पुजारी हत्याकांड: कहा था-बेटा होगा, बेटी हुईं तो कर दी महंत की हत्या, पिता-पुत्र ने पुलिस पूछताछ में उगला सच
मुजफ्फरनगर के भौराकलां गांव में शिव मंदिर के पुजारी स्वामी देवानंद भारती की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, बेटे के जन्म की भविष्यवाणी गलत होने के विवाद में पिता-पुत्र ने हत्या की और पड़ोसी हरेंद्र को फंसाने की साजिश रची।
विस्तार
मुजफ्फरनगर जनपद के भौराकलां गांव के शिव मंदिर के पुजारी स्वामी देवानंद भारती की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल होने के आरोप में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान भौराकलां निवासी जीशान और उसके पिता हाशिम के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, स्वामी देवानंद भारती ने आरोपियों के परिवार में बेटा होने की भविष्यवाणी की थी, जो गलत साबित हुई। बेटी हुई तो परिवार में इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस का दावा है कि इसी रंजिश में आरोपियों ने पुजारी की गोली मारकर हत्या कर दी।
यह भी पढ़ें: अमित हत्याकांड: रविता-अमरदीप की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी, एडीजीसी बोलीं- पत्नी को कोई पछतावा नहीं
13 अक्टूबर को मंदिर के पुजारी की गोली मारकर हत्या
पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर को शिव मंदिर के पुजारी स्वामी देवानंद भारती की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। इनमें डीआईजी सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह, एसएसपी सूरज कुमार राय और एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक शामिल थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए।
पड़ोसी हरेंद्र को फंसाने की भी रची साजिश
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका अपने पड़ोसी हरेंद्र से भी विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पुजारी की हत्या करने के बाद इस मामले में हरेंद्र को फंसाने की साजिश रची थी।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हत्या के पीछे की वजह का पता चला। इस तरह पुजारी की हत्या के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र की संलिप्तता का खुलासा करने का दावा किया है।
मोटरसाइकिल, दो तमंचे और चार कारतूस बरामद
पुलिस ने तकनीकी सहायता और यक्ष ऐप से मिली सूचनाओं के आधार पर जीशान और हाशिम को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल ग्लैमर मोटरसाइकिल, दो तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
भौराकलां पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार, पुजारी की हत्या और पड़ोसी को फंसाने की कथित साजिश की कड़ियों को जांच के दौरान जोड़ा गया, जिसके बाद पिता-पुत्र की गिरफ्तारी की गई।