पीलीभीत में वारदात: मामूली कहासुनी होने पर धारदार हथियार से युवक की हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के रम्पुरा कपूरपुर गांव में बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े एक युवक की हत्या कर दी गई। आरोपी ने धारदार हथियार से युवक पर हमला कर उसका गला काट डाला। वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।
विस्तार
पीलीभीत के पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में कहासुनी होने पर घर के सामने से निकल रहे गांव रामपुर ताल्लुके महाराजपुर के पल्लेदार अरबाज (20 वर्ष) की बांका से ताबड़तोड़ प्रहार कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी घटनास्थल पर ही बांका छोड़कर भाग गए। पुलिस ने अरबाज के पिता मुन्ना खां की ओर से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एएसपी हिमांशु गौरव, सीओ विधि भूषण मौर्य ने घटना स्थल का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मुख्य आरोपी शहबाज को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना बृहस्पतिवार को दोपहर करीब दो बजे गांव रामपुर ताल्लुके महाराजपुर में हुई। गांव निवासी अरबाज, उसका भाई रियाज, चचेरा भाई अकरम, गांव का शहबाज सहित अन्य कई युवक गांव के समीप एक राइस मिल में पल्लेदारी करते थे। दोपहर को खाना खाने को सभी एक साथ घर आए। खाना खाकर अरबाज और उसका चचेरा भाई अकरम राइस मिल जा रहा था।
अकरम ने बताया कि अरबाज आगे जबकि उसके कुछ पीछे वह चल रहा था। गांव में अपने घर के सामने खड़े शहबाज और उसके परिजनों ने अरबाज की पिटाई शुरू कर दी। अकरम शुरुआत में अरबाज को बचाता रहा। शहबाज ने अरबाज पर बांके से प्रहार किए तो अकरम डरकर भाग खड़ा हुआ। मौके पर ही अरबाज की मौत हो गई। आरोपी घटना के बाद बांका मौके पर छोड़कर भाग गए।
मिल में बोरियां उठाने को लेकर हुई थी कहासुनी
मृतक के भाई रियाज ने बताया कि राइस मिल में पल्लेदारी के दौरान अक्सर उन लोगों में हंसी मजाक होती थी। बृहस्पतिवार को बोरियां उठाने को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसको लेकर अरबाज की हत्या कर दी गई। सूचना पर कोतवाल पवन कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एएसपी हिमांशु गौरव सीओ विधि भूषण मौर्य ने घटना स्थल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। रिपोर्ट दर्ज कर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश कोतवाल पवन कुमार पांडेय को दिए। पुलिस ने मुख्य आरोपी शहबाज को गिरफ्तार कर लिया।
घटना के बाद आरोपी पक्ष के लोग घर को खुला छोड़कर भाग गए। इसके अलावा आसपास के घरों में भी घटना के बाद तक ताले लटकते रहे। गांव में पुलिस तैनात की गई है। एएसपी हिमांशु गौरव ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। घटना की जांच कराई जा रही है।