यूपी: रेलवे महाप्रबंधक ने काशी और वाराणसी स्टेशन के निर्माण कार्य का लिया जायजा, दिए जरूरी निर्देश
काशी और वाराणसी स्टेशन के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के बाद रेलवे महाप्रबंधक ने बेहतर यात्री सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए। स्लीपर वंदेभारत के उद्घाटन के दो दिन पहले महाप्रबंधक का दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विस्तार
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडेय ने काशी और वाराणसी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्री सुविधाओं व निर्माण कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों से यात्री सुविधाओं पर निगरानी रखने को कहा।
वाराणसी जंक्शन से देश की दूसरी स्लीपर वंदेभारत ट्रेन का संचालन शुरू होना है। उद्घाटन के दो दिन पहले महाप्रबंधक का दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने स्टेशन के कॉनकोर्स भवन व नए स्टेशन भवन की संरचना को देखा। मंडल रेल प्रबंधक सुनील वर्मा की मौजूदगी में अपर मंडल रेल प्रबंधक बीके यादव ने संरचना के बारे में विस्तार से बताया।
महाप्रबंधक ने बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने, स्टेशन परिसर को अधिक सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की। महाप्रबंधक ने वाराणसी जंक्शन स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, यात्री आवागमन से संबंधित व्यवस्थाओं को भी देखा। इस दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रजनीश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
बनारस स्टेशन पर बाइक स्टैंड बंद, प्लेटफॉर्म एक पर चलेगा
बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या आठ की तरफ चलने वाले दोपहिया वाहन पार्किंग (बाइक स्टैंड) को बुधवार से अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि तीन एवं चार पहिया वाहन पार्किंग को 30 अक्तूबर से अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। इस अवधि में यात्रियों की सुविधा के लिए बनारस स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक की तरफ दोपहिया और तीन-चार पहिया वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है। एक नवंबर से प्लेटफॉर्म संख्या आठ पर सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था फिर से शुरू हो जाएगी।
पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से शहर के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। कमलापति त्रिपाठी गर्ल्स इंटर कॉलेज, कैंट, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, बरेका, कंचनपुर, भारतीय शिक्षा मंदिर इंटर कालेज, इंग्लिशिया लाइन में कक्षा 6 से 12 तक के 176 छात्र-छात्राओं ने 'मॉडर्न ट्रेन-वंदेभारत और विकसित बनारस, विकसित भारत’ विषय पर निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रतियोगिता में सफल छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा।