बरेली: प्रेम प्रसंग की रंजिश में दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग, गोली लगने से बुजुर्ग की मौत, दो आरोपी गिरफ्तार
बरेली के आंवला क्षेत्र में लठैता मोड़ के पास शनिवार शाम दो पक्षों में फायरिंग हो गई। इस बीच गुजर रहे दूसरे समुदाय के बुजुर्ग की गोली लगने से मौत हो गई। मोहल्ला पुरैना ढाल निवासी सुमित भी घायल हो गए।
विस्तार
बरेली के आंवला क्षेत्र में लठैता मोड़ के पास शनिवार सरेशाम प्रेम प्रसंग की रंजिश में दो पक्षों के बीच फायरिंग हुई। इसमें सज्जाद अंसारी (65) की गोली लगने से मौत हो गई। वहां से गुजर रहे पुरैना ढाल निवासी सुमित भी घायल हो गए। पुलिस की प्रारंभिक जांच में भी प्रेम प्रसंग की रंजिश सामने आई, पर रुपयों के लेन-देन का जिक्र कर पिता-पुत्रों समेत तीन नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
शिकायतकर्ता अफसार अहमद ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके पिता ने दो साल पहले झाऊ लाला से 50 हजार रुपये ब्याज पर लिए थे। उन्होंने और उनके पिता ने अब तक 80 हजार रुपये लौटा दिए हैं। इसके बावजूद झाऊ लाला और उसके बेटे 50 हजार रुपये और मांग रहे थे। वे रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दे रहे थे।
शाम को जब अफसार अहमद और उनके पिता अपनी भांजी को दवा दिलाने जा रहे थे, तभी झाऊ लाला, उसके बेटे मोहित, रोहित और तीन अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया और रुपये मांगने लगे। अफसार के पिता सज्जाद अंसारी ने कुछ समय बाद रुपये देने की बात कही तो झाऊ लाला आगबबूला हो गया। उसने बेटों मोहित और रोहित से गोली मारने के लिए कहा।
मोहित ने चलाई गोली
इस पर मोहित ने अफसार अहमद के पिता सज्जाद अंसारी को गोली मार दी। रोहित ने अफसार अहमद पर भी गोली चलाई, लेकिन वह भागकर बच गए। फायरिंग की आवाज सुनकर भीड़ जुटी तो आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए भाग गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सज्जाद को अस्पताल पहुंचाया। वहां उनकी मौत हो गई। अफसार अहमद की तहरीर पर झाऊ लाला, रोहित, मोहित और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और हत्या की कोशिश की रिपोर्ट दर्ज की गई है
एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग की रंजिश में हत्या की बात सामने आई है। हालांकि, ब्याज के रुपये का विवाद दिखाकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। विवेचना में सच्चाई सामने लाई जाएगी। फिलहाल दो आरोपियों मोहित व रोहित को गिरफ्तार कर लिया गया है।