{"_id":"6ad708d0cb662ea031037d33","slug":"bahraich-police-engage-in-two-separate-encounters-with-criminals-two-history-sheeters-from-lakhimpur-arreste-2026-10-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"बहराइच: पुलिस की अपराधियों से दो अलग-अलग मुठभेड़, लखीमपुर के दो हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, पैरों में लगी गोली","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बहराइच: पुलिस की अपराधियों से दो अलग-अलग मुठभेड़, लखीमपुर के दो हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, पैरों में लगी गोली
Tue, 20 Oct 2026 11:53 AM IST
रोहित मिश्र
अमर उजाला नेटवर्क, बहराइच
अमर उजाला नेटवर्क, बहराइच
Published by: रोहित मिश्र
Updated Tue, 20 Oct 2026 11:53 AM IST
Encounter in Bahraich: पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। जाबिर के खिलाफ चार दर्जन से अधिक और नसीम के खिलाफ दो दर्जन से अधिक मुकदमे विभिन्न जिलों में दर्ज हैं।
विज्ञापन
बहराइच में हुई मुठभेड़।
- फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
चोरी और नकबजनी के आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बहराइच पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने दो अलग-अलग मुठभेड़ों में लखीमपुर खीरी के दो शातिर हिस्ट्रीशीटरों को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके पास से जेवर, नकदी, तमंचे और एक सेंट्रो कार बरामद हुई है।
विज्ञापन
बौंडी में पहली मुठभेड़: जाबिर गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि नकबजनी की वारदातों पर लगाम कसने के लिए दस दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा था, जबकि दो अन्य आरोपी गाड़ी लेकर फरार हो गए थे।
विज्ञापन
भागे हुए बदमाशों की तलाश में बौंडी थाना क्षेत्र के खैरा बाजार इलाके में पुलिस गश्त कर रही थी। इस दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिलासपुर मोड़ के पास एक सेंट्रो कार को घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल की पहचान लखीमपुर खीरी के ईसानगर थाना क्षेत्र के तुर्क बलिया निवासी जाबिर उर्फ जाकिर के रूप में हुई। उसकी तलाशी लेने पर 6,500 रुपये नकद, चांदी के जेवरात, एक तमंचा, कारतूस और मोबाइल बरामद किया गया।
विज्ञापन
नानपारा में दूसरी मुठभेड़: साथी नसीम भी दबोचा गया
पूछताछ के दौरान जाबिर ने अपने फरार साथी का नाम नसीम उर्फ ठेकेदार (निवासी चंद्रशाह कला, ईसानगर, लखीमपुर खीरी) बताया। पुलिस ने तुरंत आसपास के थानों को सतर्क किया और सिल्वर रंग की सेंट्रो कार (नंबर यूपी 32 डीवी 3802) की तलाश शुरू कर दी। नानपारा इलाके में बंजरिया नहर पुल के पास पुलिस ने संदिग्ध कार की घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देख नसीम ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में भी गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।
अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। जाबिर के खिलाफ चार दर्जन से अधिक और नसीम के खिलाफ दो दर्जन से अधिक मुकदमे विभिन्न जिलों में दर्ज हैं। दोनों को उनके संबंधित थानों का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में नसीम ने बहराइच समेत कई अन्य जिलों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।