{"_id":"6ad5997734d8b4a02a0f1966","slug":"man-challenges-another-driver-to-a-fight-but-one-look-changes-everything-2026-10-19","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"सड़क पर दिखा रहा था टशन, सामने आया 'खली' जैसा शख्स तो हवा हो गई सारी अकड़","category":{"title":"Bizarre News","title_hn":"हटके खबर","slug":"bizarre-news"}}
सड़क पर दिखा रहा था टशन, सामने आया 'खली' जैसा शख्स तो हवा हो गई सारी अकड़
Mon, 19 Oct 2026 09:59 AM IST
दीक्षा पाठक
फीचर डेस्क, अमर उजाला
फीचर डेस्क, अमर उजाला
Published by: दीक्षा पाठक
Updated Mon, 19 Oct 2026 09:59 AM IST
Viral Video: सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक शख्स दूसरी कार के ड्राइवर को लड़ाई के लिए ललकारता नजर आता है। लेकिन जब दूसरी कार से लंबा-चौड़ा शख्स बाहर निकलता है, तो उसके तेवर बदल जाते हैं। वीडियो देखकर लोग खूब मजे ले रहे हैं।
विज्ञापन
दूसरी कार वाले को पीटने के लिए उतरा बंदा
- फोटो : X @AmanKrGautamm
विस्तार
सड़क पर गाड़ी चलाते समय कई बार छोटी-छोटी बातों पर लोगों के बीच बहस शुरू हो जाती है। कोई हॉर्न बजाने पर नाराज हो जाता है तो कोई रास्ता देने को लेकर दूसरे से भिड़ने लगता है। गुस्से में लोग यह भी भूल जाते हैं कि उनकी एक गलती उन्हें भारी पड़ सकती है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो कुछ ऐसा ही नजारा दिखा रहा है। इसमें एक शख्स दूसरी कार के ड्राइवर से लड़ने के इरादे से उतरता है, लेकिन सामने वाले को देखकर उसका सारा जोश ठंडा पड़ जाता है। वीडियो को देखकर लोग खूब मजे ले रहे हैं।
विज्ञापन
टशन में कार से उतरा शख्स, दूसरे ड्राइवर को देने लगा चुनौती
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स अपनी सफेद कार से बाहर निकलता है। उसके हाव-भाव से साफ लगता है कि वह काफी गुस्से में है। वह सामने खड़ी दूसरी कार के ड्राइवर को बाहर आने का इशारा करता है। उसका अंदाज ऐसा है, जैसे वह सड़क पर ही मामला निपटाने के मूड में हो। वह जिस तरह से दूसरे ड्राइवर को ललकारता है, उसे देखकर लगता है कि उसे अपनी ताकत पर पूरा भरोसा है। हालांकि, उसे शायद अंदाजा नहीं था कि अगले ही पल उसके सामने ऐसा नजारा आने वाला है, जिससे उसका पूरा रवैया बदल जाएगा।
विज्ञापन
इसलिए कहते हैं कि हर किसी से नहीं उलझना चाहिए। 😂 https://t.co/DOcKiRWvyJ
— Aman Kumar Gautam (@AmanKrGautamm) October 17, 2026
विज्ञापन
दूसरी कार का दरवाजा खुला तो बदल गया पूरा नजारा
वीडियो में आगे दिखता है कि दूसरी कार का दरवाजा खुलता है और उसमें से एक बेहद लंबा-चौड़ा शख्स बाहर निकलता है। उसकी कद-काठी देखकर वह किसी महाबली से कम नहीं लगता। उसका शरीर इतना विशाल दिखाई देता है कि लड़ाई के लिए ललकारने वाला शख्स उसके सामने छोटा नजर आने लगता है। बस फिर क्या था, जो बंदा कुछ देर पहले तक पूरे टशन में दिखाई दे रहा था, उसके तेवर ही बदल जाते हैं। वीडियो का यह हिस्सा लोगों का ध्यान खींच रहा है। हालांकि, सिर्फ वीडियो देखकर दोनों के बीच हुई पूरी बातचीत या विवाद की वजह का पता नहीं चलता। साथ ही सामने आए शख्स को द ग्रेट खली बताने की भी पुष्टि नहीं है।
वीडियो देख लोग बोले- गुस्सा तो तुरंत शांत हो गया!
इस वीडियो को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग लड़ाई के लिए उतरे शख्स के बदले हुए अंदाज पर मजे ले रहे हैं, तो कुछ इसे सड़क पर बेवजह झगड़ा करने वालों के लिए सबक बता रहे हैं। वीडियो का मजेदार पहलू यही है कि दूसरे ड्राइवर को बाहर आने की चुनौती देने वाला शख्स सामने वाले की कद-काठी देखकर ही सहमा हुआ नजर आता है। वैसे, सड़क पर किसी से भी उलझना समझदारी नहीं है। गुस्से में लिया गया एक गलत फैसला छोटी-सी बहस को बड़े विवाद में बदल सकता है। ऐसे में बेहतर यही है कि सड़क पर धैर्य रखें और विवाद होने पर लड़ाई करने के बजाय शांतिपूर्वक मामला सुलझाने की कोशिश करें।