आईओएस 27 आज से होगा रोलआउट, रात 10:30 बजे आ सकता है अपडेट; आपका आईफोन है तैयार या नहीं?

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Mon, 14 Sep 2026 01:11 PM IST
सार

एपल आज अपने आईफोन यूजर्स के लिए सबसे बड़ा सॉफ्टवेयर अपडेट आईओएस 27 (iOS 27 Update) जारी करने जा रहा है। जेमिनी तकनीक से लैस नई सिरी, लिक्विड ग्लास डिजाइन और विजुअल इंटेलिजेंस जैसे क्रांतिकारी फीचर्स के साथ यह अपडेट आपके फोन को पूरी तरह बदल देगा।

विज्ञापन
apple ios 27 update rollout time india updates siri know compatible iPhone list santy sharma iphone meme
आज से शुरू हुआ iOS 27 का ग्लोबल रोलआउट - फोटो : अमर उजाला

    विस्तार

    iOS 27 release time India: आईफोन यूजर्स के लिए आज का दिन खास होने वाला है। एपल ने अपने नए मोबाइल सॉफ्टवेयर आईओएस 27 (iOS 27) का अपडेट जारी करना शुरू कर दिया है। कंपनी के मुताबिक यह अपडेट 14 सितंबर से दुनियाभर के यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा। भारत में इसका सटीक समय अभी तय करके नहीं बताया गया है, लेकिन एपल के पुराने अपडेट पैटर्न को देखें तो भारत में यह अपडेट करीब रात 10:30 बजे दिखाई दे सकता है।

    इस नए अपडेट में सबसे ज्यादा चर्चा सिरी एआई की है। इसके अलावा इंटरफेस में बदलाव, कैमरा से जुड़ी एआई सुविधाएं, फोटो और सफारी में नए फीचर और बच्चों के लिए कई नए सुरक्षा विकल्प भी दिए गए हैं।

    विज्ञापन

    भारत में कब मिलेगा आईओएस 27 अपडेट?

    एपल ने आधिकारिक तौर पर कहा है कि आईओएस 27 14 सितंबर से उपलब्ध होगा। हालांकि, कंपनी ने भारत के लिए कोई अलग रिलीज समय नहीं बताया है। पिछले कई बड़े आईओएस अपडेट भारतीय समय के हिसाब से देर रात जारी होते रहे हैं।

    विज्ञापन
    विज्ञापन

    इसी वजह से माना जा रहा है कि भारत में आईओएस 27 करीब रात 10:30 बजे से मिलना शुरू हो सकता है। हालांकि अलग-अलग डिवाइस या क्षेत्र में अपडेट दिखने में थोड़ा समय लग सकता है। जब अपडेट आपके फोन के लिए उपलब्ध होगा, तो आपको सेटिंग्स में इसका नोटिफिकेशन दिखाई देगा।

    आईफोन में ऐसे डाउनलोड करें नया अपडेट

    आईओएस 27 का अपडेट डाउनलोड करना काफी आसान है। इसके लिए फोन की सेटिंग्स में जाकर जनरल विकल्प पर टैप करें। वहां मौजूद सॉफ्टवेयर अपडेट पर क्लिक करते ही फोन नए वर्जन की तलाश करेगा। आईओएस 27 दिखाई देने पर 'डाउनलोड एंड इंस्टॉल' का विकल्प चुनें और स्क्रीन पर आने वाले निर्देशों का पालन करें।

    किन आईफोन मॉडल को मिलेगा अपडेट?

    आईओएस 27 का सपोर्ट काफी पुराने आईफोन मॉडल तक दिया गया है। एपल की आधिकारिक सूची के अनुसार आईफोन 11 और उसके बाद के मॉडल इस अपडेट के लिए योग्य हैं। इसके अलावा दूसरी और तीसरी पीढ़ी के आईफोन एसई को भी अपडेट मिलेगा।

    इसमें आईफोन 11 सीरीज, आईफोन 12 सीरीज, आईफोन 13 सीरीज, आईफोन 14 सीरीज, आईफोन 15 सीरीज, आईफोन 16 सीरीज और आईफोन 17 सीरीज शामिल हैं।

    नए आईफोन 18 प्रो, आईफोन 18 प्रो मैक्स और आईफोन डुओ में आईओएस 27 पहले से इंस्टॉल मिलेगा, यानी इन फोन को अलग से अपडेट करने की जरूरत नहीं होगी।

    सिरी एआई बनेगी सबसे बड़ा आकर्षण

    आईओएस 27 का सबसे बड़ा बदलाव सिरी एआई है। एपल इसे पहले की तुलना में ज्यादा सक्षम असिस्टेंट के तौर पर पेश कर रहा है। कंपनी के मुताबिक यूजर सिरी से सामान्य तरीके से बात करके जानकारी खोज सकेंगे और कई काम पूरे कर सकेंगे। सिरी एआई के लिए अलग ऐप भी दिया गया है, जिसमें पुरानी बातचीत को देखा जा सकेगा।

    एपल ने सिरी एआई को अपने एआई मॉडल और गूगल के जेमिनी मॉडल की मदद से तैयार किया है। नया सिरी यूजर के सवाल को संदर्भ के साथ समझने और अलग-अलग ऐप में काम करने में ज्यादा सक्षम होगा। हालांकि सिरी एआई का रोलआउट फिलहाल अंग्रेजी भाषा में किया जा रहा है।

    कैमरे से देखकर एआई से पूछ सकेंगे सवाल

    आईओएस 27 में विजुअल इंटेलिजेंस को भी और बेहतर बनाया गया है। अब आईफोन के कैमरे की मदद से किसी चीज या जगह की जानकारी समझने में एआई मदद कर सकता है।

    मसलन, कैमरे के सामने कोई वस्तु रखकर उसके बारे में जानकारी पूछी जा सकती है। फोन की स्क्रीन पर दिखाई दे रही चीजों को भी एआई की मदद से समझने और उनसे जुड़े सवाल पूछने की सुविधा दी गई है।

    लिक्विड ग्लास में भी मिलेंगे बदलाव

    आईओएस 27 में एपल ने लिक्विड ग्लास डिजाइन को भी आगे बढ़ाया है। यूजर्स अब इंटरफेस में दिखने वाले पारदर्शी हिस्सों की तीव्रता को अपनी पसंद के हिसाब से बदल सकेंगे। इसके अलावा फोटो, मैसेज, सफारी, वॉलेट और शॉर्टकट जैसे एप्स में भी नए एआई फीचर जोड़े गए हैं।

    बच्चों की सुरक्षा के लिए नए फीचर

    एपल ने बच्चों के लिए भी कई नए नियंत्रण जोड़े हैं। इसमें खरीदारी की अनुमति, वेबसाइट या कंटेंट देखने की मंजूरी, कॉन्टैक्ट अप्रूवल और स्क्रीन इस्तेमाल के लिए समय सीमा जैसे विकल्प शामिल हैं। माता-पिता इन सेटिंग्स की मदद से बच्चों के आईफोन इस्तेमाल करने के तरीके पर ज्यादा नियंत्रण रख सकेंगे।

    फोन और सफारी एप में भी बदलाव

    आईओएस 27 के साथ फोन ऐप का डिजाइन बदला गया है। मैसेज और मेल में संदर्भ के हिसाब से सुझाव मिलने की सुविधा भी बढ़ाई गई है। सफारी में टैब को विषय के हिसाब से व्यवस्थित करने का विकल्प दिया गया है, जिससे एक साथ खुले कई टैब को संभालना आसान हो सकता है।

    अपडेट करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

    आईओएस 27 एक बड़ा सॉफ्टवेयर अपडेट है, इसलिए डाउनलोड शुरू करने से पहले जरूरी डेटा का बैकअप लेना बेहतर रहेगा। साथ ही फोन में पर्याप्त खाली स्टोरेज और बैटरी होना भी जरूरी है। अगर रात में अपडेट का विकल्प तुरंत दिखाई नहीं देता है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। बड़े सॉफ्टवेयर अपडेट चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध हो सकते हैं और अलग-अलग आईफोन में इसका समय थोड़ा अलग हो सकता है।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें