यूपी: राज्यसभा के लिए नामों पर माथापच्ची जारी, स्मृति इरानी, हरीश द्विवेदी सहित इनको मिल सकता है मौका
Rajya Sabha elections in UP: यूपी कोटे की 10 राज्यसभा सीटों के लिए भाजपा प्रत्याशी चुनने के अंतिम दौर में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को हुई पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में कई नामों पर मंथन हुआ।
विस्तार
यूपी कोटे की 10 राज्यसभा सीटों के लिए भाजपा ने प्रत्याशी चयन शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को हुई पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में कई नामों पर मंथन हुआ। पार्टी सूत्रों का कहना है कि अभी इस पर फिर बैठक होगी।
हालांकि, स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी, नीरज शेखर समेत कई नामों पर मंथन हुआ। अभी कुछ नाम क्षेत्र और जाति के लिहाज से इस सूची में जोड़े जाने हैं। अगली बैठक में इन नामों पर फिर विचार होगा। इसके बाद फाइनल पैनल दिल्ली भेजा जाएगा।
यूपी की 10 राज्यसभा और 11 विधान परिषद सीटों को लेकर नामांकन मंगलवार यानी आज से शुरू हो गया है। भाजपा अपने पत्ते अंतिम समय पर खोलेगी। सूत्रों की मानें तो राज्यसभा चुनाव को लेकर हुई कोर कमेटी की बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से पूर्व मंत्री सुरेश राणा के नाम पर भी चर्चा हुई। मौजूदा राज्यसभा सांसद नीरज शेखर का नाम भी पैनल में शामिल किया गया। पार्टी का एक खेमा उन्हें फिर मौका देने की पैरवी कर रहा है।
केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा के साथ ही पूर्व सांसद राजवीर सिंह राजू का नाम भी चर्चा का हिस्सा है। दोनों में से कौन राज्यसभा जाएगा, इसका फैसला दिल्ली में होगा। जाट चेहरों में संजीव बालियान के नाम की भी चर्चा है। हालांकि, पार्टी ने फिलहाल जाटों को साधने का जिम्मा जयंत चौधरी को ही दे रखा है।
गैरजाटव दलितों पर फोकस
कुछ दलित और पिछड़े वर्ग के नाम बढ़ाने को कहा गया है। पार्टी का गैरजाटव दलितों पर भी फोकस है। ऐसे नामों में पूर्व सांसद प्रियंका रावत, विनोद सोनकर, रामचंद्र कनौजिया सहित कई नाम शामिल हैं। वर्तमान सांसद बृजलाल के नाम पर भी चर्चा रही। इसके अलावा ओबीसी चेहरों में प्रकाश पाल का भी नाम है। कुर्मी चेहरों में रेखा वर्मा, दिलीप पटेल और कौशलेंद्र पटेल का नाम भी चर्चा में है। बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक मौजूद रहे।