बिहार: अब अस्पताल के चक्कर खत्म, घर बैठे मिनटों में बनाएं आभा आईडी; आधार से लिंक मोबाइल जरूरी
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत अब नागरिक घर बैठे मोबाइल या कंप्यूटर से कुछ ही मिनटों में आभा आईडी बना सकेंगे। बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति ने इसके लिए चरणबद्ध प्रक्रिया जारी की है।
विस्तार
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत अब आम लोगों को आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट यानी आभा आईडी बनवाने के लिए अस्पतालों या किसी केंद्र के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नागरिक अब अपने मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए घर बैठे महज कुछ मिनटों में आभा आईडी बना सकते हैं। बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति ने इसके लिए विस्तृत और चरणबद्ध दिशा-निर्देश जारी किए हैं। हालांकि, ऑनलाइन आभा आईडी बनाने के लिए आधार कार्ड और उससे जुड़ा सक्रिय मोबाइल नंबर होना अनिवार्य है।
समिति के अनुसार, आभा आईडी बनाने की प्रक्रिया के दौरान आधार सत्यापन के लिए संबंधित मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा जाता है। इस ओटीपी के प्रमाणीकरण के बाद ही डिजिटल आभा कार्ड जारी किया जा सकेगा। ऐसे में जिन लाभार्थियों का आधार मोबाइल नंबर से लिंक नहीं है, वे फिलहाल इस ऑनलाइन सुविधा का लाभ नहीं उठा सकेंगे।
मोबाइल ऐप से ऐसे बनाएं आभा आईडी
मोबाइल से आभा आईडी बनाने के लिए सबसे पहले गूगल प्ले स्टोर से आधिकारिक ‘आभा’ ऐप डाउनलोड कर इंस्टॉल करना होगा। ऐप खोलने के बाद ‘रजिस्टर’ पर जाकर ‘रजिस्टर नाउ’ विकल्प का चयन करना होगा। इसके बाद निर्धारित स्थान पर आधार कार्ड का विवरण दर्ज कर सहमति देनी होगी और ‘नेक्स्ट’ पर क्लिक करना होगा। अगले चरण में आधार से जुड़े पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ओटीपी प्राप्त होगा। इस ओटीपी को ऐप में दर्ज करते ही आभा आईडी सृजित हो जाएगी। आईडी बनने के बाद डिजिटल कार्ड को तुरंत डाउनलोड किया जा सकता है।
कंप्यूटर या पोर्टल से भी बना सकेंगे कार्ड
कंप्यूटर के जरिए आभा आईडी बनाने के लिए उपयोगकर्ताओं को आधिकारिक वेबसाइट abdm.gov.in पर जाना होगा। यहां ‘क्रिएट आभा नंबर’ विकल्प का चयन करना होगा। इसके बाद पहचान के माध्यम के रूप में ‘आधार’ का चयन कर मांगी गई जानकारी दर्ज करनी होगी। फिर कैप्चा भरकर सहमति देनी होगी। इसके बाद आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा। ओटीपी का सत्यापन होते ही डिजिटल आभा कार्ड तैयार होकर स्क्रीन पर दिखाई देगा। इसे डाउनलोड करने के साथ प्रिंट निकालकर या सुरक्षित डिजिटल रूप में भी रखा जा सकता है।
वीडियो ट्यूटोरियल से समझ सकेंगे पूरी प्रक्रिया
नागरिकों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य विभाग ने आभा आईडी बनाने की पूरी प्रक्रिया समझाने के लिए एक वीडियो ट्यूटोरियल का लिंक भी साझा किया है। इसके जरिए लोग चरणबद्ध तरीके से ऑनलाइन आभा आईडी बनाने की प्रक्रिया समझ सकते हैं।
बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन आभा आईडी बनाने के लिए आधार और मोबाइल नंबर का लिंक होना जरूरी है। जिन लाभार्थियों का आधार मोबाइल नंबर से लिंक नहीं है, वे इस सुविधा का ऑनलाइन इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। ऐसे में पहले आधार से मोबाइल नंबर लिंक कराना आवश्यक होगा।