{"_id":"6ad1a1742f3135a81109baab","slug":"man-died-in-accident-in-raikot-2026-10-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"रफ्तार ने उजाड़ा परिवार: ट्रॉली तले कुचला गया पेस्ट्री शेफ, घर में रह गई दो साल की बेटी और गर्भवती पत्नी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रफ्तार ने उजाड़ा परिवार: ट्रॉली तले कुचला गया पेस्ट्री शेफ, घर में रह गई दो साल की बेटी और गर्भवती पत्नी
Fri, 16 Oct 2026 09:31 AM IST
Nivedita
संवाद न्यूज एजेंसी, हलवारा
संवाद न्यूज एजेंसी, हलवारा
Published by: Nivedita
Updated Fri, 16 Oct 2026 09:31 AM IST
शगन कुमार वीरवार रात ताजपुर चौक से सरदार हरि सिंह नलवा चौक की ओर साइकिल पर जा रहा था। जब वह बालाजी होटल के सामने पहुंचा तो तेज रफ्तार ट्रॉली ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
विज्ञापन
माैके पर जुटी भीड़
- फोटो : संवाद
विस्तार
रायकोट के सरदार हरि सिंह नलवा चौक पर तेज रफ्तार ट्रॉली की चपेट में आने से साइकिल सवार 28 वर्षीय शगन कुमार की मौत हो गई। ट्रॉली के पिछले पहिये युवक के सिर के ऊपर से गुजर गए। मृतक की दो साल की मासूम बेटी है और पत्नी गर्भवती है।
विज्ञापन
होटल के सामने मौत बनकर आई ट्रॉली
जानकारी के अनुसार, शगन कुमार वीरवार रात ताजपुर चौक से सरदार हरि सिंह नलवा चौक की ओर साइकिल पर जा रहा था। जब वह बालाजी होटल के सामने पहुंचा तो तेज रफ्तार ट्रॉली ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह साइकिल समेत सड़क पर गिर पड़ा और ट्रॉली के पिछले पहिये उसके सिर के ऊपर से गुजर गए। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन
मृतक की पहचान शगन कुमार पुत्र भोला राम, निवासी डेडाशाही यूपी हॉल निवासी संधू कॉलोनी, सिलोआनी रोड, रायकोट के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और कई वर्षों से रायकोट में परिवार सहित रह रहा था। वह शहर के बालाजी होटल में पेस्ट्री शेफ के रूप में काम करके परिवार का गुजारा करता था।
विज्ञापन
पूरी घटना सड़क किनारे स्थित एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रॉली लेकर मुल्लांपुर दाखा की ओर भाग निकला। हादसे के बाद भाग रहे ट्रॉली चालक को धनौला कस्बे के एक टैक्सी चालक ने पीछा करके पकड़ लिया। उसने मुल्लांपुर दाखा पुलिस स्टेशन के पास ट्रॉली को रुकवाया और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही शगन का छोटा भाई राधे श्याम मौके पर पहुंचा और शव की पहचान की। परिवार के लिए यह हादसा केवल एक सदस्य की मौत नहीं, बल्कि रोजी-रोटी कमाने वाले उस व्यक्ति का बिछड़ना है, जिस पर घर की जिम्मेदारियां टिकी थीं। दो साल की बेटी अभी यह भी नहीं समझ सकती कि उसका पिता अब कभी लौटकर नहीं आएगा। वहीं गर्भवती पत्नी के सामने अपने होने वाले बच्चे और छोटी बेटी के भविष्य की चिंता है। जिस घर में नए बच्चे के आने की तैयारी होनी चाहिए थी, वहां अब मातम और अनिश्चितता ने जगह ले ली है।
घटना की सूचना मिलने पर रायकोट सिटी थाना पुलिस के ड्यूटी अधिकारी एएसआई सुखदेव सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जगरांव के सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवा दिया।
जांच अधिकारी सुखदेव सिंह के अनुसार, मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि हादसे के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।