सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामलाः अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती से पुलिस ने की छह घंटे पूछताछ
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आत्हत्या मामले में गुरुवार को पुलिस ने सुशांत की इस करीबी दोस्त रिया चक्रवर्ती को बांद्रा थाने बुलाया। पुलिस ने उससे करीब 6 घंटे तक पूछताछ की और बयान रिकार्ड किया।
पुलिस ने सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया से यह जानने की कोशिश की कि आखिर सुशांत ने आत्महत्या क्यों की।
रिया चक्रवर्ती सुबह करीब साढ़े 11 बजे पुलिस थाने पहुंचीं। सुशांत की आत्महत्या से कुछ दिन पहले तक अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती उनके साथ घर पर ही रहती थीं।
इसलिए पुलिस उसे सुशांत की सबसे बड़ी राजदार मान रही है। इससे पहले पुलिस ने बुधवार को बॉलीवुड कास्टिंग निर्देशक मुकेश छाबड़ा का बयान दर्ज किया था जो राजपूत के करीबी थे।
पुलिस राजपूत के अवसादग्रस्त होने के पीछे की वजहों की समझने की कोशिश कर रही है। अभी तक पुलिस ने राजपूत के परिवार के सदस्यों समेत 10 से अधिक लोगों के बयान दर्ज किए हैं।
पांच डायरी खोलेगी सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या के राज
बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले की तहकीकात में मुंबई पुलिस को जल्द ही बड़ी सफलता मिल सकती हैं। जिससे अभिनेता के अवसादग्रस्त होने से लेकर तमाम तरह की जानकारियां सामने आ सकेगी।
मामले की जांच कर रही पुलिस को सुशांत के घर से 5 डायरियां मिली हैं, जिसमें सुशांत ने बहुत सारी बाते लिखी हैं। माना जा रहा है कि यही डायरी सुशांत की आत्महत्या के राज खोलेगी।
फिलहाल, इस डायरी में लिखी गई बातों का अध्ययन कर पुलिस आत्महत्या की वजह जानने की कोशिश कर रही है। उस डायरी में सुशांत किताबों में पढ़े गए महत्वपूर्ण कोट को लिखा करते थे।
प्रोडक्शन हाउस से जुड़े निर्माताओं से भी हो सकती है पूछताछ
सुशांत सिंह की आत्महत्या की मुख्य वजह डिप्रेशन माना जा रहा है। लेकिन सुशांत के हाथ से कई प्रोजेक्ट छीने जाने का मामला भी संगीन है। इसलिए पुलिस पेशेवर प्रतिद्वंदिता के पहलू की भी जांच कर रही है।
जिसे आत्महत्या की अहम वजह बताया जा रहा है। ऐसे में जल्द ही पुलिस कुछ प्रोडक्शन हाउस के लोगों को भी पूछताछ के लिए बुला सकती है। गौरतलब है कि राजपूत ने 14 जून को बांद्रा में अपने अपार्टमेंट में आत्महत्या कर ली थी।
उनके पिता ने पुलिस को बताया कि वह और परिवार के अन्य सदस्य राजपूत के अवसाद के पीछे की वजह नहीं जानते।