इंडोनेशिया में बड़ा फेरी हादसा: 243 लोगों से भरा जहाज पलटा, 140 लोग अभी भी लापता; खोज और बचाव अभियान जारी
इंडोनेशिया में खराब मौसम के बीच जावा सागर में 243 लोगों को ले जा रही यात्री फेरी पलट गई। हादसे के बाद करीब 140 लोग लापता हैं। बचाव दल ने अब तक 102 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है और एक शव बरामद किया गया है। लापता लोगों की तलाश के लिए समुद्र में खोज एवं बचाव अभियान जारी है।
विस्तार
इंडोनेशिया में खराब मौसम के बीच एक यात्री फेरी के पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया। जावा सागर में रविवार को हुए इस हादसे के बाद करीब 140 यात्री और चालक दल के सदस्य लापता बताए जा रहे हैं। जहाज में 240 से अधिक लोग सवार थे। राहत और बचाव अभियान के दौरान अब तक 102 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि एक यात्री का शव बरामद हुआ है।
अधिकारियों के मुताबिक, फेरी पूर्वी जावा से दक्षिण कालीमंतन प्रांत की ओर जा रही थी। जहाज के कप्तान ने पहले समुद्र में खराब मौसम और करीब 10 फीट ऊंची लहरों की जानकारी दी थी। इसके बाद उन्होंने आपात संदेश भेजकर बताया कि जहाज एक तरफ झुक रहा है। कुछ देर बाद अधिकारियों को जहाज के पलटने की सूचना मिली।
दो घंटे बाद मिली हादसे की जानकारी
दक्षिण कालीमंतन के बंजारमासिन शहर की बचाव एजेंसी को रविवार तड़के करीब दो बजे विर्गो ट्रांसपोर्ट 8 से संपर्क टूटने की सूचना मिली। एजेंसी को यह जानकारी मिलने के करीब दो घंटे बाद हादसे की सूचना दी गई। जहाज इंडोनेशिया के दूसरे सबसे बड़े शहर सुरबाया से शनिवार सुबह 10:33 बजे रवाना हुआ था। इसे रविवार दोपहर करीब दो बजे बोर्नियो द्वीप के बंजारमासिन पहुंचना था। जापान में निर्मित विर्गो ट्रांसपोर्ट 8 को यात्रियों के साथ वाहनों के परिवहन के लिए भी डिजाइन किया गया था।
जहाज में 243 लोगों के सवार होने की जानकारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जहाज की अंतिम ज्ञात स्थिति जावा सागर में बंजारमासिन के एक घाट से करीब 148 किलोमीटर दूर थी। जहाज के मैनिफेस्ट के मुताबिक, इसमें कुल 243 लोग सवार थे। इनमें 213 यात्री और 30 चालक दल के सदस्य शामिल थे। हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि इंडोनेशिया में कई बार जहाज के मैनिफेस्ट में दर्ज यात्रियों की संख्या और वास्तविक संख्या में अंतर पाया जाता है।
बचाव अभियान में जुटे कई दल
खोज एवं बचाव कार्यालय के प्रमुख आई पुतु सुदायना के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद बचाव जहाज को फेरी की आखिरी ज्ञात स्थिति की ओर रवाना किया गया। बड़ी संख्या में लोगों के सवार होने को देखते हुए उपलब्ध संसाधनों और कर्मचारियों को अभियान में लगाया गया।
रविवार दोपहर तक बचाव दलों ने आसपास मौजूद टगबोट और अन्य जहाजों की मदद से 102 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया था। एक शव भी बरामद किया गया। अधिकारी क्षेत्र के मौसम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और समुद्री तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर अभियान चला रहे हैं। इंडोनेशिया 17 हजार से अधिक द्वीपों वाला देश है। यहां द्वीपों के बीच आवाजाही के लिए फेरी परिवहन का आम साधन हैं। हालांकि, समुद्री हादसे भी अक्सर सामने आते रहे हैं और कमजोर सुरक्षा व्यवस्था को कई बार इसकी वजह बताया जाता है।
हाल में कई फेरी हादसे
यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब क्षेत्र में हाल के दिनों में कई समुद्री दुर्घटनाएं हुई हैं। पिछले महीने इंडोनेशिया में बाली के पास खराब समुद्री परिस्थितियों के बीच एक फेरी में आग लग गई थी। हादसे में कम से कम 211 लोगों को बचाया गया था, जबकि एक व्यक्ति की मौत हुई और चार लोग लापता रहे थे। इसके दो सप्ताह से भी कम समय पहले जावा के पास मुतियारा सेंटोसा 2 नाम की एक अन्य फेरी में आग लगने से कम से कम पांच लोगों की मौत हुई थी। वहीं, रविवार के इस हादसे से महज चार दिन पहले फिलीपींस में एक यात्री फेरी में लगी भीषण आग में कम से कम 76 लोगों की मौत हो गई थी। 10 से अधिक लोग अब भी लापता बताए गए थे।