बदायूं में वारदात: लूट का विरोध करने पर दुकानदार को पीटा, आरोपियों ने मां को कार से कुचला
बदायूं के मुजरिया क्षेत्र में एक महिला को कार से कुचल दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। महिला अपने बेटे को बचाने पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने उनके ऊपर कार चढ़ा दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
विस्तार
बदायूं के मुजरिया क्षेत्र के गांव कौल्हाई में रविवार रात 50 हजार रुपये लूटने का विरोध करने पर पांच आरोपियों ने दुकानदार राजेंद्र की पिटाई कर दी। राजेंद्र को बचाने आई उनकी मां लज्जावती (50) को आरोपियों ने कार से कुचलकर मार डाला।
वारदात के बाद पांचों आरोपी मौके से भाग गए। उनकी गिरफ्तारी और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग करते हुए परिजनों ने सोमवार दोपहर बदायूं-मेरठ हाईवे पर मुजरिया थाने के पास आधे घंटे जाम लगाया। कौल्हाई के ही रहने वाले राजेंद्र गांव में बिहारीपुर मार्ग पर परचून की दुकान चलाते हैं।
उसके ठीक पीछे खेत में उन्होंने मकान बना रखा है। राजेंद्र ने बताया कि रविवार रात करीब नौ बजे वह दुकान पर थे। तभी कौल्हाई का अनुज अपने बड़े भाई जतन, गांव के ही हिमांशु और उझानी के गांव जुनैया में रहने वाले मौसेरे भाइयों सतेंद्र व अंकित के साथ कार से आया।
राजेंद्र के मुताबिक उन लोगों ने सिगरेट खरीदकर रुपये दिए तो वह गल्ले में रखने लगा। तभी युवकों ने गल्ले में पहले से रखे 50 हजार रुपये लूट लिए। राजेंद्र का कहना है कि यह रकम उन्हें खेत के हिस्से का सौदा करने पर बयाने के रूप में मिली थी। लूट का विरोध करने पर युवकों ने उन्हें दुकान से खींचकर पीटा।
शोर सुनकर घर से मां लज्जावती बचाने पहुंचीं। आरोप है कि इस पर एक युवक ने उन्हें धक्का दे दिया। फिर अनुज ने उन पर कार चढ़ा दी। पांचों युवक मौके से भाग गए। परिजन लज्जावती को सहसवान सीएचसी ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश की, मगर कोई हाथ नहीं आया।
पिटाई का वीडियो वायरल
राजेंद्र को पीटे जाने का आसपास के लोगों ने वीडियो बना लिया। यह सोमवार को वायरल हो गया। हालांकि लज्जावती पर कार से टक्कर मारने या कुचलने का वीडियो सामने नहीं आया है।
गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि दुकान पर बेटे को पिटाई से बचाने आई मां को आरोपियों ने कार से कुचल दिया। इससे उनकी मौत हो गई है। इस संबंध में डकैती के दौरान हत्या किए जाने की धारा 310 (3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। शीघ्र ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।