बीपीएससी टीआरई 4 पर बड़ा अपडेट: पंजीकरण प्रक्रिया स्थगित, कल से शुरू नहीं होगा आवेदन, क्या रही वजह?
बिहार शिक्षक भर्ती परीक्षा के चौथे चरण यानी टीआरई 4.0 के 32,388 पदों पर आवेदन का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ा अपडेट है। बीपीएससी ने 1 सितंबर से शुरू होने वाली आवेदन प्रक्रिया को स्थगित कर दिया है।
विस्तार
BPSC TRE 4: बिहार में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा के चौथे चरण यानी टीआरई 4.0 की आवेदन प्रक्रिया स्थगित कर दी है।
आयोग ने विज्ञापन संख्या 14/2026 के तहत शिक्षा विभाग में विद्यालय अध्यापक के कुल 32,388 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू करने का कार्यक्रम जारी किया था। अब यह प्रक्रिया तय तारीख पर शुरू नहीं होगी। आयोग ने इसके पीछे प्रक्रियात्मक बदलाव को वजह बताया है।
1 सितंबर से शुरू नहीं होगा आवेदन
बीपीएससी की ओर से जारी आवश्यक सूचना में कहा गया है कि विज्ञापन संख्या 14/2026 के तहत विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा के चौथे चरण के लिए 1 सितंबर 2026 से प्रस्तावित ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को प्रक्रियात्मक बदलाव के कारण स्थगित किया जाता है।
इसका मतलब है कि अभ्यर्थी 1 सितंबर से टीआरई 4.0 का ऑनलाइन फॉर्म नहीं भर सकेंगे। आयोग ने नई तारीख अभी जारी नहीं की है। नोटिस में कहा गया है कि संबंधित तिथि की घोषणा जल्द की जाएगी।
कितने पदों पर होनी है भर्ती?
टीआरई 4.0 के तहत बिहार के शिक्षा विभाग में विद्यालय अध्यापकों के 32,388 पदों पर नियुक्ति की जानी है। भर्ती का विज्ञापन संख्या 14/2026 है। पहले जारी कार्यक्रम के अनुसार आवेदन प्रक्रिया 1 सितंबर से शुरू होकर 30 सितंबर 2026 तक चलनी थी और शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 29 सितंबर निर्धारित थी।
| जरूरी जानकारी | विवरण |
|---|---|
| भर्ती | विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा, चौथा चरण |
| परीक्षा | टीआरई 4.0 |
| विज्ञापन संख्या | 14/2026 |
| कुल रिक्त पद | 32,388 |
| पहले आवेदन शुरू होने की तारीख | 1 सितंबर 2026 |
| वर्तमान स्थिति | आवेदन प्रक्रिया स्थगित |
| नई तारीख | जल्द घोषित की जाएगी |
| आवेदन की पुरानी अंतिम तारीख | 30 सितंबर 2026 |
आखिर आवेदन क्यों टाला गया?
आयोग की ओर से जारी सूचना में आवेदन प्रक्रिया स्थगित करने की वजह 'प्रक्रियात्मक बदलाव' बताई गई है। हालांकि, नोटिस में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि किस प्रक्रिया में बदलाव किया जा रहा है और नई आवेदन तारीख कब से होगी।
इसलिए फिलहाल अभ्यर्थियों को नई तारीख का इंतजार करना होगा। बिना नई अधिसूचना के 1 सितंबर से आवेदन शुरू होने की उम्मीद नहीं करनी चाहिए।