राहुल गांधी के बयान पर भाजपा का पलटवार: सांसद भट्ट ने कहा- विपक्ष की गरिमा को तार तार कर रहे हैं राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से अजीत डोभाल के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। पत्रकार वार्ता में भाजपा सांसद अजय भट्ट ने राहुल गांधी की टिप्पणी की निंदा करते हुए इसे बेहद शर्मनाक और दुखदायी बताया।
विस्तार
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। यहां आयोजित पत्रकार वार्ता में, भाजपा सांसद अजय भट्ट ने राहुल गांधी की इस टिप्पणी की निंदा करते हुए इसे बेहद शर्मनाक और दुखदायी बताया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड कांग्रेस इस पर अपना रूख साफ करे कि क्या वह राहुल की टिप्पणी से सहमत है या नहीं?
भाजपा संभाग कार्यालय में हुई वार्ता में सांसद भटट ने कहा कि अजीत डोभाल ने दशकों तक देश की सुरक्षा और राष्ट्रहित से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। कहा कि अजीत डोभाल पर उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश को गर्व है। उनके योगदान का सम्मान किया जाना चाहिए। सांसद ने कहा कि राहुल गांधी संसद में विपक्ष के नेता हैं। इसके बावजूद उन्होंने प्रजातंत्र के सिस्टम को ध्वस्त करने का काम किया है और विपक्ष की गरिमा को तार तार किया है। कहा कि कांग्रेस का काम राष्ट्भक्तों का अपमान करने के साथ साथ विदेशों में भारत के प्रधानमंत्री की आलोचना करना ही रह गया है। सांसद ने कहा कि राहुल गांधी को अपने इस कृत्य के लिए देश से मांफी मांगनी चाहिए। वार्ता में जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, नवीन भट्ट व नितिन राणा आदि मौजूद रहे।
स्क्रूटनी के बाद ही सौंपी जाती है महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाने को लेकर हो रहे विरोध के संबंध में पूछे जाने पर सांसद ने कहा कि बगैर प्रमाण के कुछ भी साबित नहीं होता। सरकार जब किसी को कोई दायित्व सौंपती है तो बहुत सोच समझकर और स्क्रूटनी करने के बाद ही सौंपती है। भट्ट ने कहा कि सरकार अंकिता भंडारी के परिवार के साथ खड़ी है। प्रदेश सरकार की मंत्री रेखा आर्या के वायरल वीडियो और गिरधारी साहू की ओर से रेखा पर लगाए जा रहे करोड़ों के भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सांसद भट्ट ने कहा कि केवल वीडियो वायरल होना पर्याप्त नहीं है। जिसके पास साक्ष्य हैं तो वह जांच एजेंसी को उपलब्ध कराए।