{"_id":"6ab9686be7a478ea8b0b842a","slug":"badnu-joshi-road-in-poor-condition-for-five-years-traffic-halted-for-two-days-vikas-nagar-news-c-5-1-drn1089-1076940-2026-09-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"Dehradun News: बडनु-जोशी मार्ग पांच साल से बदहाल, दो दिन से थमे पहिये","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Dehradun News: बडनु-जोशी मार्ग पांच साल से बदहाल, दो दिन से थमे पहिये
Mon, 28 Sep 2026 12:33 AM IST
देहरादून ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, देहरादून
संवाद न्यूज एजेंसी, देहरादून
Updated Mon, 28 Sep 2026 12:33 AM IST
विज्ञापन
जौनसार-बावर क्षेत्र में बडनु से जोशी गांव को जोड़ने वाला मोटर मार्ग ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। पांच साल से बदहाल इस 11 किलोमीटर लंबी सड़क पर पिछले दो दिनों की बारिश ने हालात इतने बिगाड़ दिए हैं कि जगह-जगह मलबा आने से आवाजाही पूरी तरह ठप है।पहिये थमने से ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर मीलों का सफर पैदल ही नापना पड़ रहा है। इस मार्ग पर दातनु, बडनु, समाया, भुगतार, कोफ्टी, बिजोऊ, जोशी गांव, कुल्हाड़ा और सुंदराया समेत कई गांवों की बड़ी आबादी निर्भर है। मौजूदा स्थिति यह है कि जोशी गांव से लेकर बिजोऊ और बडनु तक सड़क पर जगह-जगह बोल्डर और मिट्टी का ढेर लगा है। बारिश के कारण सड़क पर कई स्थानों पर गहरी खाइयां बन गई हैं। दोपहिया वाहन तो दूर, पैदल चलना भी दुश्वार हो गया है।खेतों में फंसी उपज, मंडी तक पहुंचना चुनौती : रास्ता बंद होने की सबसे बड़ी मार किसानों पर पड़ रही है। खेतों में तैयार नगदी फसलों को साहिया मंडी तक पहुंचाना चुनौती बन गया है। उपज खराब होने के डर से मजबूरी में किसानों को 25 किमी का अतिरिक्त और खर्चीला सफर तय कर अपनी फसलें विकासनगर मंडी ले जानी पड़ रही हैं। इससे किसानों पर ढुलाई का आर्थिक बोझ भी दोगुना हो गया है।
विज्ञापन