{"_id":"6ad94846307dee96660f6c65","slug":"us-midterm-elections-trump-linked-groups-spend-277-million-on-republican-campaigns-2026-10-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"अमेरिका मध्यावधि चुनाव: रिपब्लिकन उम्मीदवारों के प्रचार पर ₹26 हजार करोड़ खर्च; क्या बहुमत बचा पाएंगे ट्रंप?","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
अमेरिका मध्यावधि चुनाव: रिपब्लिकन उम्मीदवारों के प्रचार पर ₹26 हजार करोड़ खर्च; क्या बहुमत बचा पाएंगे ट्रंप?
Thu, 22 Oct 2026 04:51 AM IST
शिवम गर्ग
न्यूयॉर्क, एजेंसी
न्यूयॉर्क, एजेंसी
Published by: शिवम गर्ग
Updated Thu, 22 Oct 2026 04:51 AM IST
अमेरिका के मध्यावधि चुनाव से पहले डोनाल्ड ट्रंप से जुड़े राजनीतिक समूह रिपब्लिकन उम्मीदवारों के प्रचार पर भारी रकम खर्च कर रहे हैं। विज्ञापन अभियान और बड़े दानदाताओं से मिले चंदे के बीच क्या ट्रंप की पार्टी कांग्रेस में अपना बहुमत बचा पाएगी? आइए, जानते हैं...
विज्ञापन
डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति
- फोटो : Amar Ujala Graphics
विस्तार
अमेरिका में मध्यावधि चुनाव से पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रिपब्लिकन उम्मीदवारों की मदद के लिए बड़ा वित्तीय दांव चला है। ट्रंप के राजनीतिक अभियान से जुड़े समूहों ने सितंबर से अक्तूबर मध्य तक करीब 277 मिलियन डॉलर (26 हजार करोड़ रुपये) खर्च किए। ट्रंप की पार्टी इतनी भारी-भरकम राशि को खर्च करके कांग्रेस में अपना बहुमत बचाने की कोशिश कर रही है।
विज्ञापन
न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप की मुख्य सुपर पीएसी यानी चुनाव अभियान के समर्थन या विरोध में खर्च का जिम्मा संभालने वाली कमेटी मागा इंक ने 2024 में उनके दोबारा चुने जाने के बाद से करीब 473 मिलियन डॉलर जुटाए हैं। अब इस रकम का इस्तेमाल रिपब्लिकन उम्मीदवारों के चुनाव प्रचार में किया जा रहा है। भारी विज्ञापन खर्च से उम्मीदवारों को मतदाताओं तक पहुंचने और चुनावी मुकाबले में अपनी स्थिति मजबूत करने में मदद मिल सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप से जुड़े दो सुपर पीएसी नो गोइंग बैक पीएसी इंक और सेफ्टी एंड अफोर्डेबिलिटी पीएसी इंक को को 14 अक्तूबर तक मागा इंक से कुल 225 मिलियन डॉलर मिले थे। चुनावी वित्तपोषण से जुड़े दस्तावेज मंगलवार शाम जारी किए गए।
विज्ञापन
ट्रंप की लोकप्रियता घटी तो खर्च बढ़ाया
ट्रंप से जुड़े बाहरी राजनीतिक समूहों ने लेबर डे के आसपास 24 राज्यों में विज्ञापन अभियान शुरू किया था। इनमें सीनेट और प्रतिनिधि सभा के कई ऐसे चुनाव क्षेत्र शामिल हैं, जहां मुकाबला कड़ा है। कुछ परंपरागत रिपब्लिकन क्षेत्रों में भी डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों को चुनौती देने का मौका मिला है, क्योंकि ट्रंप की लोकप्रियता में गिरावट आई है।
विज्ञापन
14 अक्तूबर तक इन तीनों समूहों के पास करीब 181 मिलियन डॉलर उपलब्ध थे। विज्ञापन खर्च पर नजर रखने वाली कंपनी एडइंपैक्ट के अनुमान के मुताबिक, 15 अक्तूबर से चुनाव के दिन तक ये समूह करीब 99 मिलियन डॉलर के विज्ञापन प्रसारित करने वाले हैं। nइससे मिडटर्म चुनाव में ट्रंप के राजनीतिक अभियान से जुड़े समूहों का कुल खर्च 300 मिलियन डॉलर से ऊपर जा सकता है।
400 मिलियन डॉलर खर्च करने की तैयारी
ट्रंप ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि चुनाव के दिन तक वह 400 मिलियन डॉलर से अधिक खर्च कर चुके होंगे। उन्होंने दावा किया कि 300 मिलियन डॉलर से ज्यादा विज्ञापन, मतदाताओं से सीधे और अप्रत्यक्ष संपर्क, रैलियों, वोट डालने के लिए प्रेरित करने वाले अभियानों और चुनाव की निष्पक्षता से जुड़ी गतिविधियों पर खर्च हो चुके हैं। हालांकि, ट्रंप का यह कहना कि समूहों का पैसा उनका अपना है, कानूनी जांच का विषय रहा है।
बड़े कारोबारियों व दानदाताओं से मिला पैसा
मागा इंक के रिकॉर्ड की समीक्षा के मुताबिक, 2024 के चुनाव के बाद इसके प्रमुख दानदाताओं में क्रिप्टो कंपनी फोरिस डैक्स शामिल है, जो क्रिप्टो डॉट कॉम का संचालन करती है। विस्कॉन्सिन की अरबपति कारोबारी डियान हेंड्रिक्स और इस्राइल समर्थक बड़ी दानदाता मिरियम एडेलसन ने भी बड़ी रकम दी है। अन्य दानदाताओं में कुछ ऐसे लोग और कंपनियां भी शामिल हैं, जिनके कारोबारी हित ट्रंप प्रशासन के फैसलों से जुड़े हैं।