ने हाल ही में स्टेडियम का दौरा करने के दौरान वहां की खराब स्थिति और बुनियादी ढांचे की कमियों को देखा था, जिसके बाद इसके नवीनीकरण के लिए राशि मंजूर करने का निर्णय लिया। मंगलवार को मुख्यमंत्री दुर्गा पूजा का उद्घाटन करने के लिए हेलीकॉप्टर से कल्याणी स्टेडियम पहुंचे थे, जहां विधायक अनुपम विश्वास ने उनका स्वागत किया। विधायक के मुताबिक, स्टेडियम का निरीक्षण करते समय मुख्यमंत्री ने इसकी स्थिति पर ध्यान दिया और इसके विकास व मरम्मत के लिए 10 करोड़ रुपये देने की बात कही। उन्होंने इस फैसले की जानकारी जिला प्रशासन को भी दी है।

अरुणाचल प्रदेश के रोइंग-अनिनी मार्ग पर बाइक चलाने पर रोक
अरुणाचल प्रदेश के लोअर दिबांग वैली जिले में रोइंग-अनिनी सड़क मार्ग पर बाघ देखे जाने के बाद वन विभाग ने सुरक्षा के मद्देनजर मोटरसाइकिल सवारों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। मेहाओ वन्यजीव अभयारण्य के प्रभागीय वन अधिकारी मितो रूमी की ओर से बुधवार को जारी सलाह के मुताबिक, सड़क के 19वें से 23वें किलोमीटर के बीच बाघ देखा गया है। स्थानीय लोगों और यात्रियों को अनावश्यक आवाजाही से बचने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। यह एहतियाती कदम हाल ही में ड्यूटी से मोटरसाइकिल पर अनिनी से रोइंग लौट रहे अरुणाचल प्रदेश पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की संदिग्ध बाघ हमले में मौत के बाद उठाया गया है। बाद में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने उनका शव बरामद किया था। 

मणिपुर में 75 बीएसएफ जवानों समेत 78 लोग अस्पताल में भर्ती, भोजन से विषाक्तता की आशंका
मणिपुर में गुरुवार को 75 बीएसएफ जवानों और तीन अन्य लोगों को भोजन से विषाक्तता की आशंका के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों के मुताबिक, सभी को दोपहर करीब एक बजे इम्फाल स्थित रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (आरआईएमएस) लाया गया। नाश्ता करने के बाद उन्हें उल्टी और जी मिचलाने की शिकायत हुई थी। अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि सभी को आपातकालीन विभाग में तुरंत इलाज दिया गया और उनकी हालत अब स्थिर है। अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर एम. रामेश्वर ने बताया कि लोगों के बीमार पड़ने की वजह जानने के लिए जांच की जा रही है।

असम में 57.5 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त, ट्रक के गुप्त चैंबर से मिलीं 2.3 लाख टैबलेट
असम के कछार जिले में पुलिस ने 57.5 करोड़ रुपये की याबा टैबलेट जब्त कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने एक ट्रक में छिपाकर रखी गई 2.3 लाख याबा टैबलेट बरामद कीं। ये टैबलेट ट्रक के एक गुप्त चैंबर में रखी गई थीं। मुख्यमंत्री ने कार्रवाई के लिए कछार पुलिस की सराहना की। याबा एक नशीला पदार्थ है, जिसमें मेथामफेटामाइन और कैफीन होता है। पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

मालदीव में तमिलनाडु के 25 मछुआरे हिरासत में, मुख्यमंत्री विजय ने केंद्र से मांगी मदद
मालदीव के तटरक्षक बल ने तमिलनाडु के 25 मछुआरों को हिरासत में ले लिया है। उनकी तीन मशीनीकृत नौकाएं भी जब्त की गई हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने गुरुवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखकर मछुआरों की जल्द रिहाई के लिए कदम उठाने की मांग की। उन्होंने बताया कि तूतीकोरिन जिले के रहने वाले इन मछुआरों को मंगलवार तड़के हिरासत में लिया गया था। विजय ने केंद्र से मालदीव सरकार के साथ राजनयिक स्तर पर मामला उठाने और मछुआरों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इससे प्रभावित परिवारों और मछुआरा समुदाय को राहत मिलेगी।

रक्षा मंत्रालय ने म्यूनिशंस इंडिया के अधिकारी को किया निलंबित
रक्षा मंत्रालय ने म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक (ऑपरेशंस) अनिल कुमार को निलंबित कर दिया है। मंत्रालय ने यह कार्रवाई 13 अक्टूबर से प्रभावी मानी है। अनिल कुमार को एक निजी कंपनी एसएमपीपी लिमिटेड से रिश्वत मांगने और लेने के मामले में जांच एजेंसियों ने पांच दिनों के लिए हिरासत में लिया था।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed