अलर्ट: आईफोन में है पुराना आईओएस तो तुरंत करें अपडेट, सरकार ने दी बड़ी चेतावनी, इन प्रोडक्ट्स पर भी खतरा
भारत सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने आईफोन और अन्य एप्पल डिवाइस यूजर्स के लिए गंभीर चेतावनी जारी की है। एजेंसी के मुताबिक, पुराने सॉफ्टवेयर वाले डिवाइस हैकर्स का आसान शिकार बन सकते हैं। डेटा को सुरक्षित रखने के लिए तुरंत लेटेस्ट ओएस अपडेट इंस्टॉल करने की सलाह दी गई है।

विस्तार
अगर आप भी आईफोन या एपल के दूसरे गैजेट्स के दीवाने हैं और सॉफ्टवेयर अपडेट के नोटिफिकेशन को अक्सर अनदेखा कर देते हैं, तो अब आपको अपनी यह आदत फौरन बदलनी होगी। भारत सरकार की साइबर सिक्योरिटी मॉनिटरिंग संस्था इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In) ने एपल के इकोसिस्टम में कई बड़ी और गंभीर तकनीकी खामियों को उजागर किया है। इस खामी की वजह से साइबर क्रिमिनल्स आपके डिवाइस का पूरा कंट्रोल अपने हाथों में ले सकते हैं, जिससे आपकी बैंकिंग डिटेल्स और प्राइवेट तस्वीरों जैसी संवेदनशील जानकारी सीधे तौर पर खतरे में पड़ सकती है।
हैकर्स की नजर में पुराने आईओएस वर्जन
एजेंसी द्वारा 21 सितंबर 2026 को जारी हाई-सीवेरिटी अलर्ट में साफ तौर पर कहा गया है कि एपल के कई ऑपरेटिंग सिस्टम्स हैकर्स के राडार पर हैं। रिपोर्ट के अनुसार, जिन यूजर्स के पास आईओएस और आईपैडओएस 26.7 से पुराने वर्जन मौजूद हैं, उनके डिवाइस सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। सिर्फ मोबाइल ही नहीं, बल्कि मैकओएस गोल्डन गेट 27, ताहो 26.7 और सिकोइया 15.8 पर चलने वाले मैक कंप्यूटर्स भी इस डिजिटल सेंधमारी की जद में आ सकते हैं।
अन्य प्रोडक्ट्स के लिए भी चेतावनी
सरकारी चेतावनी के मुताबिक, एपल टीवी इस्तेमाल करने वालों को अपने सिस्टम को टीवीओएस 27 पर अपडेट करना होगा। इसी तरह, एपल वॉच के लिए वॉचओएस 27 और एपल विजन प्रो के लिए विजनओएस 27 को तुरंत डाउनलोड करने की सलाह दी गई है। सफारी ब्राउजर और एक्सकोड के वर्जन 27 में भी जरूरी सिक्योरिटी पैच जारी किए गए हैं। इन सभी डिवाइस के सॉफ्टवेयर में मेमोरी मैनेजमेंट और डेटा ऑथेंटिकेशन से जुड़ी कमजोरियां पाई गई हैं, जिनका फायदा उठाकर हैकर्स बिना आपकी इजाजत के आपके डिवाइस को क्रैश कर सकते हैं या फिर भीतर छिपी अहम जानकारियां चुरा सकते हैं।
सुरक्षित रहने के लिए क्या करें?
इस बड़े खतरे से बचने का सबसे सीधा और सुरक्षित तरीका डिवाइस का तुरंत अपडेट होना है। अगर आप अपने आईफोन का मौजूदा सॉफ्टवेयर स्टेटस जानना चाहते हैं, तो सबसे पहले अपने फोन की सेटिंग्स में जाएं। वहां से जनरल ऑप्शन पर टैप करके अबाउट सेक्शन को खोलें। यहां आपको अपने फोन का मौजूदा आईओएस वर्जन दिख जाएगा। यदि वह लेटेस्ट वर्जन पर नहीं है, तो वापस जनरल मेन्यू में जाकर सॉफ्टवेयर अपडेट पर क्लिक करें और बिना देरी किए नया ओएस इंस्टॉल कर लें। ऐसा करने से आपका एपल डिवाइस साइबर ठगों की पहुंच से पूरी तरह महफूज हो जाएगा।
- 25,000 रुपये में भारत के टॉप 7 स्मार्टफोन: वीवो टी4 5जी से लेकर मोटोरोला एज 60 फ्यूजन तक, देखें पूरी लिस्ट
- फ्लिपकार्ट सेल: ₹80,000 से भी कम में मिलेगा आईफोन 17, गैलेक्सी एस25 पर मिल सकती है ₹10,000 की छूट, जानें ऑफर्स
- 6720एमएएच बैटरी और पी-ओएलईडी डिस्प्ले: 18,000 रुपये से कम में खरीदें ये 5 दमदार और स्टाइलिश फोन, देखें लिस्ट
- 2000 रुपये के बजट में 5 बेस्ट ब्लूटूथ ईयरबड्स: नॉइज कैंसिलेशन, फास्ट चार्जिंग और 50 घंटे तक प्लेबैक सपोर्ट