फ्री वाई-फाई इस्तेमाल करते समय न करें ये गलतियां: लापरवाही से खाली हो सकता है बैंक अकाउंट, कैसे रहें सुरक्षित?
मेट्रो स्टेशन, एयरपोर्ट, होटल और कैफे जैसे सार्वजनिक जगहों पर मिलने वाला फ्री वाई-फाई आपका मोबाइल डेटा तो बचाता है, लेकिन बिना जांचे-परखे अंजान नेटवर्क से कनेक्ट होना साइबर खतरे को न्योता दे सकता है। हैकर्स इविल ट्विन या फेक नेटवर्क के जरिए आपकी जानकारी चुरा सकते हैं। जानिए पब्लिक वाई-फाई का इस्तेमाल करते समय किन-किन गलतियों से बचना चाहिए।

विस्तार
आजकल मोबाइल डेटा बचाने के लिए लोग मेट्रो, एयरपोर्ट, होटल, कैफे और शॉपिंग मॉल में मिलते ही फ्री वाई-फाई से फोन तुरंत कनेक्ट कर लेते हैं। हर फ्री वाई-फाई नेटवर्क खतरनाक नहीं होता, लेकिन किसी अंजान या अनसिक्योर्ड नेटवर्क से बिना जांचे-परखे जुड़ना आपकी ऑनलाइन सेफ्टी और प्राइवेसी के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। साइबर अपराधी सार्वजनिक जगहों का फायदा उठाकर फर्जी वाई-फाई हॉटस्पॉट के जरिए आपकी निजी जानकारी और बैंकिंग क्रेडेंशियल्स चुरा सकते हैं।
1. फेक वाई-फाई नेटवर्क से सावधान रहें
- इविल ट्विन अटैक: हैकर्स किसी लोकप्रिय कैफे या एयरपोर्ट के असली वाई-फाई से मिलता-जुलता नाम रखकर अपना वाई-फाई चला देते हैं।
- बचाव:यूजर धोखे से उस फेक नेटवर्क से कनेक्ट हो जाता है। इसलिए किसी भी पब्लिक वाई-फाई से जुड़ने से पहले वहां के स्टाफ से नेटवर्क का सही नाम और पासवर्ड जरूर पूछें।
2. एचटीटीपीएस दिखना पूरी सुरक्षा की गारंटी नहीं
- नेटवर्क vs वेबसाइट:वाई-फाई नेटवर्क की सुरक्षा और वेबसाइट की सुरक्षा दो अलग-अलग चीजें हैं।
- पॉप-अप फ्रॉड: अगर वाई-फाई से कनेक्ट होते ही कोई संदिग्ध पॉप-अप या पेज आपसे अचानक पासवर्ड, बैंक विवरण या क्रेडिट कार्ड की जानकारी मांगे, तो तुरंत उस विंडो को बंद कर दें।
3. सार्वजनिक वाई-फाई पर भूलकर भी न करें बैंकिंग
- बैंकिंग और पासवर्ड:फ्री नेटवर्क पर नेट बैंकिंग, यूपीआई ट्रांसफर या क्रेडिट कार्ड डिटेल्स दर्ज करने से बचें।
- अकाउंट लॉगिन:किसी बेहद संवेदनशील सरकारी या पर्सनल ईमेल अकाउंट में लॉगिन न करें। ऐसे कामों के लिए हमेशा अपने फोन का मोबाइल डेटा या पर्सनल हॉटस्पॉट ही इस्तेमाल करें।
4. फोन का ऑटो कनेक्ट फीचर रखें बंद
- खुद ब खुद कनेक्शन:ऑटो-कनेक्ट ऑन होने से फोन आसपास मौजूद किसी भी खुले या फर्जी नेटवर्क से बिना आपकी अनुमति के जुड़ जाता है।
- बचाव: फोन की नेटवर्क सेटिंग्स में जाकर ऑटो-जॉइन या ऑटो कनेक्ट ऑप्शन को हमेशा बंद रखें।
5. काम खत्म होते ही वाई-फाई करें डिस्कनेक्ट और फॉर्गेट
अगर मान लीजिए बहुत जरूरी काम है, तो आपको मजबूरत पब्लिक वाई-फाई का इस्तेमाल करना पड़ रहा है, तो काम हाेते ही सबसे पहले अपना वाई-फाई बंद करें। फोन की सेव्ड नेटवर्क लिस्ट में जाकर उस वाई-फाई को फॉर्गेट नेटवर्क कर दें, ताकि भविष्य में फोन उस जगह जाने पर अपने आप कनेक्ट न हो।