एसएससी: चार दिन बाद सीजीएल टियर-1 परीक्षा, आखिरी समय में इन जरूरी बातों का रखें विशेष ध्यान; जानें टिप्स
एसएससी सीजीएल टियर-1 2026 परीक्षा में अब सिर्फ चार दिन बाकी हैं। इस समय उम्मीदवारों को नई चीजें पढ़ने के बजाय अब तक की तैयारी को मजबूत करने पर फोकस करना चाहिए। आखिरी दिनों में रिवीजन, मॉक टेस्ट, समय प्रबंधन और परीक्षा से जुड़े जरूरी निर्देशों का ध्यान रखना फायदेमंद रहेगा।
विस्तार
कर्मचारी चयन आयोग द्वारा कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल (एसएससी सीजीएल) 2026 टियर-1 की परीक्षा 30 सितंबर से 30 अक्तूबर, 2026 तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए अब तैयारी का आखिरी चरण शुरू हो चुका है। इस समय उम्मीदवारों के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि इतने कम समय में क्या पढ़ें और क्या छोड़ें। ऐसे समय में तैयारी का तरीका बदलना जरूरी है। अब घंटों बैठकर नया सिलेबस कवर करने के बजाय अपनी अब तक की तैयारी को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए। बचे दिनों का सही इस्तेमाल रिवीजन, प्रश्नों का अभ्यास और समय-प्रबंधन के लिए किया जा सकता है।
60 मिनट में हल करने होंगे 100 सवाल
परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। इनमें जनरल इंटेलिजेंस एंड रीजनिंग, जनरल अवेयरनेस, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड और इंग्लिश कॉम्प्रिहेंशन से 25-25 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक सेक्शन 50 अंकों का होगा और पूरा पेपर 200 अंकों का रहेगा। परीक्षा के लिए 60 मिनट का समय निर्धारित है।
गलत उत्तर पर 0.50 अंक की निगेटिव मार्किंग होगी। ऐसे में परीक्षा में स्पीड के साथ सही उत्तर देना भी बेहद जरूरी होगा। सबसे पहले यह देखें कि चारों विषयों में आपकी पकड़ कैसी है। जिन टॉपिक्स को पहले पढ़ चुके हैं, उन्हें दोहराएं। खासकर ऐसे अध्यायों पर समय दें, जहां बार-बार गलतियां होती हैं। सभी विषयों के जरूरी फॉर्मूले, नियम और शॉर्ट नोट्स एक जगह तैयार कर लें, ताकि अगले दिनों में उन्हें आसानी से दोहराया जा सके।
सिर्फ पढ़ें नहीं, सवाल हल करें
तैयारी को प्रभावी बनाने के लिए केवल पढ़ने के बजाय प्रश्नों के अभ्यास पर जोर दें। तय समय में फुल लेंथ मॉक टेस्ट हल करें और परीक्षा जैसा माहौल बनाकर अपनी स्पीड जांचें। टेस्ट पूरा होने के बाद गलत सवालों का विश्लेषण करें और पता लगाएं कि गलती किस वजह से हुई। जिन प्रश्नों में अधिक समय लगा, उन्हें भी दोबारा हल करें, ताकि समय-प्रबंधन बेहतर हो सके।
स्पीड की करें जांच
हर विषय की तैयारी को बेहतर बनाने के लिए नियमित रूप से सेक्शन वाइज टेस्ट और पिछले वर्षों के प्रश्न-पत्र हल करें। इससे परीक्षा के पैटर्न और पूछे जाने वाले सवालों की प्रकृति को समझने में मदद मिलेगी। प्रश्नों को कम समय में सही तरीके से हल करने की कोशिश करें और साथ ही अपनी एक्यूरेसी पर भी ध्यान दें। गणित और रीजनिंग में कैलकुलेशन की स्पीड बढ़ाने के लिए शॉर्ट ट्रिक्स और बेसिक कॉन्सेप्ट की प्रैक्टिस करें। वहीं, इंग्लिश में ग्रामर, वोकैबुलरी, सिनोनिम्स-एंटोनिम्स और अन्य महत्वपूर्ण टॉपिक्स से जुड़े सवालों को नियमित रूप से हल करें।
परीक्षा में अपनाएं ये उपाय
- पेपर शुरू होने के बाद पहले उन सवालों को हल करें, जिनके जवाब आपको अच्छी तरह आते हैं।
- किसी कठिन प्रश्न पर ज्यादा समय खर्च न करें। उसे छोड़कर आगे बढ़ें और बाद में समय मिलने पर दोबारा देखें।
- 60 मिनट में 100 सवाल होने के कारण हर मिनट का सही इस्तेमाल करना जरूरी होगा।
दिमाग पर न डालें ज्यादा बोझ
परीक्षा से एक दिन पहले तैयारी को लेकर तनाव लेने के बजाय केवल जरूरी चीजों का रिवीजन करें। फॉर्मूले, शॉर्ट नोट्स, महत्वपूर्ण तथ्यों की सूची देखें। इस दिन कोई नया और बड़ा टॉपिक शुरू करने से बचें। देर रात तक जागकर पढ़ने के बजाय पर्याप्त नींद लें, ताकि परीक्षा के दिन एकाग्रता बनी रहे।