हल्द्वानी: एमबीपीजी कॉलेज में छात्र नेताओं के बीच बवाल, देर रात चार छात्रों पर FIR दर्ज; एक आरोपी हिरासत में
हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव प्रचार के दौरान हुए मारपीट और हंगामे के मामले में पुलिस ने देर रात चार छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। कार्रवाई की मांग को लेकर छात्र कोतवाली में घंटों धरने पर बैठे रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हल्द्वानी में छात्र नेता से मारपीट मामले में पुलिस ने मारपीट और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में शनिवार देर रात प्राथमिकी दर्ज हुई। इसमें चार लोगों को नामजद किया गया है। इनमें रुद्राक्ष गोस्वामी, कार्तिक बोरा,
हिमांशु भट्ट और मनोज बिष्ट हैं। हालांकि दिन में एक छात्रा ने छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए भी शिकायत दी थी लेकिन बाद में उसे वापस ले लिया। इसके बाद उप सचिव पद पर चुनाव की तैयारी करने वाले छात्र मानस आर्या की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज किया।
शनिवार को एमबीपीजी कॉलेज में चुनाव प्रचार के दौरान दो पक्षों में जमकर विवाद हुआ। झगड़ा तब शुरू हुआ जब मानस आर्या के प्रचार स्थल पर एक छात्रा से छेड़छाड़ की बात सामने आई। छात्रा के बुलाने पर पहुंचे मानस आर्या का आरोप था कि दूसरे पक्ष के छात्रों ने उन्हें प्राचार्य कार्यालय में जाने से रोका और बुरी तरह पीटा। इसके बाद हंगामा बढ़ता चला गया। सूचना पर पुलिस पहुंची लेकिन आरोपी छात्र नहीं माने और मारपीट करते रहे। पुलिस ने लाठियां भी फटकारीं लेकिन हालात काबू में नहीं आए। काफी देर की मशक्कत के बाद पुलिस हंगामा शांत करने में सफल हुई लेकिन कुछ ही घंटे के लिए। रात करीब 7ः30 बजे से मानस आर्या के समर्थक छात्र कोतवाली के अंदर धरने पर बैठ गए। आरोप था कि तहरीर दिए जाने के बावजूद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की। करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।
एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बाकी आरोपियों की लोकेशन सर्विलांस टीम ट्रेस कर रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -मनोज कुमार कत्याल, एसपी सिटी, हल्द्वानी