आईफोन से खत्म होने वाला है यह खास बटन?: एपल लाने जा रहा है नया 'ऑल-इन-वन' कंट्रोल, जानें क्या हो सकता है बदलाव

जागृति शुक्ला
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Sat, 07 Nov 2026 10:52 AM IST
सार

जल्द ही एपल यूजर्स को आईफोन में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। लीक के मुताबिक, कंपनी एक्शन बटन और कैमरा कंट्रोल को मिलाकर एक ही बटन देने की तैयारी कर रही है। अगर ऐसा होता है, तो एक बटन से दो काम किए जा सकेंगे। आखिर इससे आईफोन इस्तेमाल करने का तरीका कितना बदल जाएगा? आइए जानते हैं।

Apple May Merge iPhone Action Button with Camera Control in 2027
आईफोन फिजिकल बटन - फोटो : @theapplehub

    विस्तार

    अगर आप भी आईफोन के साइड में मिलने वाले ढेरों बटन्स से कभी-कभी कन्फ्यूज हो जाते हैं, तो एपल आपके लिए एक बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है।कंपनी आने वाले मॉडल्स में एक्शन बटन और कैमरा कंट्रोल को मिलाकर एक ही बटन देने पर विचार कर सकती है। अगर ऐसा हुआ तो यूजर्स को कैमरा खोलने और अपनी पसंद का फीचर चलाने के लिए अलग-अलग बटन की जरूरत नहीं पड़ेगी। बस एक बार प्रेस करने पर कैमरा खुलेगा, जबकि बटन को देर तक दबाने पर एक्शन बटन से जुड़ा फंक्शन काम करेगा। यह दावा लीकर इंस्टेंट डिजिटल ने किया है। रिपोर्ट के अनुसार, यह बदलाव 2027 की दूसरी छमाही में आने वाले आईफोन मॉडल्स में देखने को मिल सकता है।

    एक बटन से होंगे दो काम, ऐसे समझें पूरा सिस्टम

    • सामने आए लीक्स के अनुसार, एपल दोनों बटन्स को मिलाकर एक नया कंट्रोल दे सकता है। इसमें एक बार प्रेस करने पर सीधे कैमरा एप खुल जाएगा। वहीं, बटन को कुछ देर तक दबाकर रखने पर यूजर का पसंदीदा एक्शन एक्टिव हो जाएगा।
    • फिलहाल आईफोन में ये दोनों काम अलग-अलग बटन्स से होते हैं। एक्शन बटन को लंबे समय तक दबाने पर उससे जुड़ा फंक्शन शुरू होता है, जबकि कैमरा कंट्रोल को एक बार दबाने पर कैमरा खुल जाता है। नए सिस्टम में दोनों का अनुभव एक ही जगह मिल सकता है। यानी कस्टमाइजेशन की सुविधा बनी रहेगी, लेकिन उसके लिए बटन की जगह बदल जाएगी।

    दोनों बटन्स क्यों मिलाना चाहता है एपल?

    • दो साल पहले आए आईफोन 16 सीरीज के साथ आए कैमरा कंट्रोल बटन को लेकर यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया थी।कुछ लोगों को इससे कैमरा खोलने और फोटो लेने में आसानी हुई, तो कुछ के लिए इसका इस्तेमाल बहुत जरूरी साबित नहीं हुआ।
    • ऐसे में इसे एक्शन बटन के साथ जोड़ने से इसका इस्तेमाल ज्यादा स्पष्ट हो सकता है। यूजर्स को कैमरा कंट्रोल के साथ अपनी पसंद के दूसरे फंक्शन भी मिलेंगे। इसके अलावा, फोन में अलग-अलग फिजिकल बटन्स की संख्या कम होने से डिजाइन और मैन्युफैक्चरिंग को आसान बनाने में मदद मिल सकती है। वॉल्यूम बटन्स के आसपास मौजूद कंट्रोल को लेकर होने वाला कन्फ्यूजन भी कम हो सकता है।

    iOS 27 में भी हो सकता है बदलाव का रास्ता साफ

    • इसी के साथ कहा जा रहा है कि इस बदलाव के पीछे iOS 27 का अपडेट भी अहम हो सकता है। फिलहाल कैमरा कंट्रोल बटन को लंबे समय तक दबाने पर विजुअल इंटेलीजेंस फीचर खुलता है, लेकिन लीक के मुताबिक, iOS 27 में इसे कैमरा एप के अंदर सिरी मोड के रूप में इंटीग्रेट किया जा सकता है।
    • ऐसा होने पर कैमरा कंट्रोल के लंबे प्रेस वाले जेस्चर को किसी दूसरे काम के लिए इस्तेमाल करने की गुंजाइश बन सकती है। इससे एपल को दोनों बटन्स के फंक्शन एक साथ देने में आसानी हो सकती है।

    आईफोन डुओ में पहले से नहीं है अलग एक्शन बटन

    • वहीं, एपल के पहले फोल्डेबल फोन आईफोन डुओ में पहले से अलग एक्शन बटन नहीं दिया गया है, जबकि कैमरा कंट्रोल मौजूद है। अगर आगे के मॉडल्स में भी कंपनी यही करती है, तो अलग एक्शन बटन की जरूरत खत्म हो सकती है। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी इस बदलाव की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
    • लीकर इंस्टेंट डिजिटल के दावे के मुताबिक, यह नया बटन सिस्टम 2027 की दूसरी छमाही में आने वाले आईफोन मॉडल्स से शुरू हो सकता है। यह समय एपल के 20वें एनिवर्सरी iPhone के लॉन्च के आसपास का है।
    • हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि इस फोन का नाम आईफोन 19 प्रो होगा, आईफोन 20 प्रो या कंपनी इसे किसी दूसरे नाम से पेश करेगी। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि नया कंट्रोल सभी मॉडल्स में मिलेगा या केवल चुनिंदा प्रो मॉडल्स तक सीमित रहेगा।

    कब आया था एक्शन बटन?

    • एपल ने साल 2023 में आईफोन 15 प्रो के साथ एक्शन बटन पेश किया था। इससे पहले आईफोन में रिंग और साइलेंट मोड के लिए अलग स्विच दिया जाता था। एक्शन बटन आने के बाद यूजर्स को इसे अपनी जरूरत के हिसाब से सेट करने की सुविधा मिली।
    • इस बटन को साइलेंट मोड, फोकस, फ्लैशलाइट और शॉर्टकट्स जैसे कामों के लिए असाइन किया जा सकता है। अब नए लीक की मानें तो एपल इसी सुविधा को बरकरार रखते हुए फिजिकल बटन्स की संख्या कम करने की तैयारी में है। फिलहाल कंपनी की ओर से इसे लेकर कोई भी आधिकारी जानकारी सामने नहीं आई है, ऐसा सच में होगा या नहीं, यह बात कंपनी की ओर से आधिकारिक जानकारी के बाद भी साफ हो सकेगी।