बिहार: पटना में 12 साल से चोरी कर रहा था शातिर, पत्नी-बेटे और ज्वेलर्स के साथ गिरफ्तार
पटना में 12 वर्षों से चोरी करने वाले शातिर दिनेश कुमार को पुलिस ने पत्नी, बेटे और चोरी के जेवर खरीदने वाले दुकानदार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 100 से अधिक घरों में चोरी स्वीकार की। भारी मात्रा में जेवर, नकदी और हथियार बरामद हुए।
विस्तार
पटना के शास्त्रीनगर थाने की पुलिस ने पिछले 12 वर्षों से राजधानी पटना के विभिन्न पॉश इलाकों में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर चोर को उसकी पत्नी, बेटे और चोरी के जेवर खरीदने वाले आभूषण विक्रेता के साथ गिरफ्तार किया है। मध्य पुलिस अधीक्षक चंद्र प्रकाश ने बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में इस संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया। पकड़े गए मुख्य आरोपी की पहचान खुशरूपुर थाना क्षेत्र के चक हुसैन निवासी दिनेश कुमार उर्फ विजय कुमार उर्फ लंगड़ा के रूप में हुई है। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने 100 से अधिक बंद और खुले घरों में चोरी करने का अपराध स्वीकार किया है।
पारिवारिक अपराध सिंडिकेट का पर्दाफाश
पुलिस की तफ्तीश में सामने आया कि चोरी के इस गोरखधंधे में दिनेश का पूरा परिवार सक्रिय रूप से शामिल था। दिनेश दिनदहाड़े अकेले ही सूने मकानों के ताले तोड़कर चंद मिनटों में सोने-चांदी के गहने और नकदी समेट लेता था। इसके बाद उसकी 43 वर्षीय पत्नी पूनम देवी चोरी के जेवर बाजार में बेचने का जिम्मा संभालती थी। वहीं उनका 20 वर्षीय बेटा आर्यन इशु चोरी के रुपये के लेनदेन और कमिशन का पूरा हिसाब-किताब रखता था। पुलिस ने तीनों को कंकड़बाग थाना क्षेत्र के 90 फीट रोड पर स्थित शिव शंकर प्रसाद के किराए के मकान से गिरफ्तार किया है।
केंद्रीय मंत्री के आवास में भी चोरी
भारी मात्रा में जेवर और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के ठिकाने और कंकड़बाग लोहिया नगर स्थित 'ओम अलंकार' ज्वेलर्स की दुकान में छापेमारी कर 493 ग्राम सोना तथा 1,700 ग्राम चांदी के जेवर जब्त किए हैं। बरामद सामान में सोने का एक बिस्किट, चांदी के तीन बिस्किट, सिक्के, कटोरी, चार चूड़ियां, 28 बिछिया, नौ जोड़ी पायल और एक ब्रेसलेट शामिल हैं। चोरी के जेवर खरीदने वाले दुकान संचालक योगेश कुमार को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा 1.29 लाख रुपये नकद, एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, 41 ग्राम स्मैक और पांच मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। आरोपी चोरी की रकम का इस्तेमाल सैर-सपाटे, जुआ खेलने और मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में करते थे। पुलिस अब इस परिवार द्वारा बनाई गई अवैध संपत्तियों का ब्योरा जुटाकर जब्ती की कानूनी कार्रवाई कर रही है।