Farrukhabad: स्कूल से लौट रही बच्ची खुले कुएं में गिरी, तीन घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया
Farrukhabad News: कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर स्कूल से घर लौट रही पांच वर्षीय छात्रा कुएं में गिर गई। करीब तीन घंटे के रेस्क्यू के बाद छात्रा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उसे उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव जहानपुर में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां बृहस्पतिवार दोपहर स्कूल से घर लौट रही पांच वर्ष की छात्रा सौम्या मुख्य मार्ग के किनारे बने एक खुले कुएं पर रखी पटिया टूटने से सीधे अंदर जा गिरी। घटना के समय उसकी बड़ी बहन भी उसके साथ थी। बहन के तुरंत शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए और प्रशासन को सूचना दी।
तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया बाहर
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और सुरक्षा महकमे में हड़कंप मच गया। एसडीएम, सीओ, इंस्पेक्टर, फायर ब्रिगेड और स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरंत भारी दलबल के साथ मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और प्रशासनिक टीम के संयुक्त प्रयासों से करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद छात्रा को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया गया।
अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर
कुएं से बाहर निकालने के बाद छात्रा को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कायमगंज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद से बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, लेकिन सुरक्षित बाहर निकाले जाने के बाद सभी ने राहत की सांस ली है। वहीं, मुख्य मार्ग पर खुला और जर्जर कुआं होने के कारण स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।