देहरादून: रेस्टोरेंट के बाहर विवाद के बाद वारदात, हज कमेटी के सदस्य ने युवक पर धारदार हथियार से किया हमला
युवक अपने दोस्त के साथ रेस्टोरेंट में खाना खाने के बाद बाहर निकल रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी एक बुजुर्ग से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बुजुर्ग ने जेब से चाकू निकालकर उत्सव के पेट में मार दिया।
विस्तार
उत्तराखंड सरकार लिखी कार में सवार एक करीब 75 वर्षीय बुजुर्ग ने आईटी पार्क के पास युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। खून से सने युवक को पुलिस ने आनन-फानन में कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया। हमले का आरोपी बुजुर्ग हज कमेटी का सदस्य बताया जा रहा है। घायल युवक उत्सव की पत्नी ने रायपुर थाने में तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार, उत्सव (33) अपने दोस्त के साथ आईटी पार्क स्थित अनुष्का रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था। खाने के बाद जब वह बाहर निकल रहा था, तभी उत्तराखंड सरकार लिखी कार में पहुंचा बुजुर्ग गाली गलौज कर हंगामा करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान बुजुर्ग ने धारदार हथियार निकालकर उत्सव के पेट पर वार कर दिया। हमले में उसके पेट पर कट का निशान आया और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
उत्तराखंड: मंत्री रेखा आर्या प्रकरण की जांच के लिए एसआईटी गठित, दस सदस्यीय टीम करेगी जांच
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उसका उपचार किया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल हथियार और विवाद की वजह को लेकर पुलिस जांच कर रही है। अभी तक की जांच में सामने आया है कि जिस चीज से युवक को चोट लगी है वाह चाबी का छल्ला है।
पत्नी ने पुलिस को दी तहरीर
घायल उत्सव की पत्नी प्रीति ने घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में विवाद के दौरान धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस आरोपी की भूमिका, घटनाक्रम और हमले के पीछे की वजह की पड़ताल कर रही है। मामले में पुलिस की जांच और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।