यूपी: मानसून की विदाई के बीच प्रदेश में मौसम का यू-टर्न, आज से सक्रिय होगा चक्रवात; यहां होगी बारिश
Weather in UP: यूपी में एक बार फिर से मौसम यू-टर्न लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात की वजह से एक सप्ताह तक बारिश का दौर चलेगा।
विस्तार
बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए मौसम तंत्र से बुधवार से उत्तर प्रदेश में मौसम फिर करवट लेगा। माैसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 22 से 28 सितंबर के दाैरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। इसका असर पूर्वांचल, तराई और मध्य यूपी में ज्यादा देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह में बारिश के साथ अधिकतम तापमान में पांच से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। 25 से 27 सितंबर के बीच यूपी के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है, जबकि 26 सितंबर को पूर्वी तराई के जिलों में अति भारी बारिश की संभावना है।
इधर मंगलवार को भी बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव क्षेत्र के असर से प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रहे। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में मध्य क्षोभमंडल स्तर पर ऊपरी चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से बुधवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां शुरू होंगी और 28 सितंबर तक इसका असर बना रह सकता है।
लखनऊ में आज से बदलेगा मौसम
राजधानी के मौसम में फिर से बदलाव की आहट है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में नया तंत्र सक्रिय हो रहा है। इस कारण बुधवार से 27 सितंबर के दौरान लखनऊ और आसपास के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। मंगलवार को लखनऊ में दोपहर बाद आलमबाग व कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 0.2 डिग्री की बढ़त के साथ 35.2 डिग्री दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान स्थिर रहते हुए 26 डिग्री रहा।