हाथरस: पत्नी के दिए दूध को पीने से पति-बच्चों की तबीयत बिगड़ी, मासूम की मौत, बाप-बेटा अलीगढ़ मेडिकल रेफर
पुलिस का दावा है कि रात में काजल ने भी दूध पीया था। दूसरी तरफ मकान मालिक और पड़ोसियों के अनुसार, काजल ने 10-10 रुपये वाले दो पैकेट दूध लिए थे। दोनों मिलाकर 360 मिली लीटर दूध होता है जो चार लोगों के लिए पर्याप्त नहीं। दावे के विपरीत यदि काजल ने दूध पीया तो उसे कोई समस्या क्यों नहीं हुई।
विस्तार
कोतवाली हाथरस गेट के मोहल्ला खंदारी गढ़ी में बृहस्पतिवार देर रात दूध पीने के बाद दो मासूम बच्चों व उनके सौतेले पिता की हालत बिगड़ गई। देर रात जिला अस्पताल में पांच वर्ष के आशु को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। आशु के बड़े भाई जोऐब (6) व सौतेले पिता मोहम्मद दानिश का अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस मामले में महिला के दूसरे पति एवं दोनों बच्चों के पिता जाहिद ने मां काजल पर दूध में जहर देने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि वह काजल के दूसरे पति थे जिसे उसने छोड़ दिया और मो. दानिश के साथ रहने लगी। जोऐब (6) व आशु (5) भी उसके साथ ही थे। दानिश एक जूते के शोरूम में काम करते हैं। कुछ महीने इधर-उधर रहने के बाद दानिश व काजल दोनों बच्चों के साथ आठ दिन पहले खंदारी गढ़ी में ज्ञानदेव के मकान में किराये पर रहने पहुंचे।
मकान के बाहर ज्ञानदेव की किराने की दुकान है। बृहस्पतिवार की रात काजल ने ज्ञानदेव की दुकान से 10 रुपये वाले दूध के दो पैकेट लिए। यही दूध रात करीब 10 बजे उसे जोऐब, आशु और दानिश को पीने के लिए दिए। आधे घंटे बाद तीनों की तबीयत खराब होने लगी। रात 1 बजे दानिश और काजल बच्चों के साथ जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे। डॉक्टरों ने कुछ देर बाद आशु को मृत घोषित कर दिया। दानिश और जोऐब को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। आशु की मौत की खबर सुनकर काजल के पहले पति जाहिद अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल होते हुए कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि दोनों बच्चे उसके हैं। उन्होंने काजल पर दूध में जहर देकर हत्या किए जाने की आशंका जाहिर की।
धुले मिले कपड़े, घर में की गई थी सफाई
घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम काजल के कमरे पर पहुंची। जिन कपड़ों में बच्चों ने उल्टी की थी वे धुले मिले। दूसरे कपड़ों में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया था। वहीं, घर में भी सफाई भी की गई थी। टीम ने रसोई में मिले ग्लास व अन्य बर्तन से नमूने एकत्रित किए हैं। नमूनों का विश्लेषण किया जा रहा है।
पुलिस के दावे पर उठ रहे सवाल
पुलिस का दावा है कि रात में काजल ने भी दूध पीया था। दूसरी तरफ मकान मालिक और पड़ोसियों के अनुसार, काजल ने 10-10 रुपये वाले दो पैकेट दूध लिए थे। दोनों मिलाकर 360 मिली लीटर दूध होता है जो चार लोगों के लिए पर्याप्त नहीं। दावे के विपरीत यदि काजल ने दूध पीया तो उसे कोई समस्या क्यों नहीं हुई।
पोस्टमार्टम में रिपोर्ट में बच्चे की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। बच्चे को जहर दिए जाने की आशंका है इसलिए विसरा सुरक्षित किया गया है। विसरा की रिपोर्ट में मौत की वजह साफ होगी। इधर, जिला अस्पताल के इमरजेंसी रिकॉर्ड में भी चिकित्सक ने जहर की बात लिखी है। -चिरंजीवनाथ सिन्हा, एसपी