फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Tennis ›   Roger Federer Turns Back the Clock, Beats Andy Roddick in Emotional US Open Return

यूएस ओपन में फिर गूंजा रोजर फेडरर का नाम: एंडी रॉडिक के खिलाफ दिखा पुराना जादू; बैकहैंड ने फैंस को किया भावुक

Wed, 26 Aug 2026 08:49 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, न्यूयॉर्क
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, न्यूयॉर्क Published by: स्वप्निल शशांक Updated Wed, 26 Aug 2026 08:49 AM IST
सार
Register For Event

रोजर फेडरर ने यूएस ओपन के आर्थर ऐश स्टेडियम में सात साल बाद वापसी करते हुए प्रदर्शनी मुकाबले में अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी एंडी रॉडिक को 6-3 से हराया। 45 वर्षीय फेडरर ने शानदार बैकहैंड और पासिंग शॉट्स से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुकाबले ने उनके सुनहरे दौर की यादें ताजा कर दीं।

विज्ञापन
Roger Federer Turns Back the Clock, Beats Andy Roddick in Emotional US Open Return
रॉडिक और फेडरर - फोटो : Reuters

विस्तार

रोजर फेडरर भले ही पेशेवर टेनिस को अलविदा कह चुके हैं, लेकिन मंगलवार रात न्यूयॉर्क के आर्थर ऐश स्टेडियम में कुछ देर के लिए ऐसा लगा जैसे टेनिस का पुराना बादशाह फिर अपने रंग में लौट आया है। पांच बार के यूएस ओपन चैंपियन फेडरर ने अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी एंडी रॉडिक को प्रदर्शनी मुकाबले में 6-3 से हराकर कोर्ट पर अपने जादुई दिनों की यादें ताजा कर दीं।

विज्ञापन

 


 

 

सात साल बाद आर्थर ऐश पर वापसी
45 वर्षीय फेडरर ने 2019 के बाद पहली बार आर्थर ऐश स्टेडियम पर कदम रखा। उनका स्वागत किसी मौजूदा चैंपियन से कम नहीं हुआ। स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा था और कई प्रशंसक हाथों में फेडरर के मशहूर ‘आरएफ’ लोगो के साथ अपने हीरो का इंतजार कर रहे थे।

फेडरर ने भी फैंस को निराश नहीं किया। सिर्फ 35 मिनट चले एक सेट के इस मुकाबले में उन्होंने रॉडिक को 6-3 से मात दी। हालांकि यह प्रदर्शनी मुकाबला था और इसमें कोई रैंकिंग अंक या ग्रैंड स्लैम दांव पर नहीं था, लेकिन फेडरर के खेल ने मुकाबले को खास बना दिया।
 
 

बैकहैंड ने फिर मचाया तहलका
फेडरर ने दूसरे गेम में ही बैकहैंड से विनर लगाकर अपने पुराने अंदाज की झलक दे दी। इसके बाद उन्होंने शानदार पासिंग शॉट्स से दर्शकों को कई बार अपनी सीट से उठने पर मजबूर किया। छठे गेम में उनका बैकहैंड पासिंग शॉट इतना शानदार था कि पूरा आर्थर ऐश तालियों और शोर से गूंज उठा। रॉडिक ने अपनी मशहूर तेज सर्विस के जरिए मुकाबले को प्रतिस्पर्धी बनाए रखा, लेकिन फेडरर धीरे-धीरे दबाव बढ़ाते रहे।
 
 
विज्ञापन

आठवें गेम में फेडरर ने रॉडिक की सर्विस शून्य पर तोड़कर 5-3 की बढ़त बना ली। इसके बाद मैच के लिए सर्व करते हुए उन्हें एक ब्रेक प्वाइंट का सामना करना पड़ा, लेकिन फेडरर ने अपने पुराने अंदाज में वापसी की। उन्होंने एक ऐस लगाकर खतरा टाला और फिर सर्विस विनर के साथ मैच प्वाइंट हासिल किया। कुछ ही देर बाद जीत उनके नाम थी। फेडरर और रॉडिक ने इसके बाद पुरुष युगल मुकाबला भी खेला। इसके लिए दो और दिग्गज भी पहुंचे। आंद्रे अगासी और जॉन मैकेनरो ने फेडरर-रॉडिक का साथ दिया। मैकेनरो फेडरर के जोड़ीदार बने, जबकि रॉडिक और अगासी साथ खेलते दिखे।
 
 

जिस कोर्ट पर लिखी थी सुनहरी कहानी
फेडरर की यह वापसी इसलिए भी भावुक थी क्योंकि आर्थर ऐश उनके करियर के सबसे खास कोर्ट में से एक रहा है। उन्होंने 2004 से 2008 तक लगातार पांच बार यूएस ओपन का खिताब जीता था। न्यूयॉर्क के इस कोर्ट पर उन्होंने अपने करियर के कई यादगार अध्याय लिखे। फेडरर ने कहा, 'न्यूयॉर्क लौटकर बहुत अच्छा लग रहा है। इस कोर्ट, यहां के प्रशंसकों और इस शहर की मेरे पास अविश्वसनीय यादें हैं।' इस दिन के लिए फेडरर की पत्नी मिर्का समेत पूरा परिवार कोर्ट पर मौजूद था।
 

रॉडिक से दोस्ती ने मुकाबले को बनाया खास
फेडरर और रॉडिक के बीच पेशेवर करियर में 24 मुकाबले हुए, जिनमें से 21 में स्विस दिग्गज ने जीत दर्ज की। दोनों चार ग्रैंड स्लैम फाइनल में भी आमने-सामने हुए थे। 2006 और 2007 के यूएस ओपन फाइनल में भी फेडरर ने रॉडिक को हराया था। हालांकि कोर्ट पर कड़ी प्रतिद्वंद्विता के बाद दोनों की दोस्ती मजबूत होती गई। रॉडिक ने फेडरर के साथ फिर कोर्ट पर उतरने को लेकर कहा, 'यह रोजर की वजह से है। हमने काफी मुकाबले खेले और उन्होंने मुझे काफी बार हराया, लेकिन अपने करियर के दौरान हम अपनी दोस्ती को बनाए रखने में सफल रहे। यह दोस्ती आज तक कायम है और उम्मीद है कि हमेशा रहेगी। जब रोजर बुलाते हैं तो बस उनके लिए आना होता है।'
 
 

स्कोर से ज्यादा यादगार थी फेडरर की वापसी
इस मुकाबले में 6-3 का स्कोर शायद सबसे कम महत्वपूर्ण था। असली जीत उन दर्शकों की थी, जिन्हें एक बार फिर आर्थर ऐश पर फेडरर के जादुई बैकहैंड, शानदार फुटवर्क और खूबसूरत शॉट्स देखने को मिले। सिर्फ 35 मिनट के लिए सही, लेकिन फेडरर ने न्यूयॉर्क में समय को पीछे जरूर मोड़ दिया। जिस खिलाड़ी ने कभी इस कोर्ट पर अपना दबदबा कायम किया था, उसकी वापसी ने नई पीढ़ी के प्रशंसकों को भी दिखा दिया कि आखिर क्यों रोजर फेडरर को टेनिस के महानतम खिलाड़ियों में गिना जाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed