फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Nainital News ›   Congress anger over purification after Kharge rally haldwani at rudrapur

रुद्रपुर: शुद्धिकरण मामले ने पकड़ा सियासी तूल, कोतवाली पहुंचें कांग्रेसी; एससी-एसटी एक्ट में कार्रवाई की मांग

Mon, 31 Aug 2026 12:43 PM IST
Heera अमर उजाला नेटवर्क, ऊधम सिंह नगर
अमर उजाला नेटवर्क, ऊधम सिंह नगर Published by: Heera Updated Mon, 31 Aug 2026 12:43 PM IST
सार
Register For Event

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी रैली के बाद रामलीला मैदान के कथित 'शुद्धिकरण' मामले ने सियासी हलचल तेज कर दी है। सोमवार को रुद्रपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर विरोध किया और इस मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

विज्ञापन
Congress anger over purification after Kharge rally haldwani at rudrapur
खरगे की सभा के बाद शुद्धिकरण पर कांग्रेस में आक्रोश - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद कथित तौर पर मैदान का शुद्धिकरण किए जाने के मामले ने सियासी तूल पकड़ लिया है। सोमवार को रुद्रपुर में कांग्रेसियों ने कोतवाली पहुंचकर इस कार्रवाई का विरोध जताया और पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

विज्ञापन
सोमवार को महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता कोतवाली रुद्रपुर पहुंचे। उन्होंने कोतवाल को तहरीर सौंपते हुए गिरीश चंद्र पांडेय समेत 16 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। तहरीर में कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में अनुसूचित जाति से आने वाले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा हुई थी। आरोप है कि इसके बाद 10 अगस्त को गिरीश चंद्र पांडेय और अन्य लोगों ने मैदान में यज्ञ-मंगल छींटकर कथित रूप से शुद्धिकरण किया। कांग्रेस ने इसे अनुसूचित जाति के लोगों को सार्वजनिक रूप से अपमानित करने, सामाजिक भेदभाव को बढ़ावा देने और संविधान की भावना के विपरीत कृत्य बताया। कांग्रेसियों ने पुलिस से मामले की जांच कर एससी-एसटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि सत्ता के दबाव में विपक्षी नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता ऐसे अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
विज्ञापन

ठुकराल : नहीं हुई कार्रवाई तो होगा बढ़ा आंदोलन
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि पंतनगर कोतवाली में पूर्व में दी गई तहरीर पर अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पुलिस अगर मामले में कार्रवाई नहीं करती है तो कांग्रेस कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तहरीर देने के बाद भी मामले को लंबित रखना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

विज्ञापन
विज्ञापन


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व अन्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग
किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के नेतृत्व में कांग्रेस ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत अन्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

सोमवार को बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस को एक तहरीर सौंपी। तहरीर में कहा कि खरगे की जनसभा के दो दिन बाद 10 अगस्त को गिरीश चंद्र पांडे और 15 अन्य लोगों ने आपराधिक षड्यंत्र किया। उन्होंने संविधान का अनादर करते हुए सभास्थल का गंगाजल छिड़ककर अपमानजनक शुद्धिकरण किया। कहा कि 26 अगस्त को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि सफाई या शुद्धिकरण में कुछ भी गलत नहीं है। कांग्रेस का कहना है कि यह बयान उत्तराखंड भाजपा की इस अपमानजनक शुद्धिकरण कार्य में संलिप्तता को दर्शाता है। यह कृत्य सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने वाला है। कांग्रेस ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। 

मैदान का शुद्धिकरण करने वालों पर कार्रवाई की मांग
काशीपुर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ने श्री रामलीला मैदान में शुद्धिकरण करने के आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। सोमवार को कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में कांग्रेस महानगर अध्यक्षा अलका पाल ने कहा है कि आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट 1989, राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम 1971 और बीनएनएस की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत होना चाहिए। तहरीर पर हस्ताक्षर करने वालों में एआईसीसी सदस्य अनुपम शर्मा, जितेंद्र सरस्वती, मुशर्रफ हुसैन आदि थे। 

रामलीला मंच शुद्धिकरण प्रकरण में दी तहरीर
हल्द्वानी के रामलीला मैदान में खरगे की जनसभा के बाद मंच के कथित शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में गहरा रोष है। सोमवार को कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुलिस में तहरीर दी। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

कांग्रेस के प्रांतीय आह्वान पर ब्लॉक अध्यक्ष चंदन सिंह नयाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कोतवाली में उपनिरीक्षक प्रदीप शर्मा को तहरीर सौंपी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रामलीला मंच के शुद्धिकरण किए जाने के प्रकरण की जांच की मांग की। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष कांग्रेस राजेंद्र पाल सिंह, प्रदेश महासचिव सुमित्तर भुल्लर, प्रदेश सचिव त्रिनाथ विश्वास, शाकिर अली, शैलेंद्र शर्मा, रामविलास शाह, लखविंदर सिंह, मनोज देवराड़ी आदि मौजूद रहे। 

कांग्रेसियों ने आरोपियों के खिलाफ सौंपी तहरीर

बाजपुर में कांग्रेस के प्रदेश सचिव, चेयरमैन गुरजीत सिंह गित्ते की अगुवाई में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र होकर कोतवाली पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने कोतवाल नरेश चौहान को रामलीला मैदान के शुद्धिकरण की घटना के विरोध में आरोपियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई और गिरफ्तारी के लिए तहरीर सौंपी। आरोप है कि 10 अगस्त श्री राम धर्मार्थ सेवा न्यास अध्यक्ष गिरीश चंद्र पाण्डेय और 15 अन्य लोगों ने कथित तौर पर उक्त स्थल पर यज्ञ और गंगाजल छिड़ककर मैदान का शुद्धिकरण कर अपमानजनक कृत्य किया है। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। वहां विधायक प्रतिनिधि डीके जोशी, कांग्रेस नगर अध्यक्ष सत्यवान गर्ग, ब्लॉक अध्यक्ष पवन शर्मा, सभासद महेश कुमार, सिंह स्वरूप भारती, तनवीर खान गुड्डू, सुखवंत सिंह, अनुराग गर्ग, यावर खान, हामिद अली आदि मौजूद रहे। 

शुद्धिकरण और भाजपा विधायक के कथित बयान पर आक्रोश
जसपुर में कांग्रेस नगर अध्यक्ष हाजी मोहम्मद नाजिम और ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र गहलोत ने विधायक आदेश सिंह चौहान के नेतृत्व में कोतवाल राजेश पांडेय को दो अलग-अलग मामलों में तहरीर सौंपी। कार्यकर्ताओं ने संबंधित मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

सोमवार को कार्यकर्ता पहले सुभाष चौक पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए कोतवाली पहुंचे। नगर अध्यक्ष की तहरीर में विधायक शिव अरोरा की ओर से मुस्लिम समाज और कांग्रेस के संबंध में की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का उल्लेख करते हुए कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं दूसरी तहरीर में हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे से संबंधित कार्यक्रम के दौरान कथित आपत्तिजनक कृत्य को लेकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है। वहां आबिद नूरी, मोहम्मद इख्तियार, मोईनुद्दीन, मुजाहिद हुसैन, धर्मेंद्र कुमार, कमरूद्दीन, हिमांशु नंबरदार, रविंद्र शर्मा आदि सौजूद रहे। 

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजेश शुक्ला ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर दागे सवाल
किच्छा में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजेश शुक्ला ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से आठ अगस्त की कांग्रेस रैली के संबंध में हल्द्वानी में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम को लेकर दिए गए बयान पर सवाल उठाए। कहा कि राहुल गांधी ने बिना किसी ठोस प्रमाण के एक धार्मिक आयोजन को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जाति से जोड़कर पूरे प्रकरण को जातिगत रंग देने का प्रयास किया है। कहा कि राहुल गांधी आज तक ऐसा कोई ठोस प्रमाण सार्वजनिक नहीं कर पाए हैं जिससे यह साबित हो कि कार्यक्रम में हवन-शुद्धिकरण की प्रक्रिया मल्लिकार्जुन खरगे की जाति के कारण की गई थी। कहा यह कार्यक्रम न तो भाजपा का था और न ही सरकार का। आयोजन एक स्वतंत्र धार्मिक संगठन ने किया था। पूरे मामले में वाल्मीकि समाज से जुड़े अमित कुमार स्वयं कार्यक्रम में शामिल होने की बात कह रहे हैं और उन्होंने राहुल गांधी के बयान के विरुद्ध शिकायत भी दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने रुद्रपुर में बारावफात जुलूस के दौरान कथित मौलाना की ओर से दिए गए विवादित एवं सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने वाले बयान को लेकर भी कांग्रेस पर सवाल उठाए। उन्होंने कांग्रेस से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की। 

भाजपाइयों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका
बाजपुर में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के तत्वावधान में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका। सोमवार को भाजपा कार्यकर्ता रामलीला मैदान में एकत्र हुए। यहां से एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष यशपाल राजहंस की अगुवाई में कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में शहीद भगत सिंह चौक पर पहुंचे और प्रदर्शन कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कथित विवादित बयान देने और यूरिन की बोतलों की घटना से रामलीला कमेटी और गैर-राजनीतिक, धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों की भावनाएं आहत हुई। मंच पर हवन कर शुद्धिकरण किया गया। इसके बाद राहुल गांधी की ओर से इस विषय को जातिगत रंग देने का प्रयास किया जा रहा है। वहां मंडल अध्यक्ष टिंकू यादव, मंडल मंत्री स्तुति गुप्ता, मंडल अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा विनोद कुमार यादव, संदीप गुप्ता, संजीव चौहान, रामकिशन पासी, सूरज सागर, यशपाल सिंह, पारूल, हरीश खुल्लर आदि थे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed