वायरल वीडियो: नोएडा में बोनट पर दो युवकों को लटकाकर दौड़ाई कार, सेक्टर-18 की सड़क पर बाल-बाल बचे लोग
वीडियो में दो युवक कार के बोनट पर लटके दिखाई दे रहे हैं, जबकि चालक गाड़ी रोकने के बजाय उसे तेजी से आगे बढ़ाता नजर आ रहा है।
विस्तार
नोएडा सेक्टर-18 मार्केट के सामने की व्यस्त सड़क पर विवाद के बाद एक कैब चालक के दो युवकों को कार के बोनट पर लटकाकर तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ाने का मामला सामने आया है। घटना का करीब आठ सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
रोकने के बजाय और तेज भगाई कार
वीडियो में दो युवक कार के बोनट पर लटके दिखाई दे रहे हैं, जबकि चालक गाड़ी रोकने के बजाय उसे तेजी से आगे बढ़ाता नजर आ रहा है। इस दौरान सड़क पर चल रहे अन्य वाहन भी इसकी चपेट में आने से बचते दिख रहे हैं।
पुलिस सीज की कार
पुलिस ने गाजियाबाद नंबर की कार को सीज कर दिया है। वायरल वीडियो में कार के बोनट पर लटके दोनों युवक खुद को संभालने की कोशिश करते दिखाई देते हैं। उनके आसपास से कई वाहन गुजर रहे हैं। अचानक हुए इस घटनाक्रम के कारण सड़क पर चल रहे वाहन चालकों की रफ्तार धीमी पड़ती नजर आती है। इससे कुछ देर के लिए जाम जैसी स्थिति बनती दिखाई दे रही है। इसके बावजूद कार चालक अन्य वाहनों के बीच से तेजी से निकलता हुआ आगे बढ़ जाता है।
सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटनाक्रम ने व्यस्त सड़क पर लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नोएडा पुलिस को टैग कर आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हालांकि, अभी तक विवाद की वजह और घटना के समय की परिस्थितियों की पुष्टि नहीं हुई है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.