शाओमी 18 प्रो की कीमत लीक: अल्ट्रा-प्रीमियम सेगमेंट में एंट्री की तैयारी, भारत में इतने लाख हो सकती है कीमत

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Fri, 20 Nov 2026 05:45 PM IST
सार
  • शाओमी अपने नए फ्लैगशिप फोन के साथ भारत के प्रीमियम स्मार्टफोन बाजार में बड़ी एंट्री कर सकती है।
  • शाओमी 18 प्रो की संभावित कीमत 1.7 लाख रुपये तक बताई जा रही है।
  • खास बात है कि इसमें पीछे की तरफ भी AMOLED डिस्प्ले और 200MP के दो कैमरे मिल सकते हैं।
xiaomi 18 pro price india launch expected specifications 200mp camera amoled display battery
शाओमी 18 प्रो चीन के बाजार में पहले ही लॉन्च हो चुका है। - फोटो : शाओमी

    विस्तार

    शाओमी अपने नए फ्लैगशिप स्मार्टफोन शाओमी 18 प्रो के साथ भारत के अल्ट्रा-प्रीमियम सेगमेंट में उतरने की तैयारी कर रही है। एक ताजा लीक के मुताबिक, इसकी कीमत 1.6 लाख से 1.7 लाख रुपये के बीच हो सकती है। टिप्स्टर योगेश बरार ने 20 नवंबर को एक्स पर यह जानकारी साझा की है। हालांकि, कंपनी ने अभी फोन की भारतीय कीमत और लॉन्च डेट की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

    शाओमी 18 प्रो की संभावित कीमत

    लीक के अनुसार, भारत में इंपोर्ट ड्यूटी समेत शाओमी 18 प्रो की कीमत 1,60,000 से 1,70,000 रुपये तक हो सकती है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि यह कीमत किस रैम और स्टोरेज वेरिएंट की होगी।

    तुलना करें तो चीन में इसका शुरुआती वेरिएंट 12GB रैम और 256GB स्टोरेज के साथ करीब 86,000 रुपये में उपलब्ध है। वहीं, 16GB रैम और 1TB स्टोरेज वाले टॉप वेरिएंट की कीमत करीब 1.29 लाख रुपये है।

    शाओमी 18 प्रो के फीचर्स

    शाओमी 18 प्रो में 6.4 इंच का AMOLED डिस्प्ले मिलेगा। फोन के पिछले हिस्से पर भी एक सेकेंडरी AMOLED स्क्रीन दी गई है। इसमें क्वालकॉम का स्नैपड्रैगन 8 एलीट जेन 6 प्रोसेसर मिलने की बात कही गई है।

    फोटोग्राफी के लिए इसमें तीन रियर कैमरे होंगे। इनमें 200MP का प्राइमरी कैमरा, 200MP का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा और 50MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा शामिल है।

    फोन में 6,000mAh की बैटरी मिल सकती है, जो 100W वायर्ड और 50W वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट करेगी।

    शाओमी 18 की भी तैयारी

    इस बीच कंपनी चीन में स्टैंडर्ड शाओमी 18 के लिए प्री-ऑर्डर ले रही है। इसके प्रमोशनल पोस्टर पर लाइका की ब्रांडिंग दिखाई गई है, जिससे कैमरा सिस्टम में लाइका की साझेदारी के संकेत मिलते हैं।

    लीक के मुताबिक, इस फोन में 6.4 इंच की 1.5K LTPO OLED स्क्रीन, 120Hz रिफ्रेश रेट और स्नैपड्रैगन 8 एलीट जेन 6 चिपसेट मिल सकता है। इसमें 7,000mAh बैटरी और 100W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलने की भी चर्चा है। हालांकि, शाओमी ने अभी इसके फीचर्स और लॉन्च डेट का खुलासा नहीं किया है।

    और पढ़ें...