ड्रीमहोस्ट पर साइबर अटैक: दुनियाभर के ग्राहकों के लॉगिन डिटेल्स हुए लीक, क्या भारतीय यूजर्स पर भी है खतरा?

कुलदीप शर्मा
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीकुलदीप शर्मा
Thu, 05 Nov 2026 02:15 PM IST
सार
  • अमेरिकी वेब होस्टिंग कंपनी ड्रीमहोस्ट पर साइबर अटैक हुआ है।
  • कंपनी के 'फाइल मैनेजर' टूल में अगस्त 2026 में खामी का फायदा उठाकर हैकर्स ने घुसपैठ की और दो महीने तक अंदर बने रहे।
  • इस साइबर हमले में कई ग्राहकों के FTP/SFTP यूजरनेम, पासवर्ड, वेबमेल अकाउंट्स की जानकारी और सेशन टोकन लीक हो गए हैं।
  • ड्रीमहोस्ट का इस्तेमाल करने वाले भारतीय फ्रीलांसरों और कारोबारियों की वेबसाइट्स और ईमेल पर भी बड़ा खतरा मंडरा रहा है।
DreamHost Data Breach Hackers Steal Customer Logins Worldwide Indian Users at Risk
प्रतीकात्म इमेज - फोटो : Amar Ujala Digital

    विस्तार

    अगर आपकी वेबसाइट या बिजनेस ईमेल ड्रीमहोस्ट पर चलता है, तो यह खबर आपके लिए है। अमेरिका की इस वेब होस्टिंग कंपनी ने माना है कि उसके सिस्टम में हैकर्स घुस गए थे और कई महीनों तक किसी को भनक तक नहीं लगी। दुनियाभर में कंपनी के करीब 4 लाख पेड ग्राहक हैं। इनमें ब्लॉगर, फ्रीलांसर, डेवलपर, एजेंसियां और छोटे कारोबारी शामिल हैं, जो अपनी वेबसाइट, फाइलें और ईमेल इसी के भरोसे चलाते हैं। इसलिए यह मामला सिर्फ एक कंपनी की परेशानी नहीं, बल्कि उसके हजारों ग्राहकों की चिंता है।

    आखिर हुआ क्या था?

    रिपोर्ट्स के मुताबिक हैकर्स अगस्त 2026 में ड्रीमहोस्ट के 'फाइल मैनेजर' टूल की एक खामी का फायदा उठाकर अंदर घुसे। यह वही टूल है जिससे ग्राहक बिना अलग FTP एप के अपनी वेबसाइट की फाइलें खोलते और संभालते हैं। मामला तब खुला जब अक्टूबर में कंपनी की सर्विस अचानक बाधित हुई। इसके बाद कंपनी ने पासवर्ड रीसेट करना शुरू किया और 23 अक्टूबर को जांच में पता चला कि किसी बाहरी शख्स ने फाइल मैनेजर वाले सर्वर तक पहुंच बना ली थी। यानी हैकर्स करीब दो महीने तक चुपचाप अंदर बैठे रहे। हमलावर कौन थे यह अभी पता नहीं है। कंपनी ने उस खामी की तकनीकी जानकारी भी नहीं दी है। उसने बस इतना कहा है कि इस घटना का हाल ही में सामने आई PHP सॉफ्टवेयर की कमजोरियों से कोई संबंध नहीं है।

    ड्रीमहोस्ट पर साइबर अटैक: दुनियाभर के ग्राहकों के लॉगिन डिटेल्स हुए लीक, क्या भारतीय यूजर्स पर भी है खतरा?

    हैकर्स के हाथ क्या लगा?

    मामला सिर्फ वेबसाइट के पासवर्ड तक नहीं रुका। कंपनी के मुताबिक ये चीजें लीक हो सकती हैं:

    • उन ग्राहकों के FTP/SFTP यूजरनेम और पासवर्ड जिन्होंने इस दौरान फाइल मैनेजर में लॉगिन किया।
    • कुछ वेबमेल अकाउंट्स की ईमेल लॉगिन डिटेल्स
    • सेशन टोकन जिनके सहारे बिना पासवर्ड डाले भी अकाउंट खुल सकता है।
    • कुछ गिने-चुने मामलों में इनबॉक्स का कंटेंट, हैकर्स ने ईमेल पढ़े भी हो सकते हैं।

    थोड़ी राहत की बात यह है कि कंपनी को कंट्रोल पैनल लॉगिन या बिलिंग जानकारी में सेंध का कोई सबूत नहीं मिला है। ड्रीमहोस्ट पूरे कार्ड नंबर अपने पास रखती भी नहीं, क्योंकि पेमेंट बाहरी पेमेंट प्रोसेसर के जरिए होता है।

    कितने ग्राहक प्रभावित हुए?

    सही आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है। कंपनी ने जानकारी दी है कि प्रभावित ग्राहक कुल ग्राहकों के 10 प्रतिशत से 'काफी कम' हैं। लेकिन 4 लाख ग्राहकों में छोटा हिस्सा भी हजारों अकाउंट हो सकता है। कंपनी ने सबसे पहले उन ईमेल और FTP/SFTP यूजर्स के पासवर्ड रीसेट किए, जिनकी जानकारी लीक होने का अंदेशा था। बाद में उसने साफ किया कि शुरुआती नोटिफिकेशन पाने वाले हर ग्राहक पर असर पड़ा हो, यह जरूरी नहीं। जांच अभी चल रही है और प्रभावित अकाउंट्स की अंतिम गिनती नहीं आई है।

    कंपनी ने इस पर क्या कदम उठाए?

    हमले का पता चलते ही ड्रीमहोस्ट ने प्रभावित फाइल मैनेजर सर्वर बंद कर दिए और जांच शुरू कर दी। खामी को दूर किया गया, संदिग्ध अकाउंट्स के पासवर्ड रीसेट हुए और चालू सेशन भी खत्म कर दिए गए, ताकि हैकर्स अपनी हासिल की हुई पहुंच का दोबारा इस्तेमाल न कर सकें। अब फाइल मैनेजर को नए सिरे से बनाकर ज्यादा सुरक्षा और निगरानी के साथ दोबारा शुरू किया गया है। जांच में बाहरी साइबर सिक्योरिटी और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की मदद ली जा रही है। कंपनी का कहना है कि वह नियमों के हिसाब से रेगुलेटर्स और प्रभावित ग्राहकों को जानकारी दे रही है और अपने बाकी टूल्स में भी ऐसी कमजोरियां खोज रही है।

    भारतीय यूजर्स को कितना खतरा?

    ड्रीमहोस्ट ने देश के हिसाब से आंकड़े जारी नहीं किए हैं। इसलिए यह पक्का नहीं है कि भारत के कितने ग्राहक प्रभावित हुए, या हुए भी हैं या नहीं। लेकिन कंपनी पूरी दुनिया में सर्विस देती है, इसलिए भारत के फ्रीलांसर, ब्लॉगर, वेब डेवलपर और छोटे कारोबारी, जो इस पर साइट या ईमेल चलाते हैं, इसकी चपेट में आ सकते हैं। अगर आपको ड्रीमहोस्ट से सिक्योरिटी नोटिफिकेशन मिला है, तो मान लीजिए कि आपका अकाउंट खतरे में है। भारतीय यूजर्स के सामने खतरे वही हैं, जो बाकी दुनिया के सामने हैं:

    1. वेबसाइट पर कब्जा:चोरी हुए FTP/SFTP पासवर्ड से हैकर्स आपकी साइट पर गलत फाइलें डाल सकते हैं, उसे बदल सकते हैं या स्पैम और फिशिंग पेज चला सकते हैं।
    2. ईमेल के जरिए आगे की सेंध:अगर आपका ड्रीमहोस्ट ईमेल बैंकिंग, UPI से जुड़े अकाउंट, सोशल मीडिया या शॉपिंग साइट के रिकवरी ईमेल के तौर पर लगा है, तो इनबॉक्स हैक होने पर बाकी अकाउंट भी खतरे में पड़ सकते हैं।
    3. फिशिंग:लीक हुई जानकारी से 'पासवर्ड रीसेट करें' या 'आपकी होस्टिंग सस्पेंड हो गई है' जैसे नकली मेल बनाए जा सकते हैं। भारत में ठगी का यह तरीका काफी आम है।
    4. कानूनी जिम्मेदारी:जो भारतीय कंपनियां ड्रीमहोस्ट पर बनी साइट या मेलबॉक्स से ग्राहकों का डेटा संभालती हैं, उन्हें देखना होगा कि कहीं निजी डेटा तो उजागर नहीं हुआ। CERT-In के नियमों और डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट के तहत रिपोर्टिंग की जिम्मेदारी भी बन सकती है। ऐसे में किसी कानूनी या आईटी सलाहकार से बात कर लेना ठीक रहेगा।

    यूजर्स अब क्या करें?

    अगर आप ड्रीमहोस्ट इस्तेमाल करते हैं, खासकर अगर कंपनी का नोटिफिकेशन मिला है, तो ये कदम तुरंत उठाएं:

    1. पासवर्ड बदलें:ड्रीमहोस्ट के आधिकारिक कंट्रोल पैनल से FTP/SFTP और ईमेल, दोनों के पासवर्ड रीसेट करें।
    2. पुराना पासवर्ड कहीं और न रखें:अगर वही या मिलता-जुलता पासवर्ड किसी और साइट पर भी इस्तेमाल किया है, तो उसे भी बदल दें। हर अकाउंट का अलग पासवर्ड रखने से एक लीक का नुकसान सीमित रहता है।
    3. वेबसाइट की फाइलें जांचें:अपनी साइट की डायरेक्टरी में ऐसी फाइलें या बदलाव देखें, जो आपने नहीं किए।
    4. ईमेल सेटिंग्स खंगालें:फॉरवर्डिंग रूल और फिल्टर चेक करें। हैकर्स कई बार इन्हें बदलकर आपके मेल चुपचाप दूसरी जगह भेजने लगते हैं।
    5. फिशिंग से बचें:पासवर्ड रीसेट करने को कहने वाले अनजान मेल पर भरोसा न करें। ड्रीमहोस्ट ने साफ कहा है कि वह ईमेल में लिंक भेजकर पासवर्ड नहीं मांगती।

    सबसे सुरक्षित तरीका यह है कि ड्रीमहोस्ट की आधिकारिक वेबसाइट का पता सीधे ब्राउजर में टाइप करके अकाउंट खोलें और किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।

    अब आगे क्या होगा?

    ड्रीमहोस्ट की जांच अभी जारी है। कंपनी ने खामी दूर कर दी है और संभावित रूप से लीक हुए पासवर्ड रीसेट कर दिए हैं, लेकिन कई सवाल अब भी बाकी हैं। जैसे, हमला कितनी दूर तक गया और कितने ग्राहकों की जानकारी तक हैकर्स पहुंचे।

    यह घटना याद दिलाती है कि वेब होस्टिंग प्लेटफॉर्म पर कितना कुछ दांव पर होता है, क्योंकि वहां वेबसाइट की फाइलें, ईमेल अकाउंट और दूसरी अहम जानकारी एक ही जगह रखी होती है। फिलहाल प्रभावित ग्राहकों को कंपनी के सुरक्षा निर्देशों का पालन करना चाहिए और अपनी वेबसाइट फाइलों व ईमेल पर नजर रखनी चाहिए। कंपनी ने कहा है कि जांच में कुछ बड़ा सामने आया, तो वह अपडेट जरूर देगी।