क्राउडस्ट्राइक ने लॉन्च किया AI किल स्विच फीचर: अनियंत्रित एआई एजेंट्स पर लगाएगा रोक, जानें कैसे करता है काम?
साइबर सुरक्षा को एक नया हथियार मिल गया है! क्राउडस्ट्राइक ने एक ऐसा 'AI किल स्विच' लॉन्च किया है जो अनियंत्रित हुए AI एजेंट्स को एक झटके में रोक सकता है। लेकिन यह इमरजेंसी स्विच कैसे काम करता है और क्यों इसकी अचानक इतनी जरूरत पड़ गई? आइए जानते हैं।

विस्तार
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया तेजी से आगे बढ़ रही है, लेकिन इसके साथ ही साइबर सुरक्षा के नए खतरे भी सामने आ रहे हैं। इसी चुनौती से निपटने के लिए प्रमुख साइबर सुरक्षा कंपनी क्राउडस्ट्राइक ने एक नया सुरक्षा फीचर 'AI Kill Switch' लॉन्च किया है। कंपनी का दावा है कि यह टूल किसी भी ऐसे इंटरनल AI एजेंट को तुरंत रोक सकता है, जो आउट ऑफ कंट्रोल हो जाए या गलत तरीके से काम करने लगे।
क्राउडस्ट्राइक का 'AI किल स्विच' क्या है?
सरल शब्दों में कहें तो AI किल स्विच एक तरह का इमरजेंसी ब्रेक या सर्किट ब्रेकर है। जैसे किसी घर में बिजली का शॉर्ट सर्किट होने पर मुख्य एमसीबी गिर जाती है और पूरी सप्लाई बंद हो जाती है, ठीक वैसे ही यह टूल उन AI एजेंट्स को रोक देता है जो कंपनी के सिस्टम या नेटवर्क के खिलाफ जाने लगते हैं। यह टूल क्राउडस्ट्राइक के फाल्कन गार्जियन प्लेटफॉर्म का हिस्सा है, जिसे AI एजेंट्स को सुरक्षित रखने और निगरानी करने के लिए बनाया गया है।
यह टूल कैसे काम करता है?
- एक्टिविटी पर नजर:यह टूल लगातार कंपनी के एंटरप्राइज नेटवर्क और कनेक्टेड AI एजेंट्स की गतिविधियों को ट्रैक करता रहता है।
- गलत बर्ताव की पहचान:जैसे ही सिस्टम को लगता है कि कोई AI एजेंट तय नियमों का उल्लंघन कर रहा है या कोई संदेहास्पद काम कर रहा है, यह तुरंत सुरक्षा टीम को अलर्ट करता है।
- एक्सेस पूरी तरह बंद:यह टूल AI एजेंट के कोड को डिलीट नहीं करता, बल्कि AI गेटवे से उसका कनेक्शन काट देता है। इससे वह AI मॉडल आगे कोई फैसला या एक्शन नहीं ले पाता।
- ह्यूमन कंट्रोल:इसमें सुरक्षा टीम के पास पूरा कंट्रोल होता है। यह तय करना इंसान का काम है कि उस एजेंट को पूरी तरह से बंद किया जाए या दोबारा काम करने की अनुमति दी जाए।
- री-लॉन्च से रोकना:एक बार किल स्विच एक्टिव होने के बाद वह AI एजेंट अपने आप दोबारा चालू नहीं हो सकता, जब तक कि सुरक्षा टीम उसे अनुमति न दे।
इस टूल की जरूरत क्यों पड़ी?
हाल ही में AI से जुड़ी कई बड़ी साइबर घटनाएं देखने को मिली हैं। उदाहरण के लिए, हगिंग फेस में हुई डेटा सुरक्षा में सेंध और क्रिप्टो एक्सचेंज बायनांस पर हुआ अब तक का सबसे बड़ा साइबर हमला। यहां तक कि फ्रांस के सुपरमार्केट्स में रेफ्रिजरेटर्स को भी हैकर्स ने निशाना बनाया था। ऐसी घटनाओं के बाद यह महसूस किया गया कि अगर कोई AI एजेंट अनियंत्रित हो जाए, तो कंपनियों के पास उसे तुरंत बंद करने का कोई आसान तरीका होना चाहिए।
भविष्य की तैयारी क्या है?
कंपनी ने इस टूल को एंथ्रोपिक के 'क्लॉड कॉवर्क' के साथ इंटीग्रेट किया है। साथ ही, क्राउडस्ट्राइक AI सुरक्षा और टेस्टिंग को और बेहतर बनाने के लिए 'Fiddler AI' और 'Dreadnode' जैसी कंपनियों का अधिग्रहण भी कर रही है। क्राउडस्ट्राइक का यह नया AI किल स्विच कंपनियों को बिना किसी डर के नए AI टूल्स अपनाने की आजादी देता है, क्योंकि अब उनके पास एक ऐसा मास्टर स्विच है जो किसी भी गड़बड़ी को वहीं का वहीं रोक सकता है।