एयरटेल यूजर्स के लिए खास ऑफर: इस प्लान के साथ मिल रहा फ्री यूट्यूब प्रीमियम सब्सक्रिप्शन, कब तक रहेगा वैध?

जागृति शुक्ला
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Sat, 24 Oct 2026 03:00 PM IST
सार

भारती एयरटेल अपने प्रीपेड ग्राहकों को यूट्यूब प्रीमियम का फायदा दे रही है। इस ऑफर में 30GB अतिरिक्त मोबाइल डेटा भी शामिल है। ग्राहक बिना विज्ञापन के यूट्यूब वीडियो और शॉर्ट्स देख सकेंगे। आइए जानते हैं इस प्लान के बारे में डिटेल में...

Unlock Free YouTube Premium, Airtel Rolls Out New ₹200 Add on Pack Extra Data
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : एआई जनरेटेड

    विस्तार

    भारती एयरटेल ने अपने प्रीपेड ग्राहकों के लिए यूट्यूब प्रीमियम का फायदा पेश किया है। कंपनी ने यूट्यूब के साथ साझेदारी के बाद 200 रुपये वाले ओटीटी टॉप-अप में पेड सब्सक्रिप्शन शामिल किया है। इस ऑफर के तहत ग्राहकों को 28 दिनों के लिए यूट्यूब प्रीमियम के साथ 30GB अतिरिक्त मोबाइल डेटा भी मिलेगा। इससे यूजर्स यूट्यूब पर नियमित वीडियो और शॉर्ट्स बिना विज्ञापन के देख सकेंगे। साथ ही, उन्हें बैकग्राउंड प्लेबैक, वीडियो डाउनलोड और यूट्यूब म्यूजिक प्रीमियम जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।

    एयरटेल के 200 रुपये वाले पैक में क्या-क्या मिलेगा?

    1. यूट्यूब प्रीमियम:वीडियो और शॉर्ट्स पर विज्ञापनों से छुटकारा।
    1. 30GB अतिरिक्त डेटा: इंटरनेट इस्तेमाल के लिए अतिरिक्त मोबाइल डेटा।
    1. 28 दिन की वैधता:टॉप-अप से मिलने वाले लाभ 28 दिनों तक उपलब्ध रहेंगे।
    • यहां ध्यान देने वाली बात है कि 200 रुपये का पैक सामान्य प्रीपेड रिचार्ज प्लान नहीं, बल्कि ओटीटी टॉप-अप है। इसे खरीदने के लिए ग्राहक के पास पहले से एक सक्रिय प्रीपेड रिचार्ज होना चाहिए।

    यूट्यूब प्रीमियम में क्या सुविधाएं मिलेंगी?

    यूट्यूब प्रीमियम के साथ यूजर्स को वीडियो देखने और म्यूजिक सुनने का अनुभव बेहतर बनाने वाली कई सुविधाएं मिलती हैं। जो इस प्रकार हैं...

    बिना विज्ञापन के देख सकेंगे वीडियो

    इस सब्सक्रिप्शन के बाद यूट्यूब के वीडियो और शॉर्ट्स देखते समय प्लेटफॉर्म की ओर से दिखाए जाने वाले विज्ञापन नहीं आएंगे। हालांकि, क्रिएटर्स के वीडियो में शामिल स्पॉन्सरशिप और कुछ प्रमोशनल कंटेंट फिर भी दिखाई दे सकते हैं।

    दूसरे एप चलाते हुए भी चलेगा वीडियो

    इसके अलावा यूट्यूब प्रीमियम में बैकग्राउंड प्लेबैक की सुविधा मिलती है। यानी यूजर वीडियो चलाकर दूसरे एप पर जा सकते हैं। सपोर्टेड वीडियो फोन की स्क्रीन बंद होने पर भी चलते रह सकते हैं।

    इंटरनेट के बिना भी देख सकेंगे वीडियो

    साथ ही यूजर्स वीडियो डाउनलोड करके अपने फोन में रख सकते हैं। इससे बाद में बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी डाउनलोड किए गए वीडियो देखे जा सकते हैं।

    यूट्यूब म्यूजिक प्रीमियम का भी फायदा

    इस ऑफर में यूट्यूब म्यूजिक प्रीमियम भी शामिल होगा। जिससे यूजर्स बिना किसी विज्ञापन और डिस्ट्रैक्शन के म्यूजिक स्ट्रीम कर सकते हैं।

    एयरटेल के ओटीटी ऑफर में और क्या-क्या मिलता है?

    यूट्यूब प्रीमियम एयरटेल की मौजूदा मनोरंजन सेवाओं की सूची में नया नाम है, लेकिन पहले भी कंपनी कई ओटीटी प्लान्स को फ्री में अपने ग्राहकों तक पहुंचा रही है। इसमें प्राइम वीडियो, जियो हॉटस्टार, ZEE5 प्रीमियम, सोनीलिव और 18 से अधिक अन्य ओटीटी प्लेटफॉर्म शामिल हैं।

    इस तरह कंपनी अपने ग्राहकों को एक ही टेलीकॉम सेवा के साथ वीडियो और म्यूजिक से जुड़े कई मनोरंजन विकल्प उपलब्ध करा रही है।

    एयरटेल पर फ्री यूट्यूब प्रीमियम कैसे क्लेम करें?

    • सबसे पहले फोन में एयरटले एप खोलें।
    • एप में रिवाॅर्ड्स एंड ओटीटी सेक्शन पर जाएं।
    • वहां यूट्यूब प्रीमियम का लाभ खोजें।
    • यूट्यूब प्रीमियम ऑफर पर टैप करें।
    • सब्सक्रिप्शन क्लेम करने और एक्टिवेट करने के लिए स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करें।

    यूट्यूब प्रीमियम कितने दिन तक मिलेगा?

    इस ऑफर के तहत मिलने वाले लाभों की वैधता 28 दिन है। जो कि 200 वाले रिचार्ज की होती है। पैक की वैलिडिटी खत्म होने के बाद इन लाभों को जारी रखने के लिए ग्राहक को दोबारा टॉप-अप खरीदना होगा। यह भी ध्यान रखें कि टॉप-अप की वैधता खत्म होने पर ही लाभ समाप्त होंगे। इसे एक्टिवेट करने से अलग से नया 28 दिनों का सब्सक्रिप्शन नहीं मिलेगा।