स्लीपर वंदेभारत: इमरजेंसी में चालक से होगी बात, हर कोच में कैमरा, सीट से नियंत्रित होगी एसी; 31 को उद्घाटन
बनारस स्टेशन से 31 अक्तूबर को रेलमंत्री दूसरी स्लीपर वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ट्रेन में सफर के दौरान झटके कम महसूस होंगे और यात्री अपनी सीट से एसी नियंत्रित कर सकेंगे। हर कोच में कैमरे, हॉट शॉवर की सुविधा होगी। यात्री जरूरत पड़ने पर चालक से भी बात कर सकेंगे।
विस्तार
वाराणसी से नई दिल्ली रूट पर चलने वाली देश की दूसरी स्लीपर वंदेभारत ट्रेन में हॉई टेक्नोलॉजी सिस्टम का लाभ यात्रियों को मिलेगा। ट्रेन के हर कोच की सीसी कैमरे से निगरानी होगी। ट्रेन के एसी फर्स्ट कोच में यात्रियों के लिए गर्म पानी से नहाने (हॉट शॉवर) की सुविधा दी गई है।
जरूरत के हिसाब से एसी को यात्री खुद अपनी सीट से एडजस्ट कर सकेंगे। कोच में टॉक बैक सिस्टम भी लगाया गया है। इससे इमरजेंसी की स्थिति में यात्री चालक से बात कर सकेंगे। इसमें स्वदेशी ‘कवच’ एंटी-कोलिजन सिस्टम लगाया गया है जो किसी भी आपात स्थिति या खतरे में अपने आप ब्रेक लगाकर टक्कर रोकने में पूरी तरह सक्षम है। स्लीपर वंदेभारत को रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव 31 अक्तूबर को बनारस रेलवे स्टेशन से रवाना करेंगे।
यात्रियों को मिलेगी सुविधा
यूपी की पहली स्लीपर वंदेभारत ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को मेट्रो ट्रेन और बहुत सी सुविधाएं ऐसी मिलेंगी, जो हवाई यात्रा के दौरान मिलती है। आरामदायक सीट होने के साथ ही ट्रेन में कवच सिस्टम भी लगा है। किसी तरह की इमरजेंसी की स्थिति में ट्रेन आगे बढ़ नहीं पाएगी। सामान्य स्लीपर ट्रेन की तुलना में इस वंदेभारत स्लीपर ट्रेन की सीट चौड़ी होने के साथ ही आरामदायक भी है। यात्रा के दौरान कोई झटका महसूस नहीं होगा। दरवाजे सामान्य वंदेभारत ट्रेन की तरह खुलेंगे।
हर कोच में यात्रियों को उनकी सीट के पास ही सी टाइप मोबाइल चार्जिंग, स्टेशन का नाम बताने वाला डिस्प्ले सिस्टम भी लगाया गया है। वंदेभारत स्लीपर ट्रेन के उद्घाटन में अब केवल चार दिन बचे हैं। ऐसे में बनारस स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर रेल मंत्री के हाथों उद्घाटन की तैयारी शुरू हो गई है।
उद्घाटन के लिए यार्ड में तैयार हो रही नई ट्रेन
लोहता स्टेशन से पहले बने वॉशिंग पिट के यार्ड में खड़ी नई स्लीपर वंदेभारत को उद्घाटन के लिए तैयार किया जा रहा है। सोमवार को 10 कर्मचारियों की टीम साफ-सफाई में लगी रही। कोच में यात्री सुविधाओं से जुड़े सामानों को नए सिरे से दिखाया जा रहा है। दोपहर में रेलवे से जुड़े अधिकारी भी पहुंचे और उन्होंने तैयारी में लगे कर्मचारियों को समय से काम पूरा करने को कहा। अगले एक दो दिन में यार्ड से बनारस स्टेशन तक ट्रायल रन करवाने की तैयारी है। इस बीच पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक के भी मंगलवार को बनारस स्टेशन पर आने की तैयारी है। वह डीआरएम समेत अन्य अधिकारियों से कार्यक्रम का जायजा लेंगे।
वाराणसी से नई दिल्ली तक स्लीपर वंदेभारत में यात्रियों को यात्रा के दौरान बहुत अच्छा लगेगा। इमरजेंसी के लिए टॉक बैक सिस्टम के साथ ही आधुनिक तकनीक वाली इस ट्रेन से यात्रा भी आरामदायक होगी। संचालन के बारे में आधिकारिक तारीख आते ही यात्रियों को जानकारी दी जाएगी। - बीके यादव, एडीआरएम उत्तर रेलवे