मुंबई में कोरोना संक्रमितों की संख्या 83 हजार के पार, चीन को भी पीछे छोड़ा
मुंबई में कोरोना महामारी लगातार भयावह होती जा रही है। जिस देश में घातक कोरोना वायरस पैदा हुआ और उससे पूरी दुनिया संक्रमित हुई, मुंबई ने उस चीन को भी पीछे छोड़ दिया है। कोरोना संक्रमण के मामले में मुंबई में चीन से ज्यादा मौतें हुई हैं और मरीज भी बढ़े हैं।
एक महीने पहले यानी सात जून को महाराष्ट्र में इतने ज्यादा कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए थे, जो चीन में आए संक्रमितों की संख्या से भी ज्यादा थे। उसके बाद मुंबई में छह जुलाई तक 85 हजार 270 कोरोना संक्रमित पाए गए। जबकि 4,938 मौतें हो चुकी हैं।
वहीं चीन में संक्रमितों का आंकड़ा 83,665 है, जबकि 4,634 लोगों की जानें गई हैं। इस तरह मुंबई ने कोविड-19 के मामलों और मौतों की संख्या में चीन को भी पीछे धकेल दिया है।
धारावी से भी कम हैं चीन में कोरोना के आंकड़े
मौजूदा समय में चीन में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामले एक अंक में आ रहे हैं, जो कि एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी में संक्रमित हो रहे नए मामलों से भी कम हैं। चीन में जहां मौजूदा समय में 403 संक्रमित हैं, वहीं मुंबई में 23732 एक्टिव मरीज हैं।
मुंबई में एक जुलाई से हर दिन 1,100 से अधिक नए मामले सामने आ रहे हैं।
रिकवरी रेट में आया सुधार
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में घातक कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है, लेकिन मरीजों के स्वस्थ होने के मामले में काफी सुधार आया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका के अनुसार 6 जुलाई को 1201 नए मरीज सामने आए थे जबकि 1269 मरीज स्वस्थ हुए और उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज दिया गया।
अब तक कुल संक्रमितों में से 57,152 स्वस्थ हो चुके हैं।